Maharashtra Politics News : लोकसभा चुनाव के रिजल्ट में इस बार किसी भी पार्टी को पूर्ण बहुमत नहीं मिला है। कई राज्यों में भारतीय जनता पार्टी का प्रदर्शन खराब रहा। अब महाराष्ट्र में राजनीतिक उथलपुथल के कयास लगाए जा रहे हैं। उद्धव ठाकरे एवं एकनाथ शिंदे की शिवसेना और शरद पवार एवं अजित पवार की एनसीपी के बीच फिर भगदड़ के संकेत मिल रहे हैं।
शिंदे गुट की शिवसेना का दावा है कि उद्धव गुट के दो सांसदों ने सीएम एकनाथ शिंदे से संपर्क साधा है। वे महायुति में शामिल होना चाहते हैं। यह भी खबर आ रही है कि अजित गुट के कई नेता शरद गुट के संपर्क में हैं, जबकि अजित की एनसीपी ने भी यही दावा किया है कि शरद गुट के कई नेता महायुति सरकार को सपोर्ट करना चाहते हैं।
एनडीए में शामिल हो सकते हैं उद्धव ठाकरे
यह भी चर्चा चल रही थी कि उद्धव ठाकरे एनडीए में शामिल हो सकते हैं। इससे पहले उद्धव गुट ने दावा किया था कि उनके संपर्क में शिंदे गुट के 6 विधायक हैं। लोकसभा चुनाव में इस बार महाविकास अघाड़ी यानी उद्धव की सेना, कांग्रेस और शरद पवार की एनसीपी मजबूत हुई, जबकि भाजपा और अजित गुट को बड़ा झटका लगा है। ऐसे में इस साल होने विधानसभा चुनाव से पहले महाराष्ट्र में राजनीतिक उठापटक देखने को मिल सकते हैं।
शिवसेना (UBT) पर बीजेपी की नजर
महाराष्ट्र में महायुति यानी भाजपा, शिंदे गुट और अजित गुट का प्रदर्शन खराब रहा। ऐसे में अब भारतीय जनता पार्टी की नजर शिवसेना (UBT) पर है। यह भी कहा जा रहा है कि भाजपा हाईकमान ने उद्धव गुट के नेताओं से संपर्क साधा है, लेकिन उन्हें राज्य में देवेंद्र फडणवीस से समस्या है। इस बीच फडणवीस द्वारा इस्तीफे की पेशकश करना कहीं न कहीं राज्य की राजनीति में बड़े घटनाक्रम के संकेत दे रहे हैं।
शरद-अजित गुटों ने भी किया दावा
पिछले दिनों अजित पवार की बैठक में पांच विधायक और मंत्री नहीं पहुंचे थे। उनकी पार्टी के नेता धर्मराव बाबा आत्राम का दावा है कि उनके साथ एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के प्रदेशाध्यक्ष जयंत पाटिल आ सकते हैं। इस पर जयंत पाटिल ने कहा कि अजित गुट के नेता उनकी पार्टी में शामिल हो सकते हैं।