Ketan Agarwal Had Tattooed Siya Goyal’s Name: पुणे के लोहागढ़ किले में अपनी मौत से कुछ दिन पहले, रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल ने अपनी मंगेतर सिया गोयल के लिए बर्थडे का एक खास सरप्राइज़ प्लान किया था. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबक इस सरप्राइज के तहत केतन ने 19 जून 2026 को सिया के जन्मदिन से पहले अपनी पीठ पर ‘सिया’ के नाम का टैटू बनवाया था, जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर अब वायरल हो रही है.
केतन को किले से धक्का देने का आरोप
18 जून को केतन की मौत की जांच के दौरान टैटू की ये बात सामने आई थी. पुलिस ने अपनी चार्जशीट में आरोप लगाया है कि किले से उनका गिरना कोई हादसा नहीं था, बल्कि एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा था. पुणे रूरल पुलिस ने इस मामले में सिया गोयल, उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी और उनके दोस्त रितेश हिंगे को आरोपी बनाया और तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया.
5053 पन्नों की चार्जशीट के मुताबिक केतन और सिया 18 जून को सुबह करीब 9 बजे लोहागढ़ किले पहुंचे थे. पुलिस का आरोप है कि चेतन पहले से ही वहां मौजूद था और पहचान से बचने के लिए उसने भेष बदला हुआ था. जांचकर्ताओं का दावा है कि सिया केतन को किले के पश्चिमी हिस्से की तरफ खाई के पास और घेरेवाड़ी गांव की दिशा में ले गई. पुलिस का आरोप है कि इसके बाद चेतन ने केतन को पीछे से धक्का दिया, जबकि सिया ने उसके पैर पर लात मारी, जिससे उसका बैलेंस बिगड़ गया और वो खाई में गिर गया.
चश्मदीद को कथित तौर पर धमकाया गया
चार्जशीट और जांच में एक कथित चश्मदीद के बयान का भी ज़िक्र है, जिसने कथित तौर पर ये वारदात देखी थी. सूत्रों ने बताया कि चेतन की धमकी के बाद चश्मदीद शुरू में अधिकारियों के पास जाने से बहुत डरा हुआ था. बाद में जब केतन की मौत की खबरें सामने आने लगीं, तो उस शख्स ने पुलिस से संपर्क किया.चश्मदीद के बयान के मुताबिक चेतन ने उसे जो कुछ देखा था उसके बारे में बात न करने की चेतावनी दी थी और उसे भी किले से नीचे फेंकने की धमकी दी थी. पुलिस अब जांच के दौरान इकट्ठा किए गए दूसरे सबूतों के साथ-साथ चश्मदीद के बयान की भी जांच कर रही है.