Aaj Ki Taaza Khabar: अफगानिस्तान में एक ही दिन में दूसरी बार भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 4.5

Breaking News in Hindi: आज प्रधानमंत्री माेदी के 2 बड़े इवेंट थे, वहीं आज सुप्रीम कोर्ट में भी 2 बड़े केसों की सुनवाई हुई. आज राहुल गांधी का बालाघाट दौरा और योगी आदित्यनाथ का प्रयागराज दौरा रहा. आज से आंध्र प्रदेश में नई एक्साइज पॉलिसी लागू हुई है, वहीं आज से दिल्ली में बिना PUC के पेट्रोल-डीजल नहीं मिलेगा.

breaking news

Credit- News 24 GFX

Today Breaking News in Hindi: आज की प्रमुख खबर की बात करें तो आज प्रधानमंत्री मोदी की कैबिनेट के चिंतन शिविर का आखिरी दिन था. प्रधानमंत्री मोदी ने आज सुबह 11 बजे नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के शताब्दी समारोह में भाग लिया और सभा को संबोधित किया. वहीं आज सुप्रीम कोर्ट की विशेष बेंच ने OBC क्रीमी लेयर क्राइटेरिया पर केंद्र सरकार की याचिका पर सुनवाई की. TMC सांसद महुआ मोइत्रा की याचिका पर भी सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई है.

विज्ञापन

इधर, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आज बालाघाट में ‘संक्रामक बीमारी’ से जान गंवाने वाले बच्चों के परिजनों से मुलाकात की. उधर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज प्रयागराज के दौरे पर रहे. लखनऊ में आज भाजपा संगठन की बैठक हुई, जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, यूपी प्रभारी विनोद तावड़े, सभी सह-प्रभारियों समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए. वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच महानदी जल विवाद को सुलझाने के लिए उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की.

विज्ञापन

इधर TVK ने आज मदुरांतकम में सहयोगी दलों के नेताओं के साथ संयुक्त रैली की. उधर मुंबई एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का बड़ा हिस्सा आज नवी मुंबई एयरपोर्ट पर शिफ्ट हुआ. वहीं आंध्र प्रदेश में आज से नई एक्साइज शॉप पॉलिसी लागू हुई, जिससे शराब की दुकानों की व्यवस्था बदलेगी. इधर दिल्ली-NCR में आज से बिना वैध PUC और पुराने वाहनों को पेट्रोल पंप पर ईंधन नहीं मिलेगा. इसके अलावा आज देश-दुनिया से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबर और घटनाओं से जुड़े लाइव अपडेट्स के लिए बने रहें News 24 के साथ…

LIVE UPDATES

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: मैनपुरी में डिलिवरी के दौरान मां-बच्चे की मौत

यूपी के मैनपुरी जिले में डिलिवरी के दौरान महिला और उसके बच्चे की मौत हो गई. पति सचिन ने अस्पताल पर लगाया लापरवाही का आरोप लगाया है. एक साल पहले मृतका ललिता की शादी हुई थी, और वो थाना औंछा के कानिकपुर महलोई इलाके की निवासी थी. 30 सितंबर को उसे कुरावली इलाके के 'मां अंजनि हॉस्पिटल' में भर्ती कराया गया था.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: अफानिस्तान में भूकंप

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक रात 9:32 बजे अफगानिस्तान में 4.5 तीव्रता का भूकंप आया, गौरतलब है कि गुरुवार की सुबह को भी इस मुल्क में 5.3 तीव्रता का जलजला आया था.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: ममता का बीजेपी पर निशाना

TMC चीफ ममता ने भारतीय जनता पार्टी को चेतावनी देते हुए कहा, 'INDIA गठबंधन एकजुट है. इस बार BJP जाएगी; 2029 तक इंतजार करने की भी जरूरत नहीं है, आपको जल्द ही अच्छी खबर मिलेगी.'

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: स्मित मच्छर की सेहत के लिए प्रार्थनाएं

यूपी के वाराणसी समेत भारत के कई हिस्सों में फ्लाईदुबई के 'हीरो' कैप्टन स्मित मच्छर की सेहत और लंबी उम्र के लिए दुआएं मांगी जा रही है.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: अधीर रंजन का ममता को कांग्रेस में आने न्योता

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने ममता बनर्जी से अपील की कि वे अपने बचे हुए विधायकों और सांसदों के साथ कांग्रेस में वापस आ जाएं. उन्होंने कहा कि अगर ममता पार्टी की बंगाल यूनिट को लीड करती हैं, तो इसमें कोई आपत्ति नहीं होगी. चौधरी ने कांग्रेस आलाकमान से भी इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की अपील की. ​​साथ ही उन्होंने कहा कि 6 अक्टूबर 2026 को हुए नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव की तरह ही सहयोग दिखाते हुए, ममता को रेजीनगर में कांग्रेस उम्मीदवार का समर्थन करना चाहिए.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: सऊदी से एयरलिफ्ट हुए कैप्टन स्मित मच्छार,

फ्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मच्छार, जिन पर उड़ान के दौरान कॉकपिट में उनके को-पायलट ने चाकू से हमला किया था, उन्हें आगे के इलाज के लिए एयरलिफ्ट करके अबू धाबी ले जाया जा रहा है. अब उनका बेहतर इलाज यूएई में किया जाएगा. 

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: ममता का केंद्र सरकार पर हमला

पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'जब लोकसभा और राज्यसभा से 147 सांसदों को सस्पेंड किया गया, तो वो इम्युनिटी बिल लाए और उसे जबरदस्ती पास करा लिया.'

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: बालाघाट पहुंचकर राहुल ने साधा मध्य प्रदेश सरकार पर निशाना

मध्य प्रदेश के बालाघाट पहुंचकर लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, 'यहां कई बच्चों की मौत बीमारी और कुपोषण की वजह से हुई है. इसके अलावा सरकार को जो मदद देनी चाहिए, चाहे वो स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा या रोज़गार से जुड़ी हो, वो यहां बिल्कुल नहीं मिल रही है. ऐसा लगता है जैसे उन्हें भारत के बीचों-बीच अकेला छोड़ दिया गया हो, मानो उनके लिए न तो केंद्र सरकार है और न ही मध्य प्रदेश सरकार. उनकी जमीन, मनरेगा , वन अधिकार अधिनियम और ज़मीन के अधिकारों से जुड़े मुद्दे अभी भी अनसुलझे हैं; फिर भी कोई मदद नहीं मिल रही है. मैं सरकार से अपनी जिम्मेदारियां निभाने की अपील करता हूं. आपको इन लोगों को वे अस्पताल और स्कूल भी अवेलेबल कराने चाहिए जिनके वो हकदार हैं. मुझे नहीं पता कि आप किस दुनिया में जी रहे हैं.'

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: SIR पर कर्नाटक के CM का BJP पर निशाना

कर्नाटक के सीएम डीके शिवकुमार ने कहा, 'वोट देने और जीने के अधिकार के बारे में आपसे बात करना बहुत दुखद है. SIR मामले को लेकर पूरा देश हिल गया है. एक बड़ा गिरोह, जिसमें कुछ BJP नेता भी शामिल हैं, SIR प्रोसेस के ज़रिए आपके नाम हटाने की कोशिश कर रहा है. इसके लिए फॉर्म 7 का इस्तेमाल किया गया है. इस लिस्ट से पहले ही 50 लाख से ज़्यादा वोटर गायब हो चुके हैं और उनमें से कई को अपनी आपत्तियां दर्ज करानी हैं... खास तौर पर माइनॉरिटी, पिछड़े वर्ग, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समुदायों के वोटरों को निशाना बनाने के लिए बड़ी संख्या में फॉर्म 7 जमा किए जा रहे थे. मैंने पुलिस अधिकारियों, डिप्टी कमिश्नरों और राज्य चुनाव अधिकारी से डेटा मांगा है.'

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: कलकत्ता हाईकोर्ट से महुआ मोइत्रा को राहत

कलकत्ता हाई कोर्ट ने पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर की सांसद (MP) महुआ मोइत्रा को बड़ी राहत देते हुए उनकी सुरक्षा की अवधि बढ़ा दी है. उन्हें मिली अंतरिम सुरक्षा 29 जनवरी, 2027 तक लागू रहेगी.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: उत्तर प्रदेश में माफिया की स्थिति पर बोले योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज एक कार्यक्रम में कहा कि साल 2017 से पहले लोग ‘यूपी-वाला’ कहकर यहां के लोगों को रिजेक्ट कर देते थे. अगर सरकार में फैसले लेने का संकल्प न हो तो कानून-व्यवस्था को कैसे सुधारा जा सकता है? आज उत्तर प्रदेश की नई पहचान यहां के माफियाओं का पुलिस के सामने घुटने टेकना है.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: ओडिशा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी गोपालन ने मांगा VRS

ओडिशा के सीनियर IAS अधिकारी और मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. गोपालन ने राज्य सरकार से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति मांगी है और इसके लिए आवेदन भी कर दिया है. 21 सितंबर को ओडिशा में एसआईआर की प्रक्रिया पूरी होते ही उन्होंने पद छोड़ने का ऐलान कर दिया.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: प्रधानमंत्री मोदी के UPSC के 100 साल के सफर का जिक्र किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज का दिन न केवल यूपीएससी के 100 साल पूरे होने का उत्सव है, बल्कि एक विरासत का भी उत्सव है. यह उन आकांक्षाओं का उत्सव है, जिन्हें हर साल लाखों युवा साकार करते हैं. यह उस आस्था का उत्सव है,जो हर भारतीय इस संस्था में रखता है. 00 साल के सफर में पीढ़ियां बदलीं, सरकारें बदलीं और सिलेबस बदला, फिर भी यूपीएससी पर भरोसा पहले जैसा ही अटूट बना हुआ है.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: UPSC के शताब्दी समारोह में शामिल हुए PM मोदी

UPSC के 100 साल पूरे हो गए हैं और इस मौके पर आज 1 अक्टूबर को भारत मंडपम में शताब्दी समारोह हुआ, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी ने बतौर चीफ गेस्ट शिरकत की.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: UP के शाहजहांपुर में 2 साधुओं की हत्या

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में 2 साधुओं की हत्या करके शवों को जला दिया गया है. पुलिस ने मामले की जांच करके अवशेषों को कब्जे में ले लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: PM मोदी ने स्मित मच्छार के परिजनों से बात की

भारतीय प्रधानमंत्री मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार की पत्नी और माता-पिता से बात की. प्रधानमंत्री मोदी ने कैप्टन स्मित की बहादुरी की सराहना की, जिसने सैकड़ों लोगों की जान बचाई. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वे कैप्टन स्मित को हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: दिल्ली के चाणक्यपुरी में नर्सरी एडमिशन में फर्जीवाड़ा

दिल्ली के चाणक्यपुरी में जाने-माने स्कूल ने नर्सरी में एडमिशन में फर्जीवाड़ा सामने आया है. स्कूल में एडमिशन के लिए विकलांगता का नकली सर्टिफिकेट दिए जाने की शिकायत मिली है. पुलिस जांच में सर्टिफिकेट नकली मिला तो BNS की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली गई है.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: साउथ दिल्ली जिम ट्रेनर हत्याकांड में बड़ी गिरफ्तारी

साउथ दिल्ली के आया नगर इलाके में 14 सितंबर को जिम ट्रेनर विजय कुमार की हत्या हुई थी. इस मामले में अब बड़ी गिरफ्तारी हुई है. आरोपी दीपक को गिरफ्तार किया गया है, जिसने जिम ट्रेनर की हत्या में शामिल 2 शूटर्स को पनाह दी थी. हंसा चौक के पास बाइक सवार हमलावरों ने विजय कुमार को गोलियां मारी थीं, जिसमें घायल होने पर ज्यादा खून बहने से उनकी मौत हो गई थी.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: मोदी कैबिनेट के 'चिंतन शिविर' का आज आखिरी दिन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली स्थित सेवा तीर्थ (PMO) में 'चिंतन शिविर' की अध्यक्षता कर रहे हैं, जिसमें वे अपनी कैबिनेट की वर्क रिपोर्ट का रिव्यू कर रहे हैं. इस चिंतन शिविर का मकसद 'विकसित भारत 2047' के विजन को आगे बढ़ाना है. केंद्रीय मंत्रियों के कामकाज और सरकारी कामकाज की समीक्षा करना है. यह चिंतन शिविर 2 चरण हुआ है, जिसके तहत पहले फेज का चिंतन शिविर 23 और 24 सितंबर 2026 को लगा था और दूसरा फेज 30 सितंबर से शुरू हुआ, जिसका आज 1 अक्टूबर 2026 को दूसरा दिन है.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Khushbu Goyal

Khushbu Goyal

खुशबू गोयल News24 हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वेब जर्नलिज्म में 13 साल का अनुभव रखने वाली खुशबू गोयल राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और राज्यस्तरीय न्यूज और चुनावी कवरेज करती हैं. खुशबू गोयल ने अक्टूबर 2013 में अमर उजाला डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत की थी, जहां 7 साल सेवाएं देने के बाद साल नवंबर 2020 में दैनिक भास्कर डिजिटल जॉइन किया और सितंबर 2023 से News24 के डिजिटल में सेवाएं दे रही हैं. 13 साल के करियर में खुशबू गोयल ने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिकल, क्राइम टॉपिक कवर करने में विशेषज्ञता हासिल की. खुशबू गोयल का पत्रकारिता में अनुभव: 13 साल योग्यता: कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के IMC&MT इंस्टीट्यूट से मास्टर ऑफ कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म (MJ) के बाद जर्नलिज्म में MPhil की डिग्री ली. खुशबू गोयल ने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव की विस्तृत रिपोर्टिंग की है, जिसमें उन्हें ग्राउंड कवरेज करने का भी अनुभव है. इसके अलावा पिछले 13 साल में विभिन्न राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव को भी उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग के साथ कवर किया.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ