Maharashtra FDA: महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने त्योहारों के मौसम से पहले की गई जांच के दौरान 30 खाने-पीने की जगहों के खिलाफ कार्रवाई की है. अधिकारियों ने पूरे राज्य में तकरीबन 1.19 करोड़ रुपये कीमत के 50600 किलोग्राम से ज्यादा फूड प्रोडक्ट्स भी जब्त किए.
साफ-सफाई के का गंभीर उल्लंघन
23 से 27 सितंबर 2026 के बीच की गई इन जांचों में मुंबई, कोंकण, पुणे और छत्रपति संभाजीनगर डिवीजन शामिल थे. फूड सेफ्टी, साफ-सफाई और लाइसेंसिंग नियमों के कथित उल्लंघन के कारण 30 फूड एस्टेब्लिशमेंट के लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट सस्पेंड कर दिए गए. मुंबई में अधिकारियों ने कई जगहों पर साफ-सफाई को लेकर गंभीर चिंताएं जताईं, जिनमें 120 साल से ज्यादा पुरानी ‘क्यानी एंड कंपनी’ और ‘रॉयल चाइना’ शामिल हैं.
‘क्यानी एंड कंपनी’ में इंस्पेक्टर्स को खाना बनाने और स्टोर करने की जगहों पर बिल्लियां, चूहों की बीट, जिंदा मक्खियां और मरे हुए कॉकरोच मिले. FDA ने ये भी कहा कि रेफ्रिजरेटर के अंदर खून जमा हुआ था और प्रोसेसिंग एरिया में सीवेज का एक खुला मैनहोल था.
‘कोलाबा स्वीट मार्ट’ में, इंस्पेक्टर्स को कॉकरोच, छिपकलियां, मक्खियाँ और लार्वा मिले. अधिकारियों ने पेस्ट-कंट्रोल (कीड़े-मकोड़ों की रोकथाम) के लिए सही इंतजाम न होने, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस रिकॉर्ड न होने और सुरक्षा उपकरण न होने की बात भी कही. साफ-सफाई के नियमों के कथित उल्लंघन के कारण धारावी में ‘अरुण विलास फरसान’ और परेल में ‘रुचि वेज रेस्टोरेंट’ के लाइसेंस भी सस्पेंड कर दिए गए.
इन एस्टेब्लिशमेंट पर भी कार्रवाई
विले पार्ले में ‘डैफोडिल्स फास्ट फूड इन’ में रेफ्रिजरेशन के गंदे इक्विपमेंट, तापमान दिखाने वाले खराब डिस्प्ले और कर्मचारियों के सामान के साथ खाना रखा हुआ पाया गया. लोअर परेल में सबवे आउटलेट चलाने वाली ‘एवरसब इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ का लाइसेंस तब सस्पेंड कर दिया गया जब अधिकारियों को खराब रेफ्रिजरेटर, बदबू, फफूंद जैसी परत और जिंदा कॉकरोच मिले. FDA ने ‘रॉयल चाइना’, ‘QSR ब्रांड्स इंडिया’, ‘टिफिन’ और ‘यूनाइटेड बेकरी एंड स्टोर्स’ समेत कई एस्टेब्लिशमेंट के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की.
1.19 करोड़ रुपये का खाना जब्त
अलग-अलग डिवीजन में, अधिकारियों ने पनीर, खोया, घी, मिठाइयां, तेल, मसाले, ड्राई फ्रूट्स और डेयरी प्रोडक्ट्स जैसी खाने की चीजें जब्त कीं. अधिकारियों ने कहा कि जब्त किए गए कुछ प्रोडक्ट्स में मिलावट, खराब क्वालिटी, असुरक्षित होने या गलत लेबलिंग का शक था.
FDA ने बैन हो चुके फूड प्रोडक्ट्स के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी दी, जिसमें 30.63 लाख रुपये के वैल्यू के प्रोडक्ट्स की जब्ती, 22 FIR और 30 गिरफ्तारियां शामिल हैं. 3 एस्टेब्लिशमेंट को सील किया गया और 14.80 लाख रुपये वैल्यू के 3 व्हीकल्स को जब्त किया गया. FDA कमिश्नर तुकाराम मुंडे ने कहा कि एक्सपायर्ड, मिलावटी या अनहाइजिनिक तरीके से तैयार खाद्य पदार्थों का कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.