त्योहारी सीजन में बाहर खाना खाने वालों के लिए मुंबई से एक बेहद घिनौना और डराने वाला मामला सामने आया है. बोरीवली वेस्ट के मशहूर राधाकृष्ण होटल में एक ग्राहक को परोसे गए मैसूर मसाला डोसे के अंदर से मरा हुआ चूहा निकला. डोसे में चूहा देखते ही ग्राहक की तबीयत बिगड़ गई और वह मौके पर ही उल्टियां करने लगा. मामले की शिकायत मिलते ही खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के प्रमुख तुकाराम मुंढे की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल का लाइसेंस तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है.
गरमा गरम डोसे में दबा था मरा हुआ चूहा
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित अमित त्रिवेदी अपने दो भाइयों और बेटे के साथ साउथ इंडियन खाना खाने राधाकृष्ण होटल पहुंचे थे. उन्होंने अपने लिए मैसूर मसाला डोसा ऑर्डर किया. टेबल पर गरमा गरम डोसा आने के बाद जैसे ही ग्राहक ने उसके कुछ निवाले खाए तो उसे डोसे के अंदर कुछ अजीब दिखा. गौर से देखने पर पता चला कि डोसे के बीच में एक छोटा मरा हुआ चूहा दबा हुआ था. देखते ही परिवार सन्न रह गया. अनजाने में दूषित खाना पेट में जाने के अहसास से पीड़ित ग्राहक को घबराहट होने लगी और वह वहीं उल्टियां करने लगा. अमित त्रिवेदी ने तुरंत बोरीवली पुलिस से संपर्क कर घटना की जानकारी दी.
बोरीवली पुलिस स्टेशन की सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर पुष्पलता मांडले ने बताया कि शिकायत को आगे की कार्रवाई के लिए एफडीए (FDA) को भेजा गया. इसके बाद FDA अधिकारियों ने होटल पर एक्शन लेते हुए उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया. मामले में आगे की जांच जारी है.
तुकाराम मुंढे का मिलावटखोरों पर सख्त एक्शन
महाराष्ट्र एफडीए प्रमुख आईएएस तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में इन दिनों पूरे राज्य में ‘सेफ फूड, सेफ महाराष्ट्र’ के तहत बड़ा अभियान चलाया जा रहा है. हाल ही में टीम ने मुंबई के 120 साल पुराने मशहूर ‘क्यानी एंड कंपनी’ कैफे का भी लाइसेंस रद्द किया था, जहां किचन में भारी गंदगी, चूहे की लीद और कॉकरोच मिले थे. अभियान के तहत एफडीए अब तक करोड़ों रुपये का दूषित व मिलावटी सामान जब्त कर चुका है और मुंबई समेत राज्यभर के 30 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड किए जा चुके हैं.