वीरेंद्र सिंह को बनाया गया CLP का नेता
राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी की बेटी मोना अब अजय राय की जगह लेंगी, जो अगस्त 2023 से उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष थे.
कांग्रेस ने अपने बयान में अजय राय के योगदान की सराहना भी की. पार्टी ने चौधरी वीरेंद्र सिंह को उत्तर प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल (CLP) का नेता भी नियुक्त किया. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तत्काल प्रभाव से उत्तर प्रदेश में CLP नेता के तौर पर वीरेंद्र सिंह की नियुक्ति को भी मंजूरी दे दी. अब तक मोना CLP नेता थीं. वहीं, देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (UPCC) का वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने UPCC के अध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष और वरिष्ठ उपाध्यक्षों की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से कर दी है.
पंजाब में भी बड़ा फेरबदल
अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस ने शुक्रवार को परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया. ये नियुक्ति पार्टी आलाकमान ने अगले साल की शुरुआत में राज्य में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले की है. पिछले कुछ दिनों में भूपेश बघेल की जगह सचिन पायलट को कांग्रेस का प्रभारी बनाया गया है. हाल ही में वडिंग ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से मुलाकात की और अपना इस्तीफा सौंप दिया. चुनाव से पहले पंजाब इकाई में अंदरूनी कलह की वजह से ये बदलाव जरूरी हो गया था, क्योंकि पार्टी नेतृत्व का एक हिस्सा वडिंग के अध्यक्ष बने रहने से खुश नहीं था.
हॉकी टीम के कप्तान रहे हैं परगट सिंह
परगट सिंह भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान हैं, जिन्होंने 1992 और 1996 के ओलंपिक में टीम का नेतृत्व किया था. परगट ने शिरोमणि अकाली दल के साथ राजनीति में एंट्री ली. 2016 में अकाली दल ने उन्हें पार्टी से सस्पेंड कर दिया था. जिसके बाद वो कुछ वक्त तक नवजोत सिंह सिद्धू और बाकी नेताओं के साथ आवाज-ए-पंजाब फ्रंट का हिस्सा रहे और फिर कांग्रेस का दामन थाम लिया. 2017 में परगट सिंह ने जालंधर कैंटोनमेंट विधानसभा सीट से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव जीता और विधायक बने. 2022 में वो फिर से इसी सीट से विधायक चुने गए.