कनॉट प्लेस की ओर नहीं जा पाएंगे वाहन
शाम 7 बजे के बाद कनॉट प्लेस की तरफ जाने वाले कई रास्तों पर वाहनों की एंट्री बंद रहेगी. मिंटो रोड, मंडी हाउस, बंगाली मार्केट, गोल मार्केट, कस्तूरबा गांधी मार्ग, फिरोजशाह रोड, जय सिंह रोड समेत कई प्रमुख रास्तों से सीपी की ओर जाना बैन रहेगा. कनॉट प्लेस के इनर, मिडिल और आउटर सर्कल में बिना वैलिड पास के किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी.
पार्किंग की सीमित व्यवस्था
कनॉट प्लेस के आसपास कुछ तय जगहों पर ही पार्किंग की अनुमति होगी. इनमें गोल डाकखाना, गोल मार्केट, पंचकुइयां रोड, केजी मार्ग, विंडसर प्लेस, जंतर-मंतर रोड और रायसीना रोड के पास की जगहें शामिल हैं. पार्किंग ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगी. गलत तरीके से खड़े वाहनों को टो कर लिया जाएगा.
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले ध्यान दें
दक्षिण दिल्ली से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री रानी झांसी रोड, मंदिर मार्ग, देशबंधु गुप्ता रोड जैसे वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें. कनॉट प्लेस से चेल्म्सफोर्ड रोड की एंट्री बंद रहेगी. वहीं, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर इस व्यवस्था का कोई असर नहीं पड़ेगा. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से उत्तर-दक्षिण और पूर्व-पश्चिम की यात्रा के लिए रिंग रोड, मथुरा रोड, भैरो रोड, मदर टेरेसा क्रिसेंट जैसे रास्ते अपनाने की अपील की है.
इंडिया गेट पर भी पाबंदियां
न्यू ईयर ईव पर इंडिया गेट के आसपास भी ट्रैफिक कंट्रोल रहेगा. भीड़ बढ़ने पर सी-हेक्सागन और इंडिया गेट की ओर वाहनों को जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी और ट्रैफिक को बाकी रास्तों पर डायवर्ट किया जाएगा. यहां पार्किंग की भी भारी कमी रहेगी, इसलिए लोगों को पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बेवजह इन इलाकों में जाने से बचें, ज्यादा से ज्यादा मेट्रो और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें. किसी भी जानकारी के लिए ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल पर अपडेट देखते रहें.