गुजरात के सूरत में दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है. पति-पत्नी ने मिलकर परिवार के 3 सदस्यों की हत्या कर दी और तीनों के शवों को ठिकाने लगा दिया. वारदात साल 2022 में अंजाम दी गई थी, जिसका खुलासा अब अक्टूबर 2026 में हुआ. वारदात का खुलासा भी पति-पत्नी की आपसी लड़ाई के चलते हुआ, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर लिया. वहीं तीनों मृतकों के कंकाल भी बरामद कर लिए. आरोपी पति ने आपसी लड़ाई के बाद तीनों हत्याओं के मामले में अपनी पत्नी और उसके भाई को फंसाने की कोशिश की तो उन्होंने पुलिस के सामने वारदात का खुलासा कर दिया.
मां-बहन और पत्नी की नानी को मौत के घाट उतारा
पुलिस के अनुसार, आरोपी दंपति ने अपने ही परिवार की 3 महिला सदस्यों की हत्या की, जिसमें पति की मां और पत्नी की बहन-मां शामिल हैं. मां और पत्नी की बहन के शवों को घर में ही जमीन में दफना दिया. वहीं पत्नी की नानी की हत्या करके शव को ड्रम में भरकर सीमेंट से चुनवा दिया. तीनों हत्याएं दोनों ने मिलकर की थीं, लेकिन अब किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ, जिसकी शिकायत पति ने पुलिस को दी, जिसमें उसने पत्नी के हत्यारोपी होने का दावा किया. पुलिस ने पत्नी से पूछताछ की तो तीनों हत्याओं का मामला खुलकर सामने आ गया. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तीनों महिलाओं के शवों के कंकाल बरामद कर लिए.
आरोपियों ने कब-कब और कैसे अंजाम दी वारदात?
पुलिस के अनुसार, आरोपी दंपति ने सबसे पहले 25 फरवरी 2022 को पत्नी की बहन को मौत के घाट उतारा था, क्योंकि वह टीबी की बीमारी से पीड़ित थी. दोनों ने उसकी हत्या तकिए से मुंह दबाकर की और शव को घर में ही दफना दिया. दूसरी हत्या 19 जुलाई 2022 को तकिए से मुंह दबाकर पति की मां की की, क्योंकि वह पैरालाइज्ड थी. 7 अक्टूबर 2022 को दोनों ने मिलकर पत्नी की नानी को तकिए से मुंह दबाकर मौत के घाट उतार दिया और शव को ड्रम में डालकर ऊपर से सीमेंट का घोल भर दिया. 4 साल बाद आरोपी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ तो हत्याकांड का खुलासा हुआ. लेकिन पुलिस को असली वजह का पता लगाना है.
पति की पत्नी और उसके भाई को फंसाने की साजिश
पुलिस के अनुसार, आरोपी का नाम माधवदास साधु और उर्मिला के रूप में हुई. विवाद के चलते माधवदास ने पुलिस को शिकायत दी कि उसकी पत्नी उर्मिला ने भाई के साथ मिलकर अपनी नानी की हत्या की है. मृतका की उम्र 85 साल थी और उनका नाम शांता वसावा था. दोनों ने शांता को मारकर उनके शव को दफना दिया. पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी उर्मिला और उसके भाई को गिरफ्तार किया तो पूछताछ में उर्मिला ने हत्या की वारदात कबूली और अन्य 2 हत्याओं के बारे में भी बताया. इसके बाद पुलिस ने आरोपी माधवदास को भी गिरफ्तार किया और दोनों की निशानदेही पर शव बरामद किए, लेकिन उर्मिला के भाई के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला.