Ghaziabad News: गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में साइबर अपराधियों ने एक व्यक्ति को फोन करके उनके पटना स्थित फ्लैट का मीटर सक्रिय करने के नाम पर 2.47 लाख रुपए की ठगी कर ली। आरोपी ने खुद को पटना में विद्युत विभाग का अधिकारी बताया। उसके बाद मोबाइल में एप डाउनलोड कराके मोबाइल हैक कर लिया और ठगी की घटना को अंजाम दिया। धोखाधड़ी के बाद पीड़ित ने घटना की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई है।
खुद को बताया पटना बिजली बोर्ड में अधिकारी
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित वैभव खंड में राजीव सिन्हा अपने परिवार के साथ रहते हैं। बताया गया है कि राजीव सिन्हा के बिहार की राजधानी पटना में तीन फ्लैट है। कुछ समय पहले ही उन तीनों फ्लैट पर उन्होंने बिजली मीटर लगवाए थे। पीड़ित राजीव सिन्हा ने पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि कुछ दिनों पहले उनके पास मोबाइल पर एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को बिहार बिजली विभाग का अधिकारी बताया और उनके फ्लैट पर लगे मीटर को सक्रिय करने की बात कही।
मोबाइल हैक कर किए 2.47 लाख रुपए ट्रांसफर
इसके बाद आरोपी उन्हें अपनी बातों के जाल में फंसने के लिए काफी देर तक व्हाट्सएप कॉल पर बात करता रहा। इस दौरान आरोपी ने उनसे दो मोबाइल एप भी फोन में डाउनलोड काराए। आरोप है कि मोबाइल एप डाउनलोड करने के बाद आरोपी ने उनके फोन को हैक कर लिया और उनके बैंक खाते से 2.47 लाख रुपए ट्रांसफर कर लिए। रुपए ट्रांसफर होने के बाद उन्हें अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।