Nashik Kumbh Mela 2027: सिंहस्थ कुंभ मेले को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति गरमा हुई है। नासिक में एक और जहां राज्य सरकार ने तैयारियों की घोषणा कर दी है। वहीं दूसरी ओर शिवसेना (उद्धव गुट) ने आरोपों की बौछार कर दी है। राज्यसभा सांसद संजय राउत ने सीधे तौर पर सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि कुंभ महाराष्ट्र में हो रहा है, लेकिन सारा पैसा और ठेके गुजरात के ठेकेदारों को दिए जा रहे हैं। राउत के मुताबिक, नासिक की जनता के पैसों से गुजरात के व्यापारियों की जेबें भरी जाएंगी और स्थानीय लोगों को कुछ भी नहीं मिलेगा।
फडणवीस का मेगा प्रोजेक्ट का बड़ा ऐलान
दरअसल, रविवार के दिन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नासिक पहुंचकर कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर एक बड़ी बैठक की। इसमें 13 अखाड़ों के प्रमुख प्रतिनिधि और संत, कैबिनेट मंत्री और आला अफसर मौजूद थे। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए फडणवीस ने कहा कि कुंभ के लिए करीब 4000 से 4500 करोड़ की लागत से नासिक में इन्फ्रास्ट्रक्चर को नया रूप दिया जाएगा, जिसमें रोड, पानी, टॉयलेट, सेफ्टी और अन्य जरूरी व्यवस्था शामिल होंगी। सिर्फ इतना ही नहीं 2000 करोड़ के अलावा प्रोजेक्ट्स भी पाइपलाइन में हैं। इसके लिए टेंडर प्रोसेस शुरू हो चुका है, लेकिन यहीं से शुरू सियासत होती है।
यह कुंभ है या गुजरात को गिफ्ट- संजय राउत
राउत ने तीखा तंज कसते हुए कहा कि कुंभ मेले के नाम पर सारा काम गुजरात में केंद्रित हो रहा है। महाराष्ट्र को कुछ नहीं मिलेगा। यहां के पैसों का इस्तेमाल बाहरी ठेकेदारों के लिए किया जा रहा है। हमारे साधु-संत केवल भजन करने आएंगे और भजन कर के चले जाएंगे। उनका आरोप है कि कुंभ की आड़ में राज्य सरकार ‘ठेका राजनीति’ खेल रही है। कुंभ मेला हमेशा से केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि राजनीतिक ताकत दिखाने का मंच भी रहा है। इस बार भी कुछ अलग नहीं दिख रहा है। सरकार एक ओर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की बात कर रही है, तो दूसरी ओर विपक्ष “गुजरात प्रेम” पर सवाल उठा रहा है।