राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के औपचारिक समापन के बीच अब डिनर मेन्यू को लेकर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सम्मेलन के गाला डिनर में केवल शाकाहारी भोजन परोसे जाने पर केंद्र सरकार पर तंज कसा है. राहुल गांधी ने दावा किया कि देश की 80 प्रतिशत आबादी मांसाहारी यानी नॉन-वेजिटेरियन है.

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "रिकॉर्ड के लिए बता दूं: 80% भारतीय नॉन-वेजिटेरियन हैं. भारतीय नॉन-वेज खाना बेहद लजीज होता है. ठीक वैसे ही, जैसे मेरी बहन के हाथ के छोले-भटूरे." इसके साथ उन्होंने छोले-भटूरे की एक तस्वीर भी साझा की. हालांकि, राहुल गांधी ने अपने 80 फीसदी वाले आंकड़े का कोई आधिकारिक स्रोत नहीं बताया.

---विज्ञापन---

क्या था ब्रिक्स डिनर का मेन्यू?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स देशों के राष्ट्राध्यक्षों और विदेशी प्रतिनिधियों के लिए पूरी तरह शाकाहारी गाला डिनर की मेजबानी की थी. इस डिनर मेन्यू में भारतीय खानपान और 'श्री अन्न' को प्रमुखता से पेश किया गया था. खाने में खांडवी, पनीर लबाबदार, गुच्छी मार्मिक, मिलेट पुलाव, मशरूम गलौटी और जलेबी जैसे पारंपरिक व्यंजन शामिल थे. सरकार की कोशिश विदेशी मेहमानों को भारत की समृद्ध खानपान परंपरा और सस्टेनेबल फूड से रूबरू कराने की थी.

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

सरकार का मकसद विदेशी नेताओं के सामने भारत के पारंपरिक, पौष्टिक और सस्टेनेबल खानपान को प्रस्तुत करना था. वहीं, राहुल गांधी के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है. कुछ लोग भारतीय खानपान में नॉन-वेज की विविधता का जिक्र कर रहे हैं तो वहीं कई लोग अंतरराष्ट्रीय मंच पर पारंपरिक शाकाहारी और मिलेट आधारित व्यंजनों को बढ़ावा देने के कदम की सराहना कर रहे हैं.

---विज्ञापन---

मलेशियाई PM से मिले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी

ब्रिक्स समिट में शामिल होने दिल्ली पहुंचे मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से ब्रेकफास्ट पर मुलाकात की है. दोनों पक्षों के बीच वैश्विक घटनाक्रम और भारत-मलेशिया संबंधों को लेकर अहम बातचीत हुई. मुलाकात के बाद मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट साझा करते हुए राहुल गांधी को अपना 'अच्छा दोस्त' बताया. उन्होंने लिखा, "आज सुबह नाश्ते पर भारतीय संसद में नेता प्रतिपक्ष और अपने अच्छे दोस्त राहुल गांधी से दोबारा मिलने का अवसर मिला. इस संक्षिप्त मुलाकात के दौरान हमें ताजा अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर अपने विचार साझा करने का मौका मिला.'

---विज्ञापन---