हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: CJP ProtestGyanesh KumarSIRBigg Boss 20

US-Israel Iran War LIVE Updates: अबू धाबी में ताजा धमाके, ईरानी ड्रोन और मिसाइलों का जवाब दे रहा UAE

Middle East War LIVE Updates: ईरान के साथ इजरायल और अमेरिका की जंग को 9 दिन हो गए हैं। वहीं यह जंग अभी कई महीने चल सकती है और जंग में 2 या 3 नहीं बल्कि करीब 15 देशों को नुकसान उठाना पड़ेगा। 10 देशों में तो भीषण तबाही मच रही है।

विज्ञापन
Credit- News 24 GFX

Live Updates

00:07 (IST) 09 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: हम कभी हार नहीं मानते- ईरानी नेता

ईरानी नेता ने कहा कि जब पिछले साल जून में इजरायल ने हम पर हमले शुरू किए थे, तब भी अमेरिकी राष्ट्रपति Trump ने 'बिना शर्त आत्मसमर्पण' का वही नारा दिया था जो आज दे रहे हैं. लेकिन ऐसा कुछ हुआ नहीं. हमने डटकर मुकाबला किया और 12 दिनों बाद इजरायलियों को बिना शर्त युद्धविराम की गुहार लगानी पड़ी. हम कभी हार नहीं मानते. हम कभी आत्मसमर्पण नहीं करते. हम अपना प्रतिरोध जारी रखेंगे और अपनी और अपने क्षेत्र की रक्षा करते रहेंगे.

20:54 (IST) 08 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: इजरायल ने तेल भंडारण सुविधाओं पर किए हमले

रविवार को इजरायल ने दक्षिणी लेबनान, बेरूत तथा तेहरान में तेल भंडारण इकाइयों को निशाना बनाते हुए हवाई हमले किए, जिससे मध्य पूर्व का संघर्ष और तेज हो गया. प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि युद्ध का अगला चरण "कई आश्चर्यों" से भरा होगा.

20:51 (IST) 08 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: आत्मरक्षा के लिए किए अमेरिकी ठिकानों पर हमले

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने मध्य पूर्व में अमेरिकी ठिकानों पर तेहरान के हमलों को "आत्मरक्षा का कानूनी कार्य" करार दिया. एनबीसी न्यूज को दिए साक्षात्कार में उन्होंने इसे अमेरिका व इजरायल द्वारा थोपी गई जंग का जवाब बताया.

अराघची ने स्पष्ट शब्दों में कहा, "यह हमारा चुना हुआ युद्ध नहीं है. यह अमेरिका और इजरायल ने हम पर थोपा है." उन्होंने संघर्ष को "अकारण, अनुचित और अवैध" ठहराया. ईरान के प्रतिशोधी सैन्य कदम पड़ोसी देशों सहित क्षेत्र भर में अमेरिकी अड्डों, प्रतिष्ठानों व संपत्तियों पर केंद्रित रहे.

19:51 (IST) 08 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: ईरान ने अमेरिका-इजरायल पर लगाया रासायनिक युद्ध का आरोप

अमेरिका और इज़राइल द्वारा ईरान के खिलाफ ऊर्जा ढांचे पर हमलों को Iran ने आपराधिक करार देते हुए कहा कि युद्ध एक खतरनाक चरण में प्रवेश कर गया है क्योंकि ईंधन भंडारण सुविधाओं पर हमला Iran के लोगों पर रासायनिक युद्ध के समान हैं.

19:30 (IST) 08 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: लड़ाई में दो इजरायली सैनिक शहीद: सेना

इजरायली सेना ने रविवार को घोषणा की कि दक्षिणी लेबनान में हुई मुठभेड़ में उसके दो सैनिक मारे गए हैं. यह हिजबुल्लाह के साथ तनाव बढ़ने के बाद पहली ऐसी घटना है, जिसमें इजरायली सैनिकों की जान गई.

सेना के बयान में कहा गया, "91वीं डिवीजन के कॉम्बैट इंजीनियरिंग कोर के 38 वर्षीय मास्टर सर्जेंट महेर खतार, जो मजदल शाम्स के निवासी थे, दक्षिणी लेबनान में चल रही लड़ाई के दौरान शहीद हो गए." बयान में यह भी बताया गया कि उसी घटना में एक अन्य सैनिक भी मारा गया.

18:33 (IST) 08 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: ईरान ने UAE पर किए इजरायल से ज्यादा हमले

एक आकलन के मुताबिक भले ही सार्वजनिक रूप से Iran के निशाने पर हमेशा Israel होता है लेकिन युद्ध के आंकड़े कहते हैं कि Iran ने UAE पर Israel से ज्यादा हमले किए

एक आंकड़े के अनुसार शुरुआती 8 दिनों में Iran ने अमेरिका-इजराइल हमलों के जवाब में कुल 2981 जवाबी मिसाइल और ड्रोन हमले किए जिसमें सबसे ज्यादा UAE पर 1276 हमले किए जो किए गए कुल हमले का 42.8% है.

Israel पर के करीब 600 हमले (लगभग 20%) किए गए जबकि तीसरे नंबर पर Kuwait टारगेट रहा जिसपर 500 हमले किए गए। Bahrain पर कुल हमलों के 6% और Saudi Arab पर कुल हमलों का 5% किया गया.

18:31 (IST) 08 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: ईरान से युद्ध में अमेरिका ने किया कितना खर्च

ईरान युद्ध के पहले सप्ताह में अमेरिका ने लगभग 6 अरब डॉलर का खर्च किया. मिसाइल अवरोधकों और दूसरे हथियारों पर करीब 4 अरब डॉलर शामिल हैं.

17:20 (IST) 08 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: बेरूत से निकाले गए 100 से अधिक ईरानी

एक लेबनानी अधिकारी ने रविवार को बताया कि राजनयिकों और दूतावास कर्मचारियों सहित 100 से अधिक ईरानियों को रूसी विमान से बेरूत से निकाला गया. अधिकारी ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया, 'शनिवार से रविवार की सुबह के बीच बेरूत से रवाना हुए एक रूसी विमान से राजनयिकों और दूतावास कर्मचारियों सहित कुल 117 ईरानियों को निकाला गया.'

17:18 (IST) 08 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: इजरायली हमलों से लेबनान में हुई 394 लोगों की मौत

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को कहा कि इजरायली हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 394 हो गई है.

16:28 (IST) 08 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: जंग से जुड़ी किसी भी सामग्री को सोशल मीडिया पर पोस्ट करने पर पाबंदी

खाड़ी देशों ने सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं को मिसाइल हमलों, क्षति या सैन्य गतिविधियों से संबंधित दृश्य या अन्य सामग्री पोस्ट करने से स्पष्ट रूप से रोकने की चेतावनी जारी की है.

Bahrain ने इस प्रतिबंध का उल्लंघन करने पर चार लोगों को गिरफ्तार किया है.

ये गिरफ्तारियां तब हुईं जब social media पर डाले गए posts में दावा किया गया कि ईरान ने Qatar में Patriot/THAAD प्रणाली के लिए अहम AN/FPS-132 रडार सिस्टम को नष्ट कर दिया

इसके दोबारा निर्माण की लागत तो बहुत ज्यादा है ही लेकिन उससे ज्यादा मुश्किल बात ये है इसे पुनर्निर्मित करने में 5-8 वर्ष लगेंगे.

इसी तरह social media के ज़रिये ये ज्ञात हुआ कि Bahrain स्थित रडार सिस्टम AN/TPS-59 रडार को Iran ने drones से बेकार कर दिए जिसे बदलने में 12-24 महीने लग सकते हैं.

16:26 (IST) 08 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: कुवैत एयरपोर्ट के ईंधन टैंकों को ईरानी ड्रोन ने बनाया निशाना

Kuwait की रक्षा मंत्रालय ने रविवार सुबह घोषणा की कि कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट स्थित ईंधन टैंकों को ईरानी ड्रोन हमले में निशाना बनाया गया. मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि हमला शनिवार रात को हुआ, जिसमें कई ड्रोन सीमा पार कर एयरपोर्ट के ईंधन भंडारण क्षेत्र पर प्रहार किए.

14:50 (IST) 08 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: कुवैत बना वॉर रूम! छह सैनिकों की मौत के बाद अमेरिका का ईरान पर महा-प्रहार

ईरानी मिसाइल हमले में छह अमेरिकी सैनिकों की मौत के बाद, कुवैत ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य अभियान का मुख्य केंद्र बन गया है।

14:19 (IST) 08 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: इजरायल का खुला ऐलान- ;ईरान का जो भी बनेगा अगला वारिस, वो हमारा अगला निशाना होगा'

इजरायली रक्षा बल (IDF) ने रविवार सुबह फारसी भाषा में ट्वीट कर चेतावनी दी कि वे ईरान के अगले सर्वोच्च नेता के हर उत्तराधिकारी का पीछा जारी रखेंगे।

13:06 (IST) 08 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: बहराइन पर ईरानी हमले में तीन लोग घायल, यूनिवर्सिटी और वाटर प्लांट क्षतिग्रस्त

बहरीन के आंतरिक मंत्रालय ने बताया कि ईरानी ड्रोन हमले में एक विश्वविद्यालय और जल अलवणीकरण संयंत्र क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि तीन लोग घायल हुए।

12:32 (IST) 08 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: तेहरान के ऊपर कोहराम! इजरायली F-35I ने ईरानी YAK-130 को मार गिराया

एयरफोर्स कमांडर मेजर-जनरल तोमर बार ने तेहरान के ऊपर ईरानी YAK-130 को मार गिराने वाले इजरायली F-35I पायलट की जमकर तारीफ की।

11:46 (IST) 08 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: अमेरिका का डेथ वारंट! 'अमेरिकियों को मारा तो पाताल से ढूंढ निकालेंगे'

युद्ध सचिव पीट हेगसेथ ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि कोई अमेरिकियों की हत्या करेगा, तो उसे ढूंढकर मार दिया जाएगा।

11:35 (IST) 08 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: ईरान ने पड़ोसियों को दिया भाईचारे का संदेश, दुश्मनों को लताड़ा

इरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशक्यान ने कहा कि उनके बयानों को दुश्मनों ने तोड़-मरोड़ कर पेश किया है ताकि पड़ोसियों के साथ फूट डाली जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान अपने पड़ोसी देशों के साथ अच्छे संबंध चाहता है।

10:56 (IST) 08 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: UAE ने एक्टिव किया एयर डिफेंस सिस्टम, ईरानी हमलों पर जवाब देने की तैयारी

शताब्दी की सबसे भीषण सैन्य भिड़ंत में, यूएई रक्षा मंत्रालय ने ईरान से आने वाली 16 बैलिस्टिक मिसाइलों और 121 ड्रोनों को मार गिराने के लिए अपना एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय किया।

10:17 (IST) 08 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: धमाके से दहला कुवैत सिटी! 22 मंजिला सरकारी मुख्यालय पर ड्रोन से बड़ा प्रहार

कुवैत सिटी के पॉश अल-सूर जिले में स्थित सामाजिक सुरक्षा संस्थान के 22 मंजिला मुख्यालय पर ड्रोन हमला हुआ। इस हमले में सरकारी इमारत को भारी भौतिक क्षति पहुंची है, जिससे हड़कंप मच गया।

09:48 (IST) 08 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: GCC की दोटूक चेतावनी! बहरीन और कुवैत पर हमले के बाद ईरान की अंतरराष्ट्रीय घेराबंदी

खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) ने बहरीन और कुवैत पर ईरान के "घृणित" हमलों की कड़ी निंदा करते हुए इसे "खतरनाक आक्रामकता" करार दिया है।

09:05 (IST) 08 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: अमेरिका की इजरायल को 20000 से ज्यादा बम बेचने की मंजूरी

ट्रंप सरकार ने इजरायल को 20000 से ज्यादा बम बेचने की मंजूरी दे दी है। इस सौदे की कुल कीमत लगभग 650 मिलियन डॉलर बताई गई है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने यह तय किया कि ट्रंप सरकार के फैसले के बाद हथियारों की बिक्री को तुरंत मंजूरी दी गई।

08:35 (IST) 08 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: ओमान की जंग खत्म करने की अपील

ओमान के विदेश मंत्री सैय्यद बद्र बिन हमद अलबुसैदी ने कई देशों के राजदूतों से बात करके मिडिल ईस्ट में छिड़ी जंग को खत्म कराने की अपील की है। उन्होंने गैर-ईयू यूरोपीय देशों, अमेरिका, ब्राजील और तुर्किये के राजदूतों से मुलाकात की। खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) के देशों के साथ भी अलग बैठक हुई, जिसमें मिस्र, इराक और जॉर्डन के राजदूत शामिल थे।

07:59 (IST) 08 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: दुबई में मरीना टॉवर का एक हिस्सा ढहा

संयुक्त अरब अमीरात के दुबई शहर में ईरान से आए प्रोजेक्टाइल के इंटरसेप्शन से गिरे छर्रों से दुबई मरीना में एक टावर के सामने के हिस्से को नुकसान पहुंचा। उसका मलबा टूटकर गिर गया, जिसके नीचे खड़े शख्स की मौत हो गई। हवाई हमले का मलबा बरशा इलाके में एक गाड़ी पर गिरा। इससे UAE में युद्ध शुरू होने के बाद से मरने वालों की संख्या चार हो गई है।

07:22 (IST) 08 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: पश्चिम एशिया की ताजा स्थिति पर विदेश मंत्रालय का अपडेट

पश्चिम एशिया में मौजूद भारतीयों के लिए एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो सुबह 9 बजे से रात के 9 बजे तक कार्य कर रहा है। उड़ानों को आंशिक रूप से बहाल किए जाने के बाद भारतीयों की वापसी का सिलसिला जारी है। मार्च 1-7 तक पश्चिम एशिया के विभिन्न देशों से 52000 भारतीय भारत लौटे। 32107 भारतीय विमान कंपनियों की उड़ानों से लौटे। आने वाले दिनों में और भी उड़ानों की व्यवस्था की जाएगी। जहां अभी व्यवसायिक उड़ानें नहीं हैं, वहां से लौटना चाह रहे भारतीयों को दूतावास से संपर्क करने को कहा गया है। अपने देशवासियों की मदद के लिए भारत सरकार सम्बद्ध देशों की सरकारों के संपर्क में है।

06:43 (IST) 08 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: तेहरान के फ्यूल डिपो पर इजरायल का हमला

ईरान के तेल मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि इजरायल की सेना ने ईरान की राष्ट्रीय राजधानी तेहरान के करज वेस्ट समेत तीन इलाकों में फ्यूल डिपो पर हमले किए। हमले से तेल रिफाइनरी में भीषण आग लग गई है।

05:48 (IST) 08 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: अमेरिका के टर्मिनल हाई एल्टीट्यूड एरिया डिफेंस (THAAD) सिस्टम पर हमला

ईरान ने सऊदी अरब, UAE और जॉर्डन में तैनात अमेरिका के टर्मिनल हाई एल्टीट्यूड एरिया डिफेंस (THAAD) सिस्टम को निशाना बनाया है। हमलों में जॉर्डन के ‘मुवफ्फाक साल्टी एयर बेस’ पर लगे THAAD का रडार सिस्टम तबाह हो गया है। एक THAAD सिस्टम की कीमत 22 हजार करोड़ तक होती है, जबकि THAAD के रडार सिस्टम की कीमत 2700 करोड़ रुपए (300 मिलियन डॉलर) तक होती है। यह रडार THAAD सिस्टम का अहम हिस्सा होता है और दुश्मन की बैलिस्टिक मिसाइलों को पहचानने और ट्रैक करने का काम करता है। अमेरिका के पास सिर्फ 7-8 THAAD सिस्टम ही मौजूद हैं, इसलिए इसे बड़ा सैन्य नुकसान माना जा रहा है।

23:39 (IST) 07 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: खाड़ी देशों से 52000 से अधिक भारतीयों की सुरक्षित वापसी

विदेश मंत्रालय ने बताया कि पश्चिम एशिया और खाड़ी क्षेत्र में स्थिति पर सरकार बारीकी से नजर रख रही है, खासकर ट्रांजिट या छोटी यात्राओं पर फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर. क्षेत्रीय हवाई क्षेत्र के आंशिक खुलने के बाद भारतीय और विदेशी विमानन कंपनियों ने व्यावसायिक व विशेष उड़ानें शुरू की हैं.

विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, 1 से 7 मार्च 2026 के बीच 52,000 से अधिक भारतीय खाड़ी क्षेत्र से भारत लौट चुके हैं. इनमें 32,107 यात्रियों ने भारतीय विमानों का सहारा लिया. आने वाले दिनों में और उड़ानें संचालित होंगी.

मंत्रालय ने कहा, "भारत सरकार पश्चिम एशिया व खाड़ी में विकसित स्थिति की लगातार निगरानी कर रही है, विशेष रूप से ट्रांजिट या अल्पकालिक यात्रा पर फंसे भारतीयों की भलाई पर. हवाई क्षेत्र के आंशिक खुलने से भारतीय व विदेशी एयरलाइंस व्यावसायिक व गैर-नियोजित उड़ानें चला रही हैं."

23:15 (IST) 07 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: बहरीन के मनामा में 'ईरानी हमले' के बाद लगी आग

शनिवार को ईरान के हमले के कारण बहरीन की राजधानी मनामा में आग लग गई, जिससे एक घर और अन्य इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं. गृह मंत्रालय ने यह जानकारी दी, हालांकि उसने हताहतों की संख्या के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी.

मंत्रालय ने कहा, "ईरानी आक्रमण के कारण मनामा में एक घर और आसपास की कई इमारतों में आग लग गई और उन्हें नुकसान पहुंचा. नागरिक सुरक्षा बल आग बुझाने के लिए आवश्यक कदम उठा रहे हैं."

23:14 (IST) 07 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: कुवैत में तेल उत्पादन में की कटौती

कुवैत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन ने शनिवार से तेल उत्पादन में कटौती शुरू कर दी है और अप्रत्याशित परिस्थितियों (फोर्स मेज्योर) की घोषणा कर दी है. इससे पहले इराक और कतर द्वारा भी तेल और गैस उत्पादन में कटौती की जा चुकी थी. अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण मध्य पूर्व से तेल और गैस की आपूर्ति लगातार आठवें दिन भी बाधित रही.

युद्ध के चलते विश्व की सबसे महत्वपूर्ण तेल आपूर्ति नलिका, होर्मुज जलडमरूमध्य अवरुद्ध हो गया है, जिससे वैश्विक तेल और एलएनजी आपूर्ति का 20% हिस्सा प्राप्त होता है. विश्लेषकों का अनुमान है कि संयुक्त अरब अमीरात और सऊदी अरब को भी जल्द ही उत्पादन में कटौती करनी पड़ेगी क्योंकि उनके पास तेल भंडार खत्म हो रहा है.

22:38 (IST) 07 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: अमेरिका ने ईरान के वॉटर प्लांट पर किया हमला?

Iran ने अमेरिका पर ईरान के केश्म द्वीप पर एक ताजे पानी के उत्पादन प्लांट पर हमला करने का आरोप लगाया है. इस हमले से द्वीप के करीब 30 गांवों में पानी की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हो गई है जिससे हजारों नागरिकों को संकट का सामना करना पड़ रहा है.

क़ेश्म द्वीप, फारस की खाड़ी में ईरान का सबसे बड़ा द्वीप है जो अपने बंदरगाह और पर्यटन के लिए जाना जाता है. यहां का डिसेलिनेशन प्लांट समुद्री जल को शुद्ध करके द्वीप की आबादी और आसपास के गांवों को पीने का पानी उपलब्ध कराता है जो अब बर्बाद हो गया.

ईरान के विदेश मंत्री ने इसे खतरनाक कदम करार देते हुए कहा कि अमेरिका ने ईरानी बुनियादी ढांचे पर हमला करके एक गलत मिसाल कायम की है. उन्होंने चेतावनी दी कि इसके गंभीर परिणाम होंगे. अमेरिका ने अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

22:12 (IST) 07 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: UAE ने मिसाइल और ड्रोन हमलों की नई रिपोर्ट दी

ईरान द्वारा खाड़ी क्षेत्र में जवाबी हमले जारी रखने के मद्देनजर, संयुक्त अरब अमीरात ने शनिवार को मिसाइल और ड्रोन हमलों की नई रिपोर्ट दी.

रक्षा मंत्रालय ने कहा, "यूएई की वायु रक्षा प्रणाली ईरान से आ रहे मिसाइल और ड्रोन हमलों का जवाब दे रही है. सुनाई देने वाली आवाजें वायु रक्षा प्रणालियों द्वारा मिसाइलों और ड्रोनों को रोकने का परिणाम हैं."

22:11 (IST) 07 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: कतर के दोहा में सुनाई दी धमाकों की आवाज

शनिवार को कतर ने कहा कि उसने दोहा के मध्य में धमाकों की आवाज और सायरन बजने के तुरंत बाद एक मिसाइल को नाकाम कर दिया. रक्षा मंत्रालय ने कहा, "सशस्त्र बलों ने कतर राज्य को निशाना बनाकर किए गए मिसाइल हमले को नाकाम कर दिया.

20:33 (IST) 07 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: IDF का दावा- ईरान के 16 फाइटर जेट्स को किया ढेर

इजरायल डिफेंस फोर्सेस (आईडीएफ) ने कहा कि ईरान की राजधानी तेहरान के मेहराबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार रात चले हवाई हमलों में ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर्प्स (आईआरजीसी) की कुद्स फोर्स के 16 विमानों को नष्ट कर दिया गया.

टाइम्स ऑफ इजरायल के अनुसार, सेना ने बताया कि मेहराबाद एयरपोर्ट कुद्स फोर्स द्वारा मध्य पूर्व में ईरानी शासन के आतंकी गुटों को हथियार और धन उपलब्ध कराने के केंद्रीय केंद्र के रूप में इस्तेमाल हो रहा था, जिसमें लेबनान का हिज़बुल्लाह भी शामिल है.

सेना ने कहा, "हथियारों और नकदी से लदे विमान एयरपोर्ट से कई बार उड़े और क्षेत्र में उतरकर ईरानी आतंकी शासन के प्रॉक्सी गुटों के लिए इस्तेमाल हुए." हमलों में आईडीएफ ने हिज़बुल्लाह को हथियार पहुंचाने वाले 16 विमानों के अलावा एयरपोर्ट पर अन्य सैन्य ढांचे तथा इज़रायली एयर फोर्स के विमानों के लिए खतरा बने ईरानी फाइटर जेट्स को भी ध्वस्त किया.

20:31 (IST) 07 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: ईरान पर हमला कर अमेरिका ने दुनिया पर किया बड़ा उपकार- ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को लैटिन अमेरिकी नेताओं के शिखर सम्मेलन में कहा कि ईरान पर हमले कर अमेरिका ने दुनिया को बड़ा उपकार किया है. उन्होंने दावा किया कि इस्लामी गणराज्य परमाणु हथियार बनाने की कगार पर पहुंच गया था.

यह आयोजन, जिसे व्हाइट हाउस 'एमेरिकाज शील्ड समिट' कह रहा है, तब हो रहा है जब मध्य पूर्व में संघर्ष चरम पर है. यह ठीक दो महीने बाद है जब ट्रंप ने वेनेजुएला के तत्कालीन राष्ट्रपति निकोलास मादुरो को पकड़ने का साहसिक अमेरिकी सैन्य अभियान आदेश दिया था. मादुरो और उनकी पत्नी को अमेरिका ले जाकर ड्रग साजिश के आरोपों का सामना करने के लिए पेश किया गया.

19:37 (IST) 07 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: IRGC का दावा- मार्शल आईस्लैंड ध्वज वाले टैंकर को बनाया निशाना

ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स का कहना है कि उनकी सेनाओं ने खाड़ी में मार्शल द्वीप समूह के ध्वज वाले एक तेल टैंकर को निशाना बनाया है.

ईरान की वेबसाइट, सेपाह न्यूज़ पर प्रकाशित एक रिपोर्ट में कहा गया है, "मार्शल द्वीप समूह के ध्वज वाले 'लुईस पी' नाम के एक तेल टैंकर, जो आतंकवादी संगठन अमेरिका की संपत्तियों में से एक है, को फारस की खाड़ी के मध्य में एक ड्रोन हमले में निशाना बनाया गया."

18:35 (IST) 07 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: जॉर्डन का ईरान पर आरोप- 7 दिनों में हम पर दागीं 119 मिसाइलें

शनिवार को जॉर्डन ने ईरान पर आरोप लगाया कि उसने अमेरिका-इजरायल हमलों के बाद क्षेत्रीय युद्ध शुरू होने के बाद पिछले सात दिनों में 119 मिसाइलों और ड्रोनों से जॉर्डन में स्थित ठिकानों को सीधे निशाना बनाया है.

जॉर्डन के सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल मुस्तफा हयारी ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि इनमें से 108 मिसाइलों और ड्रोनों को रोक दिया गया है, जैसा कि अल जज़ीरा ने रिपोर्ट किया है.

उन्होंने कहा, “ये मिसाइलें और ड्रोन जॉर्डन के अंदर स्थित महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को निशाना बना रहे थे और हमारे क्षेत्र से होकर नहीं गुजर रहे थे.

17:56 (IST) 07 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: होर्मुज जलडमरूमध्य से जल्द शुरू हो सकता है कार्गो मूवमेंट

सरकारी सूत्रों के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य के पास माल ढुलाई शुरू हो गई है और इस महत्वपूर्ण जहाजरानी मार्ग से पारगमन जल्द ही शुरू हो सकता है.

यह घटनाक्रम ईरान द्वारा अपने पड़ोसियों को तब तक निशाना न बनाने के वचन के बाद सामने आया है, जब तक कि उन पर उनके क्षेत्र से हमला न किया जाए.

16:51 (IST) 07 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: ऑपरेशन में हमारे सैनिकों को नहीं हुआ कोई नुकसान- इजरायली सेना

इजरायल डिफेंस फोर्सेस (आईडीएफ) ने शनिवार को बताया कि लेबनान में रात भर चले ऑपरेशन के दौरान उसके सैनिकों को कोई नुकसान नहीं हुआ. यह ऑपरेशन लापता इजरायली हवाई सैनिक रॉन अराद से जुड़े सबूत ढूंढने के उद्देश्य से था.

आईडीएफ के बयान के अनुसार, "लेबनान में आईडीएफ की गतिविधियों के तहत विशेष बलों ने रात भर ऑपरेशन चलाया ताकि लापता नेविगेटर रॉन अराद से संबंधित कोई सुराग मिल सके. आईडीएफ को कोई चोट नहीं लगी." सेना ने आगे कहा कि "खोज स्थल पर उनके संबंध में कोई सुराग नहीं मिला."

यह मिशन इज़राइल की लंबे समय से चली आ रही कोशिश का हिस्सा है, जिसमें 1986 में लेबनानी गृहयुद्ध के दौरान विमान से कूदे इज़राइल एयर फोर्स के नेविगेटर रॉन अराद के अवशेष बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है.

उधर, हिज़बुल्लाह ने कहा कि उसने रात में पूर्वी लेबनान के एक कस्बे में घुसपैठ करने वाले इजरायली सैनिकों का मुकाबला किया. लेबनानी अधिकारियों ने बताया कि उस इलाके में इजरायली हमलों से कम से कम 16 लोग मारे गए.

अराद को उनके विमान के गिराए जाने के लगभग चार दशक बाद भी आधिकारिक रूप से लापता ही बताया जा रहा है.

16:47 (IST) 07 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: IRGC ने किया मिसाइल और ड्रोन हमलों की 25वीं लहर का ऐलान

ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने सैन्य और सैन्य सहायता केंद्रों को निशाना बनाते हुए मिसाइलों और ड्रोनों से हमलों की 25वीं लहर की घोषणा की है. ईरानी सरकारी मीडिया द्वारा जारी एक संक्षिप्त बयान में, आईआरजीसी ने कहा कि इस अभियान में हाइपरसोनिक फतह मिसाइल और बैलिस्टिक इमाद मिसाइलों का इस्तेमाल किया जा रहा है.

15:56 (IST) 07 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: पाकिस्तान में महंगाई ने तोड़ी आम आदमी की कमर

पाकिस्तानी नागरिक असलम कादरी ने कहा, '...सरकार को स्थिति की जानकारी थी. अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध चल रहा है, जिससे दुनिया भर के लोग प्रभावित हो रहे हैं. इस संघर्ष के कारण पेट्रोल की कीमतें बढ़ गई हैं. अब जब पेट्रोल इतना महंगा हो गया है, तो अन्य चीजों की कीमतें भी बढ़ेंगी...'

15:26 (IST) 07 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: इजरायल ने लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों को बनाया निशाना

हालिया इजरायली हवाई हमलों ने लेबनान के पूर्वी बका घाटी को निशाना बनाया, इजरायली सेना ने ये जानकारी दी. लेबनानी स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि उस क्षेत्र में रात भर चले हवाई हमलों में कम से कम 16 लोग मारे गए और 35 घायल हो गए.

ईरान समर्थित उग्रवादी समूह हिजबुल्लाह ने कहा कि उसके लड़ाकों ने शुक्रवार देर रात वहां उतरी इजरायली सेना के साथ झड़प की. इजरायल ने बका घाटी में लड़ाई पर कोई टिप्पणी नहीं की है. सेना ने शनिवार को दक्षिणी लेबनान में हिज़बुल्लाह की रदवान फोर्स के दो कमांड सेंटरों, रॉकेट लॉन्चरों और हथियार भंडारण सुविधाओं को निशाना बनाया बताया.

14:19 (IST) 07 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: होर्मुज के पास ईरान का माल्टा के तेल टैंकर पर हमला

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने फारस की खाड़ी में एक तेल टैंकर को ड्रोन से निशाना बनाया है। IRGC ने प्राइमा नाम के टैंकर को तब निशाना बनाया, जब उसने बार-बार दी गई चेतावनियों को नजरअंदाज किया। होर्मुज जलडमरूमध्य में आवाजाही पर रोक है और यह क्षेत्र असुरक्षित है। मरीन ट्रैफिक वेबसाइट के मुताबिक प्राइमा एक तेल और रसायन ले जाने वाला टैंकर है, जो माल्टा के झंडे के तहत चल रहा है।

13:38 (IST) 07 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: लेबनान में इजराइली हमलों में 16 लोगों की मौत

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पूर्वी बेक्का घाटी के नबी इलाके में इजरायल के हवाई हमले में 16 लोगों की मौत हो गई और 33 लोग घायल हो गए हैं। इजरायल की सेना ने दक्षिणी लेबनान और बेरूत के दक्षिणी उपनगरों के लिए जबरन खाली कराने के आदेश जारी किए हैं।नागरिकों को अपने घर छोड़कर जाना पड़ा है। वहीं अब तक लेबनान में 200 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और लगभग 95000 लोग विस्थापित हो गए हैं।

12:47 (IST) 07 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ईरान का हमला

ईरान ने दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हमला किया है। इससे एमिरेट्स एयरलाइंस के कई विमान लैंड नहीं हुए और उन्हें डायवर्ट कर दिया गया। कई विमान होल्डिंग पैटर्न में हवा में चक्कर लगाते रहे। टर्मिनल-3 के पास गेट C18 के इलाके में धुआं दिखा। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट दुनिया का सबसे व्यस्त अंतरराष्ट्रीय यात्रियों वाला एयरपोर्ट है। 1 मार्च को यहां सभी नियमित उड़ानें रोक दी गई थीं। अब केवल 106 उड़ानें ही संचालित हो रही हैं।

12:05 (IST) 07 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: सऊदी अरब के सुल्तान एयरबेस पर मिसाइल अटैक

सऊदी अरब के सुल्तान एयरबेस पर मिसाइल अटैक हुआ है। सऊदी के रक्षा मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी और बताया कि ईरान की 2 और बैलिस्टिक मिसाइलों को रास्ते में ही इंटरसेप्ट करके नष्ट कर दिया गया है। 4 ड्रोन को भी मार गिराया है।

11:23 (IST) 07 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: ईरान ने इजरायल पर दागीं 5 बैलिस्टिक मिसाइलें

ईरान ने बीती रात करीब 5 बैलिस्टिक मिसाइलें इजरायल की ओर दागीं। इस वजह से बीती रात लाखों इजरायली लोगों को बम शेल्टर में रहना पड़ा। ईरान अब तक इजरायल पर 200 मिसाइलें दाग चुका है, जिससे काफी नुकसान भी हुआ है।

10:55 (IST) 07 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: ईरान पर आज रात हो सकता है बड़ा हमला

अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा है कि आज रात अमेरिका की ओर से ईरान पर अब तक का सबसे बड़ा हमला किया जाएगा। इस हमले का मकसद ईरान के मिसाइल लॉन्चर और मिसाइल बनाने वाली फैक्ट्रियों को भारी नुकसान पहुंचाना है। हमले से ईरान की मिसाइल क्षमता को काफी हद तक कमजोर किया जाएगा।

10:27 (IST) 07 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: ईरान में जमीन से एंट्री करेंगे अमेरिका के सैनिक

ईरान में अब हवाई और समुद्री जंग के बाद जमीनी जंग शुरू हो सकती है। ट्रंप अब ईरान के अंदर जमीन के रास्ते सेना भेजने की तैयारी में हैं। एनबीसी न्यूज की रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है। ट्रंप ने व्हाइट हाउस के सहयोगियों और रिपब्लिकन नेताओं के साथ इस बारे में बातचीत की है। हालांकि अभी तक कोई फैसला नहीं लिया गया है, लेकिन जमीनी हमला हुआ तो ईरान पर कब्जा हो सकता है।

09:39 (IST) 07 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: ईरान के जंगी जहाज में भारत में ली शरण

ईरान के एक युद्धपोत IRIS लावन ने भारत में शरण ले ली है। जंगी जहाज कोच्चि बंदरगाह पर रुका है। ईरान ने गत 28 फरवरी को जहाज में तकनीकी खराबी आने के बाद भारत से मदद मांगी थी। भारत ने 1 मार्च को जहाज को कोच्चि में डॉक करने की अनुमति दी और 4 मार्च को यह बंदरगाह पर पहुंच गया। जहाज में 183 क्रू मेंबर हैं, जो कोच्चि में ही ठहरे हुए हैं।

09:11 (IST) 07 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: लेबनान पर इजरायल के हवाई हमलों में 3 लोगों की मौत

लेबनान के बेक्का क्षेत्र में इजरायल के हवाई हमलों में 3 लोगों की मौत हो गई है। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से यह जानकारी दी गई है। हमले में बेक्का घाटी के नबी चित गांव में 16 लोग घायल भी हुए हैं।

08:47 (IST) 07 Mar 2026

US-Israel Iran War LIVE Updates: ईरान के मेहराबाद एयरपोर्ट पर जोरदार धमाका

ईरान की राजधानी तेहरान में मेहराबाद एयरपोर्ट पर शनिवार रात अमेरिका और इजरायल ने बड़ा हमला किया। एयरपोर्ट के पास रहने वाले लासेगों ने बताया कि एयरपोर्ट पर बड़ा धमाका हुआ। आग की ऊंची-ऊंची लपटों के साथ काले धुएं का गुबार था। एयरपोर्ट के रनवे पर खड़े कुछ विमानों में भी आग लगी है। हालांकि ईरान ने ऑफिशियल बयान जारी नहीं किया, लेकिन हमला हुआ है।

Middle East War LIVE Updates: मिडिल ईस्ट में छिड़ी जंग का आज 9वां दिन है। 28 फरवरी 2026 को इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच छिड़ यद्ध की आग में अरब के करीब 10 देश झुलस रहे हैं। वहीं भारत और पाकिस्तान को भी भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। अमेरिका के लिए भी बजट का संकट खड़ा होने लगा है। अमेरिका और इजरायल जहां ईरान पर हमला कर रहे हैं। वहीं ईरान मध्य पूर्व के अरब देशों में अमेरिका और इजरायल के सैन्य ठिकानों पर हमला कर रहा है।

ईरान में इजरायल-अमेरिका के 1300 हमले हो चुके

राष्ट्रपति ट्रंप ने अयातुल्लाह अली खामेनेई के बेटे मुजतबा को उनका उत्तराधिकारी और ईरान का नया सुप्रीम लीडर मानने से इनकार कर दिया है। अमेरिका-इजरायल के हमलों में ईरान में अबतक 1332 लोगों की मौत हो चुकी है। ईरान में 8 दिन में 1300 हमले हो चुके हैं। 14 मेडिकल सेंटर भी निशाना बनाए गए। ईरान के कई शहरों में अब पानी-बिजली की सप्लाई ठप पड़ी है। अमेरिका का दावा ईरान के 300 मिसाइल लॉन्चर तबाह करने और IRGC के कमांडरों को ढेर करने का है।

कुवैत-बहरीन और UAE समेत कई अरब देशों में ईरान के हमले में 20 अमेरिकी मिलिट्री बेस को नुकसान पहुंचा है। आइए मिडिल ईस्ट में छिड़ी जंग के आज दिनभर के लाइव अपडेट्स के लिए बने रहें News 24 के साथ…

विज्ञापन

संबंधित खबरें

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Khushbu Goyal

खुशबू गोयल News24 हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वेब जर्नलिज्म में 13 साल का अनुभव रखने वाली खुशबू गोयल राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और राज्यस्तरीय न्यूज और चुनावी कवरेज करती हैं. खुशबू गोयल ने अक्टूबर 2013 में अमर उजाला डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत की थी, जहां 7 साल सेवाएं देने के बाद साल नवंबर 2020 में दैनिक भास्कर डिजिटल जॉइन किया और सितंबर 2023 से News24 के डिजिटल में सेवाएं दे रही हैं. 13 साल के करियर में खुशबू गोयल ने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिकल, क्राइम टॉपिक कवर करने में विशेषज्ञता हासिल की. खुशबू गोयल का पत्रकारिता में अनुभव: 13 साल योग्यता: कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के IMC&MT इंस्टीट्यूट से मास्टर ऑफ कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म (MJ) के बाद जर्नलिज्म में MPhil की डिग्री ली. खुशबू गोयल ने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव की विस्तृत रिपोर्टिंग की है, जिसमें उन्हें ग्राउंड कवरेज करने का भी अनुभव है. इसके अलावा पिछले 13 साल में विभिन्न राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव को भी उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग के साथ कवर किया.
... और पढ़ें

ताज़ा खबरें

Sponsored Links by Taboola