अगर बाइक चलाते समय चेन से खटखट या घर्र-घर्र की आवाज आ रही है, तो इसे छोटी-मोटी परेशानी समझकर नजरअंदाज न करें. कई बार चेन में धूल-मिट्टी जमा होने या लुब्रिकेशन की कमी के कारण ऐसा होता है, लेकिन चेन का ढीला होना या स्प्रोकेट का घिस जाना भी इसी वजह से हो सकता है. समयरहते ध्यान नहीं दिया गया, तो बाइक के दूसरे हिस्सों को भी नुकसान पहुंच सकता है. ऐसे में जरूरी है कि आवाज आने की वजह पहचानकर सही समय पर चेन की जांच और रखरखाव किया जाए.
बाइक की चेन से आवाज आने की क्या है वजह?
बाइक की चेन इंजन से मिलने वाली पावर को पिछले पहिये तक पहुंचाने का कम करती है. ऐसे में इसका सही हालत में रहना जरूरी है. चेन से आवाज आने की कई वजह हो सकती हैं. इसमें चेन का सूखा होना, उस पर धूल-मिट्टी जमना, टेंशन का सही न होना और चेन या स्प्रोकेट का ज्यादा घिस जाना शामिल है. अगर बाइक चलाते समय लगातार आवाज आ रही है, तो इसकी वजह का पता लगाना जरूरी है.
चेन गंदी या सूखी होने पर क्या करें?
बाइक की चेन सड़क की धूल, मिट्टी और दूसरी गंदगी के संपर्क में रहती है. धीरे-धीरे इस पर गंदगी और पुराना लुब्रिकेंट जमा होने लगता है. वहीं, लुब्रिकेशन कम होने पर चेन और दूसरे हिस्सों के बीच घर्षण बढ़ सकता है, जिससे आवाज आने लगती है.
ऐसे में चेन की जांच करें. अगर उस पर गंदगी या जंग दिखाई दे रही है, तो उसे सही तरीके से साफ करें और बाइक निर्माता के निर्देशों के मुताबिक चेन लुब्रिकेंट लगाएं. सफाई करते समय इंजन बंद रखें और चलती चेन के पास हाथ बिल्कुल न ले जाएं. इससे चोट लगने का खतरा हो सकता है.
चेन की टेंशन और स्प्रोकेट भी जरूर जांचें
चेन से खटखट की आवाज आने की एक वजह उसका ढीला या जरूरत से ज्यादा टाइट होना भी है. अगर चेन ज्यादा ढीली है, तो बाइक चलाते समय उसमें झटके लग सकते हैं या वह आसपास के हिस्सों से टकरा सकती है. वहीं, जरूरत से ज्यादा टाइट चेन पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है. इससे चेन, स्प्रोकेट और उनसे जुड़े दूसरे हिस्सों को नुकसान पहुंच सकता है.
इसलिए चेन का ढीलापन बाइक के मैनुअल में बताए गए मानकों के मुताबिक रखें. साथ ही स्प्रोकेट के दांतों पर भी ध्यान दें. अगर दांत नुकीले, मुड़े हुए या असमान तरीके से घिस दिखाी दे ते हैं, तो मैकेनिक से जांच करवाएं. कई मामलों में चेन और स्प्रोकेट को एक साथ बदलना पड़ सकता है.
सफाई के बाद भी आवाज आए तो क्या करें?
अगर चेन साफ करने और लुब्रिकेंट लगाने के बाद भी आवाज बंंद नहीं हो रही है, तो इसे नजरअंदाज करना ठीक नहीं है. लगातार तेज खटखट की आवाज, चेन में जंग, टूटे या जाम लिंक और बाइक चलाते समय झटक महसूस होना किसी खराबी का संकेत हो सकता है.
ऐसी स्थिति में बाइक को सुरक्षित जगह पर रोकें और मैकेनिक से उसकी जांच करवाएं. अगर चेन क्षतिग्रस्त है या अपनी जगह से उतरने का खतरा है, तो बाइक चलाते रहना जोखिम भरा हो सकता है. ध्यान रखें कि सिर्फ आवाज बंद करने के लिए चेन को जरूरत से ज्यादा टाइट करना सही तरीका नहीं है.