Noida News: दिल्ली एनसीआर में ब्रेजा कार की रेकी कर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय वाहन चोर गैंग का नोएडा की फेज-2 थाना पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए मास्टरमाइंड समेत दो को गिरफ्तार किया है. यह गैंग चुंबक समेत अन्य उपकरण की मदद से 50 से अधिक ब्रेजा कार की चोरी कर चुका है. इसके खिलाफ अलग-अलग थानों करीब 40 मुकदमे दर्ज हैं. आरोपियों के पास से बिना नंबर प्लेट की स्कूटी, तीन मोबाइल, चाकू और 50 हजार रुपये की नकदी समेत अन्य सामान बरामद हुआ है.
इस आरोपियों को किया गिरफ्तार
नोएडा की फेस-2 थाना पुलिस ने हेमंत कुमार उर्फ मोनू उर्फ आकाश, बलजीत उर्फ बॉबी और अमित को सेक्टर-82 स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार किया है. एडिशनल डीसीपी शैव्या गोयल ने बताया कि हेमंत अनपढ़ है, जबकि अमित ने आठवीं और बलजीत ने पांचवीं तक की पढ़ाई की हुई है. हेमंत गिरोह का सरगना है और इसके खिलाफ 25, अमित के खिलाफ 10 और बलजीत के खिलाफ 4 केस विभिन्न थानों में दर्ज हैं. तीनों ही कई बार जेल जा चुके हैं.
ऐसे देते थे चोरी की घटना को अंजाम
शैव्या गोयल बताया कि हेमंत ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह लोहे की टी से गाड़ी की खिड़की का लॉक खोलता है. अमित चुंबक को गाड़ी के स्टेरिंग के नीचे लगाकर स्टेरिंग लॉक खोलता है. लॉक खुलने पर डुप्लीकेट चाबी से कार स्टार्ट कर आरोपी फरार हो जाते थे. वारदात के पहले बिना नंबर प्लेट की स्कूटी से ब्रेजा कार रेकी करते थे. चोरी के वाहन को अपने साथी को 50 हजार रुपये में बेच देते हैं. जो दो घंटे के अंदर गाड़ी का पुर्जा खोलकर उसे विभिन्न बाजारों में खपा देता है. अलग-अलग पुर्जे को बेचने से तीनों को डेढ़ से ढाई लाख रुपये तक मिल जाते हैं. पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने अबतक 50 से अधिक ब्रेजा गाड़ियों की चोरी बरेली. बुलंदशहर, दिल्ली, मेरठ और नोएडा समेत अन्य स्थानों से की है.
ब्रेजा गाड़ियों के पुर्जो की मार्केट में डिमांड
पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य नोएडा से छह ब्रेजा चोरी कर चुके हैं. इनके निशाने पर ब्रेजा गाड़ी इस लिए रहती थी, क्योकि ब्रेजा का डीजल बंद कर दिये जाने के कारण. इसके पुर्जे की मार्केट में काफी डिमांड है और अच्छे पैसे मिल जाते है. इसके अलवा ब्रेजा की डीजल वर्जन वाली गाड़ी सिक्योर्टी सिस्टम को आसानी से क्रैक कर लेते थे. यह गैंग चोरी के वाहनों को तुरंत कटवा देता था. ऐसे में आरोपी पकड़ तो जाते हैं पर वाहनों की बरामदगी नहीं हो पाती है. पहले दोनों कोई भी वाहन चोरी कर लेते थे, पर बीते दो साल से सिर्फ ब्रेजा गाड़ी ही चोरी करते हैं. चोरी के वाहनों के पुर्जे खरीदने वाले दुकानदारों के बारे में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है. अगर गिरोह के सदस्यों से दुकानदारों का सीधा कनेक्शन निकला तो उनकी गिरफ्तारी भी की जाएगी.