Gujarat News: गुजरात के सुरेंद्रनगर में जेजरी गांव के पास एक डंपर और कार की जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में चार महिलाओं की मौत हो गई है. जबकि हादसे में कार का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और घटना की जांच करने में जुट गई है.
सुरेंद्रनगर-मालवण हाईवे पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सुरेंद्रनगर-मालवण हाईवे पर जेजरी गांव के पास एक डंपर और कार में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में चार महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कार का चालक गंभीर रूप से घायल हैं. घटना के बाद मौके पर आस-पास के ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई. मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने हादसे की जानकारी ली और घायल को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया है. हादसे के बाद हाइवे पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही.
शक्तिमाता मंदिर में दर्शन के लिए जा रही थी महिलाएं
बताया जा रहा है कि मूलरूप से गुजरात के देरवाला के रहने वाली दो महिलाए हाल में अहमदाबाद में रहती थी. मंगलवार को वह अपने पड़ोस में रहने वाली दो अन्य महिलाओं के साथ पाटडी तालुका के धामा गांव स्थित शक्तिमाता मंदिर में दर्शन के लिए जा रही थी. बताया गया है कि इस दौरान जब उनकी कार सुरेंद्रनगर-मालवण हाईवे पर जेजरी गांव के पास पहुंची, तो अचानक कार चालक को झपकी लगने के कारण कार का नियंत्रण बिगड़ गया और कार सड़क से नीचे उतर गई. इसके बाद कार चालक फिर से कार को सड़क पर लाने का प्रयास कर रहा था, तभी सामने से आ रहे एक डपर में टक्कर हो गई. हादसे में चारो महिलाओं की मौत हो गई और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया.