सौरभ कुमार, पटना
तेजस्वी यादव ने एक बार फिर बिहार सरकार पर बड़ा हमला किया है। तेजस्वी ने कहा कि अगर हमारे समय में कोई गड़बड़ी हुई है तो उसको ठीक किया जाए, कौन मना कर रहा है? उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के पास दिमाग नहीं है। टेंडर घोटाले के मामले में मेरे किसी सवाल का जवाब सरकार नहीं दे रही है। झारखंड के सांसद निशिकांत दुबे द्वारा चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) पर दिए गए आपत्तिजनक बयान पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उनके खिलाफ कंटेंप्ट ऑफ कोर्ट की कार्रवाई होनी चाहिए। उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने हाल ही में कहा था कि तेजस्वी यादव के मंत्री रहने के दौरान भी गड़बड़ी हुई है। इस पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता ने कहा कि गड़बड़ी हुई है ठीक कर दें। उपमुख्यमंत्री बिना हाथ-पैर की बात बोलते हैं। मेरे सवालों का कोई जवाब नहीं मिला।
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बिहार में टेंडर घोटाला हो रहा है। सरकारी पैसे से पार्टी का प्रचार किया जा रहा है। उस पर अभी तक कोई जवाब नहीं आया है। भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। अधिकारी लोग अलग-अलग भ्रष्टाचार कर रहे हैं, इस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। आप हमको कटघरे में डाल रहे हैं, हमको गाली दे रहे हैं। आपकी एजेंसी क्या कर रही है? अगर कहीं भी छापेमारी हो रही है तो करोड़ों रुपये मिल रहे हैं। एजेंसी पूरे मामले में मामला दर्ज करके कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है?
पुल गिरने का जिम्मेदार कौन?
तेजस्वी ने सवाल उठाए कि जब CBI और ED कार्रवाई कर सकती है, तो बिहार की एजेंसियां क्यों नहीं काम कर रहीं? ये सवाल पूछने से उन लोगों को मिर्ची लगती है और ये उल्टे तेजस्वी यादव से सवाल पूछते हैं। ग्लोबल टेंडरिंग हो रही है, खुलेआम भ्रष्टाचार का खेल हो रहा है। उन्होंने कहा कि इतने पुल गिर गए, उसका जिम्मेदार कौन है, इसका जवाब कौन देगा? तेजस्वी यादव से जब मुख्यमंत्री बनने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कुछ नहीं कहा।