बिहार में एक और ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक और उसकी महिला दोस्त के साथ बदसलूकी की गई है. यह मामला गया जिले का बताया जा रहा है, जिसका वीडियो भी सामने आया है. बिहार में एक महीने के भीतर जमुई, समस्तीपुर और बांका के बाद यह चौथा ऐसा मामला है. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि स्थानीय लोगों का ग्रुप एक युवक के साथ मारपीट और बदसलूकी कर रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है.
पुलिस के मुताबिक, यह घटना शेरघाटी के महुआडीह के पास की है. युवक अपनी महिला दोस्त के साथ पहाड़ी इलाके में घूमने गया था. तभी वहां कुछ लोगों का झुंड आया और उनसे पूछताछ करने लगा. इसके बाद उनके साथ बदसलूकी की गई. भीड़ ने युवक के साथ मारपीट भी की. इसके बाद हमलावर युवक की बाइक की चाबी भी अपने साथ ले गए. उन्होंने इस पूरी घटना का वीडियो बनाया, जिसे बाद में वायरल कर दिया. हालांकि, यह मामला किस दिन का है, इसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है.
वीडियो सामने आने के बाद गया पुलिस ने कार्रवाई की. इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार करके उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. गया के SSP सुशील कुमार ने कहा कि इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी.
बिहार में इससे पहले भी ऐसे वीडियो जमुई, समस्तीपुर और बांका जिले से सामने आए थे. इन वीडियो में भी युवक और युवती से बदसलूकी करते हुए देखा गया था. कई जिलों में पुलिस ने हाल ही में ऐसी घटनाओं पर संज्ञान लिया है. कुछ घटनाएं ऐसी भी हैं, जो बहुत पहले हुई थीं, लेकिन उनके वीडियो अब वायरल हो रहे हैं.