बिहार के दो तलवारबाजों ने मारी बाजी, बन गए खेलो इंडिया एथलीट

बिहार के दो युवा खिलाड़ी तलवारबाजी में बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। मोतिहारी के केशर राज और रवि कुमार यादव को अब खेलो इंडिया एथलीट चुना गया है। यह दोनों अब देश की अच्छी ट्रेनिंग लेकर बिहार का नाम चमकाएंगे।

Keshar Raj and Ravi Kumar Yadav

केशर राज और रवि कुमार यादव

विज्ञापन

बिहार के खेल प्रेमियों के लिए एक खुशखबरी है। तलवारबाजी जैसे रोमांचक खेल में अब बिहार के खिलाड़ी भी देशभर में पहचान बना रहे हैं। मोतिहारी के दो होनहार तलवारबाज केशर राज और रवि कुमार यादव को खेलो इंडिया योजना के तहत ‘खेलो इंडिया एथलीट’ चुना गया है। यह न सिर्फ उनके लिए, बल्कि पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। अब ये दोनों खिलाड़ी देश के हाई परफॉर्मेंस सेंटर में विशेष ट्रेनिंग पाएंगे और सभी जरूरी सुविधाएं भी मिलेंगी। उनकी इस सफलता ने साबित कर दिया कि कड़ी मेहनत और लगन से कोई भी मंजिल पाई जा सकती है।

खेलो इंडिया में बिहार को दो बड़ी उपलब्धियां

बिहार के खेल जगत के लिए गर्व का पल आया है। तलवारबाजी में राज्य के दो होनहार खिलाड़ियों केशर राज और रवि कुमार यादव को ‘खेलो इंडिया एथलीट’ के रूप में चुना गया है। यह जानकारी बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने दी। उन्होंने बताया कि स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) की खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत देश के 8 प्रतिभाशाली तलवारबाजों का चयन हुआ है, जिनमें से दो बिहार से हैं। केशर राज को ‘फॉयल’ और रवि कुमार यादव को ‘ईपी’ श्रेणी के लिए चुना गया है। दोनों खिलाड़ियों को अब हाई परफॉर्मेंस सेंटर में आवासीय ट्रेनिंग (residential training), स्पोर्ट इक्विपमेंट और स्वास्थ्य बीमा जैसी सुविधाएं मिलेंगी।

विज्ञापन

Bihar Keshar Raj and Ravi Kumar Yadav

रवि कुमार यादव की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियां

चयनित खिलाड़ियों की उपलब्धियां भी काबिले तारीफ रही हैं। रवि कुमार यादव ने हाल ही में राजगीर में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 में ‘ईपी’ कंपटीशन में कांस्य पदक जीता था। इसके अलावा 2024-25 में उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर दो अहम पदक हासिल किए। जम्मू-कश्मीर में हुई 68वीं राष्ट्रीय विद्यालय अंडर-17 तलवारबाजी प्रतियोगिता में ‘ईपी’ एकल में रजत पदक और उत्तराखंड के रुद्रपुर में आयोजित अंडर-17 राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता था। वे भारत की ओर से कैडेट वर्ल्ड चैंपियनशिप और एशियन चैंपियनशिप में भी भाग ले चुके हैं।

केशर राज का जबरदस्त प्रदर्शन

वहीं केशर राज ने भी कई महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं में जबरदस्त प्रदर्शन किया है। वे 68वीं राष्ट्रीय विद्यालय अंडर-14 तलवारबाजी प्रतियोगिता, जम्मू-कश्मीर में ‘फॉयल’ एकल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। इसके अलावा उड़ीसा के कटक में आयोजित अंडर-14 राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक तथा खेलो इंडिया अस्मिता लीग में स्वर्ण पदक भी अपने नाम किया है। वर्ष 2023-24 में उन्होंने अंडर-14 राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था।

विज्ञापन

Bihar Keshar Raj and Ravi Kumar Yadav

मोतिहारी से निकलकर गुवाहाटी तक का सफर

दोनों खिलाड़ी बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में स्थित जिला तलवारबाजी ट्रेनिंग सेंटर से सीखे हैं। अभी वे गुवाहाटी में बने नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रोजाना अभ्यास कर रहे हैं। उनकी मेहनत, लगन और अच्छे प्रदर्शन की वजह से ही वे इस मुकाम तक पहुंचे हैं। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण ने दोनों को शुभकामनाएं दी हैं और कहा है कि वे आगे भी देश और राज्य का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

/ताज़ा खबरें

विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ