ODI World Cup 2027 के शेड्यूल का हुआ ऐलान, 7 अक्टूबर को होगा भारत का पहला मैच, जानें पूरी डिटेल्स
ODI World Cup 2027 Full Schedule: आईसीसी ने वनडे वर्ल्ड कप 2027 के शेड्यूल की घोषणा कर दी है. वर्ल्ड कप 2027 में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनके बीच 12 अलग-अलग वेन्यू पर कुल 57 मुकाबले खेले जाएंगे. टीम इंडिया 7 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ केपटाउन में अपने अभियान का आगाज करेगी.
वनडे वर्ल्ड कप 2027 का शेड्यूल जारी (PIC Credit- AI)
विज्ञापन
ICC ODI World Cup 2027 Full Schedule: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी आईसीसी ने गुरुवार (1 अक्टूबर) को अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप 2027 के शेड्यूल का ऐलान कर दिया है. साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होने वाले 2027 वनडे वर्ल्ड कप का आगाज 2 अक्टूबर से होगा, जबकि टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 21 नवंबर को जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा. यह वनडे वर्ल्ड कप का 14वां संस्करण होगा, जिसमें कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनके बीच 12 अलग-अलग वेन्यू पर कुल 57 मुकाबले खेले जाएंगे. भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है और ग्रुप स्टेज में दोनों टीमें 10 अक्टूबर को आमने-सामने होंगी. आइए एक नजर डालते हैं वनडे वर्ल्ड कप 2027 के पूरे शेड्यूल पर.
ऑस्ट्रेलिया से होगा भारत का पहला मुकाबला
टीम इंडिया 7 अक्टूबर को डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ केपटाउन में अपने अभियान का आगाज करेगी. इसके बाद भारतीय टीम 10 अक्टूबर को अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगी. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा. वहीं, भारतीय टीम अपना तीसरा मैच अफगानिस्तान के खिलाफ 14 अक्टूबर को खेलेगी और 17 अक्टूबर को क्वालीफायर ए की टीम से भिड़ेगी. वहीं, भारतीय टीम अपना आखिरी ग्रुप स्टेज मुकाबला 24 अक्टूबर को जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलेगी.
विज्ञापन
बता दें कि, वर्ल्ड कप 2027 के मुकाबले साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में कुल 12 वेन्यू पर खेले जाएंगे. साउथ अफ्रीका में 8 वेन्यू पर मैच आयोजित होंगे, जबकि जिम्बाब्वे में 3 वेन्यू और नामीबिया में 1 वेन्यू पर मैच आयोजित किया जाएगा.
भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप में
वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है. ग्रुप-A में भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे और क्वालीफायर ए को रखा गया है. वहीं, ग्रुप-B में बांग्लादेश, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका, श्रीलंका, न्यूजीलैंड और क्वालीफायर बी को रखा गया है.
वनडे वर्ल्ड कप 2027 की शुरुआत 14 टीमों में सबसे निचली रैंकिंग वाली तीन टीमों के बीच होने वाली सुपर सीरीज से होगी. इस स्टेज में तीनों टीमें एक-दूसरे के खिलाफ एक-एक मुकाबला खेलेंगी, यानी कुल तीन मैच होंगे. इनमें सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम 12 टीमों वाले मुख्य ग्रुप स्टेज में जगह बनाएगी, जबकि बाकी दो टीमों का टूर्नामेंट वहीं समाप्त हो जाएगा. इसके बाद 12 टीमों को 6-6 के दो ग्रुप में बांटा जाएगा, जिनके बीच रॉउंड रॉबिन फॉर्मेट में मुकाबले खेले जाएंगे. ग्रुप स्टेज के बाद टूर्नामेंट सुपर-7 चरण में पहुंचेगा, जिसके बाद सेमीफाइनल और फिर फाइनल मुकाबला खेला जाएगा.
विज्ञापन
हालांकि, सुपर सीरीज में हिस्सा लेने वाली तीन टीमों का नाम अभी तय नहीं हुआ है. इन टीमों का फैसला क्वालीफायर टूर्नामेंट से होगा, जिसमें दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज और नामीबिया समेत 10 टीमें हिस्सा लेंगी. वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने वाली 14 टीमों में से 10 टीमें 30 सितंबर की क्वालिफिकेशन कटऑफ तक अपनी जगह पक्की करेंगी. मेजबान होने के नाते साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे को वर्ल्ड कप में डायरेक्ट एंट्री मिली है. वहीं, बाकी आठ टीमों का चयन वनडे रैंकिंग के आधार पर होगा. भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश पहले ही अपनी जगह पक्की कर चुके हैं.
2027 वनडे वर्ल्ड कप के फॉर्मेट को देखते हुए भारत और पाकिस्तान के बीच दो बार टूर्नामेंट में भिड़ंत हो सकती है. पहले रॉउंड रॉबिन में और फिर सुपर-7 स्टेज में दोनों टीमों के बीच टक्कर हो सकती है. अगर दोनों टीमें अगले स्टेज में पहुंचती हैं तो फिर भारत-पाकिस्तान के बीच तीसरी बार भी टक्कर हो सकती है.
𝙈𝘼𝙍𝙆 𝙔𝙊𝙐𝙍 𝘾𝘼𝙇𝙀𝙉𝘿𝘼𝙍𝙎 🗓️
The ICC Men’s #CWC27 fixtures have been unveiled 🏆