'लोकतंत्र को कर रहे हैं बर्बाद', ज्ञानेश कुमार को लेकर राहुल गांधी का बड़ा बयान, 15000 वोटर्स के नाम हटाने का आरोप
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि हटाए गए वोटर्स में मुस्लिम, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के मतदाता शामिल हैं. उन्होंने यह भी दावा किया कि बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) पर ऐसे फॉर्म पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया गया.
बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को फॉर्म पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया गया. (Photo: ANI)
देशभर में जारी वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस और चुनाव आयोग के बीच विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है. कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए. राहुल गांधी ने एक्स पर दावा किया कि SIR के जरिए लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया जा रहा है और उन्होंने इसे ‘देशद्रोह’ तक बताया. साथ ही उन्होंने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की अपनी मांग भी दोहराई.
विज्ञापन
15 हजार नाम हटाने की साजिश का आरोप
राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देकर ‘सरकारी गवाह’ बनना चाहिए. पीएम मोदी और अमित शाह के खिलाफ जांच शुरू होनी चाहिए. राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट के जवाब में कर्नाटक के बेलगावी का मामला उठाया. उन्होंने दावा किया कि वहां बड़ी संख्या में Form 7 आवेदन सामने आए हैं, जिनका इस्तेमाल मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए किया जाता है. कांग्रेस सासंद के मुताबिक, 22, 23 और 24 सितंबर के दौरान करीब 15 हजार मतदाताओं के नाम हटाने के लिए आवेदन किए गए.
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि हटाए गए वोटर्स में मुस्लिम, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के मतदाता शामिल हैं. उन्होंने यह भी दावा किया कि बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) पर ऐसे फॉर्म पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया गया, जिनमें उन लोगों के नाम शामिल थे जिन्हें वे व्यक्तिगत रूप से जानते थे. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि वोटर्स लिस्ट से नाम हटाने की प्रक्रिया सॉफ्टवेयर के जरिए केंद्रीकृत तरीके से संचालित की जा रही है.
राहुल गांधी ने बताया कि कर्नाटक कांग्रेस के नेता राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के कार्यालय पहुंचे और कथित गड़बड़ियों को लेकर FIR दर्ज करने की मांग की. उनके अनुसार, अधिकारियों ने कार्रवाई की मांग स्वीकार नहीं की. राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार मिलकर SIR के जरिए लोकतंत्र को नुकसान पहुंचा रहे हैं. आपको बता दें कि INDIA गठबंधन ने SIR और चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी कथित गड़बड़ियों के खिलाफ 2 अक्टूबर को देशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है.