हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: CJP ProtestGyanesh KumarSIRBigg Boss 20

राजस्थान में सरकारी कर्मचारियों की ग्रेच्युटी 5 लाख रुपये बढ़ी

Today News Headlines: कोलकाता रेप मर्डर केस के विरोध में आज भाजपा ने 12 घंटे का पश्चिम बंगाल बंद बुलाया है। आज मोदी कैबिनेट की अहम बैठक होगी। पेरिस में समर पैरालिंपिक आज से शुरू हो रहे हैं।

विज्ञापन
देखें देश दुनिया की खबरें...

Live Updates

20:13 (IST) 28 Aug 2024

जम्मू-कश्मीर में 6 चीनी ग्रेनेड बरामद

भारतीय सेना ने पुंछ जिले के शींदारा सेक्टर के दाछी जंगल से 6 चीनी ग्रेनेड बरामद किए हैं। सूत्रों के अनुसार सेना का सर्च ऑपरेशन अभी जारी है।

20:08 (IST) 28 Aug 2024

राजस्थान में सरकारी कर्मचारियों की ग्रेच्युटी 5 लाख रुपये बढ़ी

राजस्थान सरकार ने पूर्व सरकारी कर्मचारियों के परिजनों के हक में बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने सभी राजकीय कर्मचारियों की मृत्यु के बाद मिलने वाली उनकी ग्रेच्युटी की रकम 20 लाख से बढ़ाकर 25 लाख कर दी है।

19:52 (IST) 28 Aug 2024

जम्मू-कश्मीर में बादल फटने से 3 की मौत, 4 लोग अब भी लापता

जम्मू-कश्मीर के राजगढ़ में बादल फटने से तीन लोगों की मौत हो गई है। बुधवार को मीडिया से बात करते हुए राजगढ़ के तहसीलदार मेजर सिंह ने बताया कि 26 अगस्त को बादल फटने की घटना हुई थी। इस हादसे में 7 लोग लापता हुए थे। उन्होंने कहा कि लापता हुए लोगों में से 3 लोगों के शव बरामद हो गए हैं। वहीं, 4 लोग अब भी लापता हैं। उनका कहना था कि NDRF की टीम लापता लोगों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चल रही है।

19:04 (IST) 28 Aug 2024

सीएनजी पंप पर गैसलाइन फटी, एक झुलसा

बुलंदशहर में सीएनजी पंप की हाइड्रो टेस्टिंग के दौरान गैसलाइन का कंप्रेशर फट गया। इस हादसे में एक पंप कर्मचारी घायल हुआ है। जानकारी के अनुसार मौके पर मौजूद अन्य कर्मियों ने घायल को निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घायल की पहचान रामकुमार के रूप में हुई है।

17:15 (IST) 28 Aug 2024

RAU’S कोचिंग सेंटर में फिलहाल क्लास नहीं

दिल्ली के RAU’S IAS कोचिंग सेंटर में फिलहाल किसी तरह की कोई क्लास नहीं चलेंगी। बुधवार को राऊज एवेन्यू कोर्ट ने कोचिंग सेंटर की याचिका खारिज करते हुए ये फैसला दिया है। बता दें ओल्ड राजेंद्र नगर इलाके के इस कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में बारिश का पानी भरने से तीन छात्रों की मौत हुई थी। इस घटना के बाद कोचिंग सेंटर को सील कर दिया गया था।

16:56 (IST) 28 Aug 2024

यूपी उपचुनाव को लेकर चुनाव आयोग पहुंचे सपा नेता राम गोपाल यादव, धांधली की जताई आशंका

उत्तर प्रदेश में उपचुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी नेता राम गोपाल यादव बुधवार को चुनाव आयोग पहुंचे हैं। चुनाव अधिकारियों से मुलाकात के बाद सपा नेता ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सरकार ने राज्य में कई जिलों के पुलिस अधिकारियों और नागरिक प्रशासन के अधिकारियों को हटा दिया है। उनका दावा कि ऐसे लोग हटाए गए हैं जो समाजवादी पार्टी का समर्थक करते थे। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने उपचुनाव में धांधली की मंशा से यह कदम उठाया है।

16:15 (IST) 28 Aug 2024

PDP ने 17 उम्मीदवारों की लिस्ट की जारी

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बुधवार को पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने 17 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। इस लिस्ट में नौशेरा विधानसभा से हक नवाज और ईदगाह विधानसभा से मोहम्मद खुर्शीद आलम और गांदरबल से बशीर अहमद मीर को पार्टी ने अपना प्रत्याशी बनाया है।

15:03 (IST) 28 Aug 2024

BRS नेता के. कविता हैदराबाद रवाना

BRS नेता के. कविता अपने भाई केटीआर के साथ दिल्ली एयरपोर्ट से हैदराबाद के लिए रवाना हो गई हैं। बता दें के. कविता को 27 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद तिहाड़ जेल से रिहा किया गया है।

14:57 (IST) 28 Aug 2024

3 बच्चों के साथ महिला ने सुसाइड किया

बिहार के सीतामढ़ी जिले के बेला थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर गांव में पारिवारिक विवाद को लेकर एक महिला ने खौफनाक कदम उठाया है। पति से विवाद होने के बाद महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ पोखर में कूद आत्महत्या कर ली है। मृतका की पहचान स्थानीय संजीव साह के 30 वर्षीय पत्नी मंजू देवी, 6 वर्षीय पुत्र आर्यन, 4 वर्षीय पुत्र सुशांत और 2 वर्षीय पुत्र हिमांशु के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि सुसाइड से पहले महिला ने पहले अपने घर में आग भी लगा दी थी। इसके बाद मध्य रात्रि को अपने तीनों बच्चों लेकर गांव के पोखर में छलांग लगा दी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने चारो शवों को अपने कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

14:19 (IST) 28 Aug 2024

आगरा में महफूज नहीं बेटियां

आगरा में एक बार फिर 8 साल की मासूम दरिंदगी का शिकार हुई है। परिवार ने बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया है। बच्ची से दरिंदगी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसका मेडिकल कराया, जिसमें रेप की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपी आजाद को गिरफ्तार किया है। थाना ताजगंज क्षेत्र की घटना है।

13:44 (IST) 28 Aug 2024

केपी यादव का मंच से बड़ा दावा

ज्योतिरादित्य सिंधिया को हराने वाले भाजपा के गुना से पूर्व सांसद केपी यादव मंच से बोले कि टाइगर अभी जिंदा है। यादव महासभा द्वारा गुना के मुंगावली में आयोजित कृष्ण जन्माष्टमी के कार्यक्रम में बोल रहे थे। केपी यादव ने कहा कि मैंने देखा कि कई लोग मुझे देखकर उदास नजर आए, लेकिन उदास न हों, श्रीकृष्ण पर विश्वास रखें, टाइगर अभी जिंदा है। लोकसभा से टिकिट कटने के बाद राज्यसभा जाने की उम्मीद थी। केपी यादव का टिकिट काटकर सिंधिया को भाजपा ने गुना से टिकट दिया था। गृहमंत्री अमित शाह ने सिंधिया के चुनावी सभा में केपी की चिंता उनकी चिंता बताकर राजनीतिक पुनर्वास का भरोसा दिया था।

12:38 (IST) 28 Aug 2024

टीका लगने के बाद 11 छात्राएं बेहोश

उत्तर प्रदेश के रामपुर में जापानी दिमागी बुखार का टीका लगने के बाद 11 छात्राएं बेहोश हो गईं। उन्हें शाहबाद के CHC में भर्ती कराया गया है। जापानी दिमागी बुखार से बचाव के लिए जेई टीकाकरण का कार्यक्रम स्कूलों में चल रहा है। रामपुर शाहबाद सैफनी के आदर्श पब्लिक जूनियर हाईस्कूल में छात्राओं को टीका लगाया जा रहा था, लेकिन टीका लगने के बाद 11 छात्राएं बेहोश हो गईं। यह देख स्कूल में अफरातफरी मच गई। तत्काल सभी छात्राओं को शाहबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

11:40 (IST) 28 Aug 2024

चलती कार में इंजीनियरिंग छात्रा से रेप का मामला

आगरा में चलती कार में इंजीनियरिंग छात्रा से रेप मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। पुलिस ने गाजीपुर निवासी शिवांश को गिरफ्तार किया है। 11 अगस्त को सीनियर स्टूडेंट शिवांश पर पीड़िता ने रेप की FIR दर्ज कराई थी। चलती कार में दुष्कर्म और मारपीट करने का आरोप था। घटना के बाद पीड़िता को अर्द्धनग्न हालत में सड़क पर फेंक दिया गया था। पीड़िता ने थाने पहुंच कर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने पूछताछ के बाद साक्ष्य के आधार पर शिवांश को गिरफ्तार किया। थाना सिकंदरा का मामला है।

10:40 (IST) 28 Aug 2024

महाराष्ट्र में अब एक और महागठबंधन

महाराष्ट्र में महायुति और महाविकास आघाड़ी के बाद अब एक और महागठबंधन हुआ है। स्वराज्य पार्टी प्रमुख छत्रपति संभाजी राजे और प्रहार पार्टी प्रमुख विधायक बच्चू कडू और विभिन्न दलों के प्रमुख पदाधिकारी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए राज्य में नए गठबंधन के गठन को लेकर आज मुंबई में बैठक करेंगे। ऐसे में आज महाराष्ट्र की राजनीति में एक नया गठबंधन बनकर सामने आ सकता है। बैठक में स्वराज्य पार्टी प्रमुख छत्रपति संभाजी राजे, प्रहार जनशक्ति पार्टी प्रमुख विधायक बच्चू कडू समेत विभिन्न दलों के प्रमुख प्रतिनिधि शामिल होंगे।

09:55 (IST) 28 Aug 2024

कूटू के आटे से फूड प्वॉइजनिंग का मामला

उत्तर प्रदेश के आगरा में कुट्टू का आटा खाने से फूड प्वॉइजनिंग का मामला सामने आया है। करीब 100 मरीजों के भर्ती होने के बाद FSDA की छापेमारी हुई। बंसल इंडस्ट्री से करीब 500 किलो आटा जब्त किया गया है। अन्य प्रतिष्ठानों से भी आटे के साथ अन्य खाद्य पदार्थों के लिए नमूने लिए गए हैं। आटा खाने से जन्माष्टमी व्रत रखने वाले बीमार हुए थे। एसएन मेडिकल कॉलेज में 98 मरीज भर्ती हैं। 92 मरीज आगरा के और 6 मरीज मथुरा के हैं।

09:24 (IST) 28 Aug 2024

यूपी में डिजिटल मीडिया नीति 2024 को मंजूरी

उत्तर प्रदेश में डिजिटल मीडिया नीति 2024 को मंजूरी मिल गई है। बीते दिन योगी सरकार ने कैबिनेट मीटिंग में प्रस्ताव पर मुहर लगाई और नीति तुंरत प्रभाव से लागू करने का आदेश दिया। नई नीति के अनुसार, अब सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर कानूनी कार्रवाई होगी। आरोपी को 3 साल की जेल से लेकर उम्रकैद तक की सजा होगी।

08:51 (IST) 28 Aug 2024

हिमाचल में लड़कियों की शादी की उम्र बदली

हिमाचल प्रदेश में अब लड़कियों की शादी 18 नहीं 21 साल की उम्र में होगी। विधानसभा में लड़कियों की शादी की उम्र से जुड़ा विधेयक पेश हुआ है, जिसे मानसून सत्र में ध्वनि मत से पारित भी कर दिया गया। अब इसे राज्यपाल की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। राज्यपाल की स्वीकृति के बाद ही यह विधेयक कानून बन जाएगा।
08:11 (IST) 28 Aug 2024

उत्तरकाशी के वरुणावत पर्वत से भूस्खलन

उत्तरकाशी में भारी बारिश के बाद रात करीब पौने 2 बजे वरुणावत की तलहटी में भूस्खलन हुआ। इससे गोफियारा जल संस्थान कॉलोनी और स्टोर के आसपास मलबा गिरा। इससे गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग और गोफियारा कॉलोनी में सड़कों पर खड़े कई वाहन मलबे में दब गए। वाहन स्थानीय लोगों के बताए जा रहे हैं। फिलहाल जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन बचाव अभियान जारी है।

07:37 (IST) 28 Aug 2024

भाजपा का बंगाल बंद आज

कोलकाता रेप मर्डर केस और छात्रों को पुलिस हिरासत में रखने के विरोध में आज भाजपा ने बुधवार को 12 घंटे का बंगाल बंद बुलाया है। हालांकि ममता सरकार ने इसकी इजाजत नहीं दी है, लेकिन भाजपा बंगाल बंद के लिए तैयार है। बीते दिन रेप मर्डर केस का विरोध जताते हुए पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी का इस्तीफा मांगते हुए छात्रों ने मार्च निकाला था। इस दौरान खूब हंगामा हुआ और प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। आंसू गैस के गोले छोड़े और वाटर कैनन से उन्हें खदेड़ा। 100 से ज्यादा छात्रों को गिरफ्तार करके हिरासत में रखा गया।

06:59 (IST) 28 Aug 2024

अरुणाचल प्रदेश में आर्मी का ट्रक खाई में गिरा

अरुणाचल प्रदेश के इटानगर में ऊपरी सुबनसिरी जिले में आर्मी का एक ट्रक गहरी खाई में गिर गया। हादसे में 3 जवान शहीद हो गए। 4 को गंभीर चोटें लगी हैं, जिन्हें रेस्क्यू करके अस्पताल पहुंचाया गया। सेना की पूर्वी कमान ने अपने जवानों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है, जिनकी पहचान हवलदार नखत सिंह, नायक मुकेश कुमार और ग्रेनेडियर आशीष के रूप में हुई है।

Breaking News in Hindi Live Updates: नमस्कार, आज की खबरों की दुनिया में आपका स्वागत है। आज की प्रमुख खबर की बात करें तो आज सुबह एक सड़क हादसे में सेना के 3 जवान शहीद हो गए और 4 गंभीर घायल हुए। कोलकाता में डॉक्टर रेप मर्डर केस को लेकर बवाल हो रहा है। बीते दिन के हंगामेदार विरोध प्रदर्शन और ममता सरकार की कार्रवाई को देखते हुए आज भाजपा ने 12 घंटे का बंगाल बंद बुलाया है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैबिनेट मीटिंग बुलाई है, जिसमें सरकार आगे के कामों की रणनीति बना सकती है। पेरिस में समर पैरालिंपिक आज से शुरू होंगे, जो 8 सितंबर तक चलेंगे। इनमें 84 भारतीय खिलाड़ी दम खम दिखाएंगे। इसके अलावा आज दिनभर की ताजा खबरों के लाइव अपडेट्स के लिए बने रहें NEWS24 के साथ…

संबंधित खबरें

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Khushbu Goyal

खुशबू गोयल News24 हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वेब जर्नलिज्म में 13 साल का अनुभव रखने वाली खुशबू गोयल राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और राज्यस्तरीय न्यूज और चुनावी कवरेज करती हैं. खुशबू गोयल ने अक्टूबर 2013 में अमर उजाला डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत की थी, जहां 7 साल सेवाएं देने के बाद साल नवंबर 2020 में दैनिक भास्कर डिजिटल जॉइन किया और सितंबर 2023 से News24 के डिजिटल में सेवाएं दे रही हैं. 13 साल के करियर में खुशबू गोयल ने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिकल, क्राइम टॉपिक कवर करने में विशेषज्ञता हासिल की. खुशबू गोयल का पत्रकारिता में अनुभव: 13 साल योग्यता: कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के IMC&MT इंस्टीट्यूट से मास्टर ऑफ कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म (MJ) के बाद जर्नलिज्म में MPhil की डिग्री ली. खुशबू गोयल ने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव की विस्तृत रिपोर्टिंग की है, जिसमें उन्हें ग्राउंड कवरेज करने का भी अनुभव है. इसके अलावा पिछले 13 साल में विभिन्न राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव को भी उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग के साथ कवर किया.
... और पढ़ें

ताज़ा खबरें

Sponsored Links by Taboola