Eye Problem Home Remedies: आजकल आंखों से संबंधित समस्याएं ज्यादा बढ़ने लगती हैं. ऐसा आंखों को आराम ना मिलने की वजह से हो सकता है. अगर आप रोजाना मोबाइल चला रहे हैं या टीवी देख रहे हैं तो आंखों की रोशनी पर असर होना लाजिमी है. कई बार आंखों में जलन, सूखापन, धुंधला दिखना या दर्द जैसी दिक्कत होना भी शुरू हो जाती हैं. इन समस्याओं से राहत पाने के लिए कई बार ऑपरेशन की सलाह दी जाती है, कुछ लोग दवा का भी सहारा लेते हैं. इसको लेकर आचार्य मनीष जी का कहना है कि अगर आपकी आंखों को ऑपरेशन की जरूरत है तो करवाने से पहले सही दिनचर्या या आयुर्वेदिक उपाय को अपनाएं. कई बार ध्यान देने पर आंखों की कई तरह की समस्याओं को दूर किया जा सकता है. ये उपाय क्या हैं, आइए इस लेख में जानते हैं आचार्य मनीष जी के अनुसार आंखों को स्वस्थ रखने के आसान तरीके.
इसे भी पढ़ें- खाना हजम नहीं हो रहा? बार-बार दस्त से तुरंत राहत देंगे ये आयुर्वेदिक उपाय
आंखों की समस्या के लक्षण
- आंखों में जलन होना
- खुजली की शिकायत होना
- बार-बार पानी आना
- धुंधला दिखाई देना
- सिर दर्द या आंखों में भारीपन
- लंबे समय तक स्क्रीन देखने के बाद थकान
आंखों के लिए पंचकर्म थेरेपी है फायदेमंद
आयुर्वेद में पंचकर्म थेरेपी शरीर को अंदर से शुद्ध करने और बीमारियों को जड़ से कम करने का तरीका माना जाता है. आंखों से जुड़ी कई समस्याओं में भी पंचकर्म काफी फायदेमंद माना जाता है, जिसे घर पर भी आसानी से किया जा सकता है.
नेत्र तर्पण क्या हैं?
यह आंखों के लिए सबसे लोकप्रिय आयुर्वेदिक थेरेपी है. इसमें आंखों के चारों ओर आटे की दीवार बनाकर उसमें औषधीय घी डाला जाता है.
नेत्र तर्पण कैसे करें?
- सबसे पहले चेहरे को अच्छी तरह साफ कर लें.
- फिर देसी घी को हल्का गुनगुना करें और आटे की लोई बना लें.
- अब आटे को आंखों के चारों ओर एक गोल घेरा बनाएं.
- ध्यान रखें कि यह घेरा अच्छी तरह चिपका हो, ताकि घी बाहर ना निकले
- अब धीरे-धीरे गुनगुना घी इस घेरे के अंदर डालें, ताकि आंखें पूरी तरह घी में डूब जाएं.
- इस दौरान आंखें बंद रखें और 2 मिनट बाद धीरे-धीरे आंखें खोलें और बंद करें.
- यह प्रक्रिया 5-10 मिनट तक करें. समय पूरा होने पर घी को सावधानी से निकाल लें.
नेत्र तर्पण के फायदे
- आंखों की ड्राइनेस कम करना
- जलन और थकान से राहत दिलाना
- रोशनी को बेहतर बनाने में मदद करना
किन समस्याओं में मिल सकती है मदद?
- आंखों में जलन और सूखापन दूर करना
- धुंधला दिखना की समस्या कम करना
- आंखों की थकान कम करना
- एलर्जी से राहत दिलाना
इसे भी पढ़ें- दिल में छेद कैसे हो जाता है? जानिए इस गंभीर समस्या के शुरुआती लक्षण
अस्वीकरण – इस खबर को सामान्य जानकारी के तौर पर लिखा गया है. अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह लें या चिकित्सक से परामर्श करें. न्यूज 24 किसी तरह का दावा नहीं करता है.










