---विज्ञापन---

दुनिया angle-right

बगदाद में अमेरिकी पत्रकार शेली किटलसन का किडनैप, तलाश में जुटी सुरक्षा एजेंसियां

बगदाद में अमेरिकी पत्रकार शेली किटलसन का अपहरण हो गया, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों का सर्च ऑपरेशन जारी है. इस मामले में अब तक एक आरोपी गिरफ्तार किया गया है.

---विज्ञापन---

इराक की राजधानी बगदाद से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां अमेरिकी पुरस्कार विजेता पत्रकार शेली किटलसन का अपहरण कर लिया गया है. ये घटना मंगलवार को उस समय हुई जब वह शहर में रिपोर्टिंग कर रही थीं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ अज्ञात हथियारबंद लोगों ने उनकी गाड़ी को रास्ते में रोका और जबरन उन्हें बाहर निकालकर अपने साथ ले गए. इस घटना का एक वीडियो भी स्थानीय मीडिया में सामने आया है, जिसमें पत्रकार को जबरदस्ती ले जाते हुए देखा जा सकता है. इराक के गृह मंत्रालय ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि एक विदेशी महिला पत्रकार का अपहरण किया गया है. हालांकि शुरुआत में उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई थी, लेकिन बाद में रिपोर्ट्स में उनका नाम शेली किटलसन बताया गया.

सर्च ऑपरेशन में जुटी एजेंसियां

घटना के तुरंत बाद इराकी सुरक्षा एजेंसियों ने बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया. अधिकारियों के मुताबिक, एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है. सुरक्षा बलों ने किडनैपर्स के इस्तेमाल किए गए व्हीकल को भी बरामद किया है, जो पीछा करते समय पलट गया था. शेली किटलसन एक अनुभवी फ्रीलांस पत्रकार हैं, जो मिडिल ईस्ट और अफगानिस्तान जैसे युद्ध क्षेत्रों में रिपोर्टिंग के लिए जानी जाती हैं. उन्होंने BBC समेत कई अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थानों के लिए काम किया है. उनका काम खासतौर पर युद्ध और राजनीतिक संघर्षों पर केंद्रित रहा है.

---विज्ञापन---

पहले भी कई पत्रकारों का हुआ अपहरण

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब इराक में सुरक्षा स्थिति पहले से बेहतर मानी जा रही थी, लेकिन फिर भी अपहरण जैसी घटनाएं पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि देश में अब भी कई ऐसे हथियारबंद ग्रुप एक्टिव हैं, जो कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बने हुए हैं. पत्रकारों के लिए इराक जैसे संघर्ष प्रभावित इलाकों में काम करना हमेशा जोखिम भरा रहा है. इससे पहले भी कई विदेशी पत्रकारों का अपहरण हो चुका है, जिससे मीडिया की सुरक्षा पर सवाल उठते रहे हैं. फिलहाल पूरी दुनिया की नजर इस मामले पर बनी हुई है और उम्मीद की जा रही है कि शेली किटलसन को जल्द सुरक्षित छुड़ा लिया जाएगा.

First published on: Mar 31, 2026 11:43 PM

End of Article
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola