Ghaziabad News: गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में सोमवार की रात दुकान बंद कर घर लौट रहे एक ग्रोसरी व्यापारी से बाइक सवार तीन बदमाश रुपए से भरा थैला छीनकर फरार होने के मामले में पुलिस ने 6 बदमाशों को गिरफ्तार करके घटना का खुलासा किया है। पकड़े गए आरोपियों में व्यापारी की दुकान में काम करने वाले दो कर्मचारी भी शामिल है। बताया गया है कि इन्ही ने व्यापारी की रेकी की थी। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को एनकाउंटर में गिरफ्तार किया। पकड़े गए कुल 6 बदमाशों के पास से पुलिस टीम ने लूटे गए 23 लाख रुपये बरामद किए है।
ग्रोसरी व्यापारी से छीना था रूपयों से भरा बैग
बता दें कि गाजियाबाद के सिद्धार्थ विहार में रहने वाले ग्रोसरी व्यापारी प्रवेश विश्नोई बीते सोमवार की रात वसुंधरा स्थित अपनी दुकान को बंद करके अपने घर वापस जा रहे थे। इस दौरान जब वह हिंडन पुस्ता पर पहुंचे थे, तभी बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे से आतंकित करते हुए उनकी बाइक रोक ली थी और विरोध करने पर धमकी देते हुए उनसे रूपयों भरा बैग छीनकर फरार हो गए थे। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी की थी और तभी से पुलिस आरोपियों की तलाश करने में जुटी थी।
दो कर्मचारियों सहित 6 बदमाश गिरफ्तार
गरुवार को पुलिस लाइन में एडिशनल कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी और डीसीपी निमिष पाटी ने प्रेसवार्ता करते जानकारी दी कि व्यापारी ने बताया था कि उनकी दुकान पर काम करने वाले मुकुल को बैग के बारे में जानकारी थी। जिसके बाद पुलिस टीम ने मुकुल की जानकारी की और सीडीआर निकाली तो पूरे गैंग का खुलासा हुआ। पुलिस टीम ने आरोपी मुकुल समेत सुरेन्द्र और आकाश को बुधवार देर रात मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया था। जिसके बाद उसके अन्य साथियों नितेश निवासी भीमनगर, विवेक निवासी दादरी ग्रेटर नोएडा और विशाल निवासी पचगई को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला कि मुकुल और नितेश व्यापारी की दुकान पर कर्मचारी है और इन्होने ही रेकी की थी। आरोपियों के कब्जे से पुलिस टीम ने व्यापारी से लूटे गए 23 लाख रुपये बरामद किए है।
दो बदमाश गोली लगने से हुए घायल
इंदिरापुरम के एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव के अनुसार, बुधवार देर रात इंदिरापुरम थाना पुलिस टीम और ट्रांस हिंडन स्वाट टीम संयुक्त रूप से वसुंधरा के टी पॉइंट पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक बाइक पर आ रहे तीन संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया। जिस पर बाइक सवार युवकों ने बाइक नहीं रोकी और कच्चे रास्ते की तरफ दौड़ा दी। पुलिस टीम ने बाइक सवारों का पीछा किया, तो बाइक पर बैठे दो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान क्रॉसिंग रिपब्लिक निवासी मुकुल, बीटा 2 ग्रेटर नोएडा निवासी सुरेंद्र और नट बढइया चौक नोएडा निवासी आकाश के रूप में हुई है। पुलिस ने घायल हुए बदमाश मुकुल और सुरेंद्र को अस्पताल में भर्ती कराया है।