राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहा विरोध प्रदर्शन अब और तेज हो गया है. बिना अनुमति प्रदर्शन कर रहे लोगों पर दिल्ली पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है. पुलिस अब तक करीब 700 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले चुकी है. हिरासत में लिए गए लोगों में AAP के कई दिग्गज नेताओं के साथ-साथ विपक्षी दलों और सामाजिक संगठनों के बड़े चेहरे भी शामिल हैं. प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे AAP के वरिष्ठ नेता संजय सिंह और आतिशी को पुलिस ने जंतर-मंतर पर ही रोककर हिरासत में ले लिया. हिरासत में लिए जाने के बाद आतिशी ने BJP और पुलिस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि जो भी नरेंद्र मोदी के खिलाफ आवाज उठाएगा, उसे पुलिस गिरफ्तार या हिरासत में ले लेगी. वहीं, संजय सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस उन्हें संसद जाने से भी रोक रही है.
वृंदा करात और योगेंद्र यादव भी पकड़े गए
जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश कर रही पूर्व राज्यसभा सांसद और माकपा नेता वृंदा करात को भी पुलिस ने रास्ते में ही हिरासत में ले लिया. इसके अलावा स्वराज इंडिया के प्रमुख योगेंद्र यादव और आइसा (AISA) कार्यकर्ता नेहा बोरा को भी पुलिस ने हिरासत में लेकर गाड़ियों में बैठाया. छात्र संगठन एसएफआई (SFI) और डीवाईएफआई (DYFI) के सदस्यों ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जोरदार नारेबाजी और प्रदर्शन किया.
पुलिस कमिश्नर ने खुद संभाला मोर्चा
इलाके में बिगड़ते हालात को देखते हुए दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ खुद जंतर-मंतर पहुंचे. उन्होंने मौके पर मौजूद सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए. पूरे इलाके में सुरक्षा घेरा बेहद कड़ा कर दिया गया है और किसी को भी बिना इजाजत आगे बढ़ने की छूट नहीं दी जा रही है.
दिल्ली पुलिस की ओर से इस धरने की अनुमति नहीं
दिल्ली पुलिस की ओर से इस धरने की अनुमति नहीं दी गई थी. अनुमति न मिलने के बावजूद जैसे ही आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर की ओर बढ़ने का प्रयास किया तो पुलिस ने एक्शन लेते हुए ‘आप’ के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया.
‘प्रदर्शन करना हमारा संवैधानिक अधिकार’
दिल्ली पुलिस द्वारा रोके जाने और पाबंदियों के सवाल पर AAP के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने जंतर-मंतर पर बातचीत में कहा, “बिना किसी गाड़ी का इस्तेमाल किए मैं जंतर-मंतर पहुंचा हूं, मुझे पूरा भरोसा है कि दोपहर तक बड़ी संख्या में Gen-Z (नई पीढ़ी), महिलाएं और युवा चुनाव आयोग के खिलाफ अपनी आवाज उठाने के लिए यहां जुटेंगे.” “विरोध और प्रदर्शन करना हमारा अधिकार है. पुलिस का कहना है कि हमें यहां प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है.
प्रदर्शन के आह्वान को देखते हुए दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को भारी संख्या में तैनात किया गया है. पूरे इलाके में जगह-जगह मजबूत बैरिकेडिंग की गई है ताकि भीड़ को एक जगह जमा होने से रोका जा सके. पुलिस ड्रोन कैमरों के जरिए पूरे क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रख रही है.
अफवाहों को रोकने के लिए इंटरनेट पर रोक
अधिकारियों के अनुसार, सोशल मीडिया के जरिए किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी और भीड़ को भड़काने वाली अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए ऐहतियाती कदम उठाए गए हैं. जंतर-मंतर के आसपास इंटरनेट सेवाओं को निलंबित किया गया है. आसपास से गुजरने वाले नागरिकों और दफ्तर जाने वाले लोगों को कड़ी जांच के बाद ही आगे बढ़ने दिया जा रहा है.
आज दिल्ली के 11 मेट्रो स्टेशन बंद रखने का ऐलान
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) का कहना है कि प्रदर्शन के चलते आज दिल्ली के 11 मेट्रो स्टेशन बंद रखने का ऐलान किया है. आज जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, INA, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन में एंट्री और एग्जिट अगले आदेश तक बंद रहेगी. वहीं राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी.