पटना एयरपोर्ट पर शनिवार सुबह एक असामान्य स्थिति देखने को मिली जब एयर इंडिया की फ्लाइट बंगलौर से IX2936 के यात्रियों ने भारी हंगामा किया। यह फ्लाइट निर्धारित समय पर यात्रियों को लेकर एयरपोर्ट पहुंची, लेकिन यात्रियों को सूचित किया गया कि उनके लगेज को फ्लाइट में शामिल नहीं किया गया है। एयर इंडिया के ग्राउंड स्टाफ की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, विमान का कुल वजन अधिक हो जाने के कारण कुछ यात्रियों के सामान को प्लेन में नहीं चढ़ाया जा सका। यह सुनते ही फ्लाइट में सवार करीब 180 यात्री नाराज हो गए और उन्होंने एयरपोर्ट परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।
एयर इंडिया की जवानों ने की मदद
हालात को बिगड़ता देख एयर इंडिया के ग्राउंड स्टाफ ने तुरंत केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों की मदद ली। जवानों ने यात्रियों को समझाने और शांत कराने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया गया। इस घटना से पटना एयरपोर्ट पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हालांकि, एयर इंडिया की ओर से यात्रियों को भरोसा दिया गया कि उनका सामान अगली फ्लाइट से जल्द ही गंतव्य तक पहुंचा दिया जाएगा। यात्रियों ने एयरलाइन प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया और बेहतर समन्वय और पारदर्शिता की मांग की। इस पूरे मामले पर एयर इंडिया ने जांच का दिलासा दिया है।