सिगरेट के पैसे के लिए पटना में चल गया चाकू, हत्या की वारदात के बाद इलाके में तनाव

पटना में मामूली सिगरेट के पैसे को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि छात्र की सरेआम चाकू गोदकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है.

Patna student murder news
विज्ञापन

बिहार की राजधानी पटना में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े एक छात्र की बेरहमी से हत्या कर दी. कंकड़बाग थाना क्षेत्र के लोहियानगर में महज 200 रुपये और सिगरेट के विवाद में 22 वर्षीय गौरव कुमार को बीच सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर चाकू से गोद दिया गया. इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग पुलिस की गश्त पर सवाल उठा रहे हैं. मृतक गौरव बीए पार्ट-1 का छात्र था और हाल ही में अपनी पढ़ाई पूरी करने के लिए गांव से पटना आया था, लेकिन उसे क्या पता था कि एक मामूली झगड़ा उसकी जान ले लेगा.

200 रुपये के लेनदेन से शुरू हुआ विवाद

घटना की शुरुआत मंगलवार शाम को एमआईजी पार्क के पास हुई थी. मृतक के भाई सौरव ने बताया कि गौरव ने एक परिचित युवक को चाय और सिगरेट लाने के लिए 200 रुपये दिए थे. जब उस युवक ने न तो सामान लाया और न ही पैसे वापस किए, तो दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. यह कहासुनी जल्द ही हाथापाई में बदल गई और वहां मौजूद कुछ अन्य लड़कों ने मिलकर गौरव की पिटाई कर दी. उस वक्त तो मामला शांत हो गया और घायल गौरव ने अपने घर पहुंचकर परिजनों को इसकी जानकारी दी, लेकिन आरोपी वहीं नहीं रुके और गौरव का पीछा करते हुए उसके ठिकाने तक पहुंच गए.

विज्ञापन

हथियारों से लैस बदमाशों का दुकान पर हमला

मंगलवार की रात करीब 15 से 20 की संख्या में उपद्रवी युवक लाठी, डंडे और धारदार चाकू लेकर लोहियानगर स्थित रानी स्टील शटर की दुकान पर धावा बोल दिया. परिजनों का कहना है कि वे लोग पहले से ही दुकान के आसपास रेकी कर रहे थे. जैसे ही मौका मिला, बदमाशों ने दुकान के गेट पर ही गौरव को घेर लिया और उस पर ताबड़तोड़ वार करने लगे. बचाव करने आए परिवार के अन्य सदस्यों को भी बदमाशों ने पीटा, जिसमें कई लोग जख्मी हो गए. खून से लथपथ गौरव को तुरंत पास के नेक्टर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने बुधवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा पर उठते सवाल

घटना की जानकारी मिलते ही कंकड़बाग पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. एएसपी अभिनव ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल चार संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है और बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. गौरव मूल रूप से लखीसराय का रहने वाला था और उसके पिता पटना में छोटा कारोबार करते हैं. इस घटना ने पटना की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं कि कैसे दर्जनों लड़के हथियारों के साथ सड़क पर तांडव मचाते रहे और पुलिस को भनक तक नहीं लगी.

विज्ञापन

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Raja Alam

Raja Alam

राजा आलम वर्तमान में News 24 हिंदी (B.A.G. Network) में सीनियर सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता में चार वर्षों के अनुभव के साथ नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर बारीकी से लेखन कर रहे हैं. पत्रकारिता की नींव देश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU), अलीगढ़ से रखी, जहां से राजा आलम ने पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद, हिंदी लेखन में गहराई को और विस्तार दिया जब राजा ने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से हिंदी साहित्य में एम.ए. की डिग्री प्राप्त की. हर रोज़ कुछ नया सीखना और पाठकों तक सही, निष्पक्ष और भरोसेमंद खबर पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य रहा है. राजा के लेखन में आपको पत्रकारिता की गंभीरता के साथ-साथ पाठकों से जुड़ने वाली सरल भाषा और कंटेंट की विविधता दोनों मिलेंगे.
... और पढ़ें

/ताज़ा खबरें

विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ