'बापू के सम्मान में खरीदें खादी', गांधी जयंती पर PM मोदी ने देशवासियों से की खास अपील

गांधी जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो संदेश जारी कर महात्मा गांधी के योगदान को याद किया. पीएम ने देशवासियों से अपील की कि वे बापू के विचारों का सम्मान करने के लिए खादी और स्थानीय उत्पाद जरूर खरीदें. उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने पर खास जोर दिया.

Gandhi Jayanti, PM Narendra Modi, Tribute to Mahatma Gandhi

गांधी जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो संदेश जारी कर महात्मा गांधी के योगदान को याद किया. CREDIT: X(Narendra Modi)

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर एक वीडियो संदेश साझा करते हुए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के अतुलनीय योगदान को याद किया. इस मौके पर उन्होंने देशवासियों से भारत में बने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का आह्वान किया. पीएम मोदी ने अपने वीडियो संदेश में महात्मा गांधी के विचारों और देश के लिए उनके योगदान पर बात की. उन्होंने कहा कि बापू की विरासत का सम्मान करने का सबसे अच्छा तरीका यह है कि हम स्वदेशी को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं. प्रधानमंत्री ने देश के सभी नागरिकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे बापू के प्रति सम्मान जताने के लिए कम से कम एक खादी का उत्पाद जरूर खरीदें.

विज्ञापन
विज्ञापन

महात्मा गांधी को उनकी जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार सुबह राजधानी दिल्ली स्थित राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. पीएम मोदी ने बापू के स्मारक पर पुष्प चढ़ाए और देश के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को याद किया. राजघाट पर स्मारक परिसर में आयोजित ‘सर्व धर्म प्रार्थना सभा’ में भी प्रधानमंत्री शामिल हुए. प्रार्थना सभा के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने बापू के सत्य, अहिंसा और सेवा के विचारों को याद किया. इस दौरान प्रार्थना गीतों के जरिए महात्मा गांधी के जीवन और उनकी सीख को नमन किया गया.

विजय घाट पर लाल बहादुर शास्त्री को दी श्रद्धांजलि

राजघाट पर बापू को नमन करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के स्मारक ‘विजय घाट’ पहुंचे. शुक्रवार को देश शास्त्री जी की 122वीं जयंती मना रहा है. एम मोदी ने विजय घाट पर पुष्प अर्पित कर सादगी और दृढ़ संकल्प के प्रतीक रहे पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धा सुमन अर्पित किए. उन्होंने देश के निर्माण और सशक्त नेतृत्व के लिए शास्त्री जी के योगदान को याद किया.

विज्ञापन

‘लोकल’ उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर

प्रधानमंत्री ने बापू के सत्य, अहिंसा और सादगी के संदेश को याद करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में हमारा मार्गदर्शन कर रहे हैं. प्रधानमंत्री ने स्थानीय चीजों को अपनाने की जरूरत पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि जब देश का हर नागरिक स्थानीय कारीगरों और बुनकरों के बनाए सामान को प्राथमिकता देगा, तो इससे देश के हुनरमंद लोगों को सीधा संबल मिलेगा. पीएम मोदी ने नागरिकों से आग्रह किया कि वे खरीदारी में खादी और देश में बनी वस्तुओं को शामिल करें, जिससे बापू के सपनों का आत्मनिर्भर और सशक्त भारत साकार हो सके.

‘बापू का संदेश हमें हमेशा रास्ता दिखाता रहे’

प्रधानमंत्री ने कहा कि पूज्य बापू का जीवन और उनके विचार हर पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं. उनका संदेश समाज में सेवा भाव, सद्भाव और गरीबों के कल्याण की सीख देता है. उन्होंने कहा कि आज जब देश आत्मनिर्भरता की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है, तब बापू के स्वदेशी का विचार और भी प्रासंगिक हो जाता है.

विज्ञापन

खादी और हैंडलूम खरीदने का आग्रह

पीएम मोदी ने देश के नागरिकों, खासकर युवाओं से आग्रह किया कि वे त्योहारों के इस मौसम में खादी और हैंडलूम के उत्पाद जरूर खरीदें. उन्होंने जोर देकर कहा कि जब हम खादी का एक भी वस्त्र या कोई स्थानीय उत्पाद खरीदते हैं, तो उसका सीधा लाभ देश के बुनकरों, दस्तकारों और गरीब कारीगरों के घरों तक पहुंचता है. यह कदम न केवल स्वदेशी उद्योगों को मजबूती देता है, बल्कि ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को भी नई गति प्रदान करता है.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Vijay Jain

Vijay Jain

विजय कुमार न्यूज 24 में बतौर सीनियर न्यूज एडिटर कार्यरत हैं. विजय कुमार ने अपने पत्रकारिता के सफर की शुरुआत प्रिंट मीडिया के साथ की. अपने 23 साल के करियर में वह दैनिक जागरण, अमर उजाला और दैनिक भास्कर जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं. विजय कुमार राजनीति, चुनाव, क्राइम और करंट अफेयर्स जैसे विषयों पर तथ्यपरक पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं. विजय कुमार ने दैनिक भास्कर में रिपोर्टिंग के दौरान स्टिंग ऑपरेशन भी किए. 23 साल के अनुभव के दौरान विजय कुमार ने करियर के शुरुआती दौर में डेस्क जर्नलिस्ट रहते हुए की. विजय कुमार को 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के अलावा बिहार, यूपी, बंगाल, राजस्थान और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों के विधानसभा चुनाव की ग्राउंड कवरेज का अनुभव है. ग्रामीण उद्योगीकरण में स्नातक की डिग्री होने के कारण विजय कुमार को ग्रामीण इलाकों की समस्याओं और उनसे जुड़ी कवरेज का खासा अनुभव है. अपने लेख के माध्यम से उन्होंने ग्रामीण इलाकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है. पत्रकारिता में अनुभव: 23 साल योग्यता, डिग्री / अन्य उपलब्धियां: शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उन्होंने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से ग्रामीण उद्योगीकरण विषय में बीए की डिग्री प्राप्त की है. विजय कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए 2017 में 'श्रीफल जर्नलिज्म नेशनल अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ