अगर आप सरकारी कर्मचारी हैं या पेंशनभोगी (Pensioner) हैं, तो आपके लिए एक बेहद खुश कर देने वाली खबर है. एक तरफ जहां देश भर के केंद्रीय कर्मचारी 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) के गठन और लागू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, वहीं पूर्वोत्तर के खूबसूरत राज्य सिक्किम की सरकार ने अपने कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले कर दी है.
सिक्किम की प्रेम सिंह तमांग (Golay) सरकार ने राज्य के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) और पेंशनर्स की महंगाई राहत (DR) में 5% तक की बढ़ोतरी का बड़ा ऐलान किया है. आइए, जानते हैं कि सरकार के इस फैसले से किन कर्मचारियों की सैलरी बढ़ेगी और यह नियम कब से लागू होने जा रहा है.
लगभग 50000 कर्मचारियों और पेंशनर्स की बल्ले-बल्ले
सिक्किम सरकार के वित्त विभाग द्वारा जारी सर्कुलर के अनुसार, इस बढ़ोतरी का फायदा राज्य के लगभग 50000 सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को मिलेगा. सरकार ने अलग-अलग पे-स्ट्रक्चर (Pay Structure) के हिसाब से DA और DR की दरों में बढ़ोतरी की है.
पुराने बेसिक पे स्ट्रक्चर वाले कर्मचारियों के लिए
कितना बढ़ा DA? जिन कर्मचारियों और पेंशनर्स को पुराने बेसिक पे स्ट्रक्चर (6th Central Pay Commission) के तहत सैलरी मिलती है, उनका डीए 257% से बढ़ाकर 262% कर दिया गया है. छठे वेतन आयोग के तहत आने वाले ऑल इंडिया सर्विसेज (AIS) के अधिकारियों के लिए भी डीए 257% से बढ़ाकर 262% किया गया है.
संशोधित बेसिक पे स्ट्रक्चर वाले कर्मचारियों के लिए
जो कर्मचारी और पेंशनर्स संशोधित (7th Pay Commission) बेसिक पे स्ट्रक्चर के तहत आते हैं, उनके डीए/डीआर को 58% से बढ़ाकर 60% कर दिया गया है (2% की सीधी बढ़ोतरी). सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के तहत वेतन पाने वाले AIS अधिकारियों का डीए भी 58% से बढ़ाकर 60% कर दिया गया है.
कॉन्ट्रैक्ट और वर्क-चार्ज्ड कर्मचारियों को भी लाभ
सिक्किम सरकार ने इस बात का पूरा ध्यान रखा है कि इस बढ़ोतरी का फायदा सिर्फ पक्के कर्मचारियों तक ही सीमित न रहे. सर्कुलर के मुताबिक राज्य सरकार में कॉन्ट्रैक्ट (अनुबंध) पर काम कर रहे कर्मचारियों को भी लाभ मिलेगा. रेगुलर स्केल में संशोधित वेतन पा रहे वर्क-चार्ज्ड कर्मचारी भी लाभान्वित होंगे.
इन सभी श्रेणियों के कर्मचारियों पर भी महंगाई भत्ते की ये नई संशोधित दरें पूरी तरह लागू होंगी.
कब से लागू होंगी नई दरें और पैसों की गणना का नियम?
सर्कुलर में स्पष्ट किया गया है कि DA-DR की यह बढ़ोतरी 1 जनवरी से लागू मानी जाएगी, जिससे कर्मचारियों को एरियर (Arrears) का फायदा भी मिलेगा. पैसे के हिसाब-किताब में यदि कोई राशि 50 पैसे या उससे अधिक आती है, तो उसे अगले पूरे रुपये (Next Full Rupee) में बदल दिया जाएगा. वहीं, 50 पैसे से कम की राशि को छोड़ दिया जाएगा.
8वें वेतन आयोग के लागू होने से पहले सिक्किम सरकार का यह कदम कर्मचारियों के लिए एक बड़ी वित्तीय राहत बनकर आया है. असम सरकार जहां 8वां वेतन आयोग सबसे पहले लागू करने की रेस में आगे दिख रही है, वहीं सिक्किम ने अपने कर्मचारियों को डीए बढ़ाकर समय से पहले ही एक शानदार तोहफा दे दिया है.