Team India ODI Series: अगले साल वनडे वर्ल्ड कप होना है. आईसीसी ने इसका शेड्यूल जारी कर दिया है. साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में टूर्नामेंट का आयोजन होगा. अब इसकी उल्टी गिनती शुरू हो गई है. इस बार 14 टीमें हिस्सा लेने वाली हैं. भारतीय टीम 7 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ केपटाउन में अपने अभियान का आगाज करने वाली है. इसके बाद 10 अक्टूबर को भारत का पाकिस्तान के साथ मुकाबला होगा.
खैर टीम इंडिया अभी से तैयारियों में जुट गई है. BCCI भी टीम की तैयारियों में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहता है. पिछली बार वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत को ऑस्ट्रेलिया से मात मिली थी. खैर वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया को कुछ बड़ी टीमों के साथ वनडे सीरीज खेलनी है. भारत का शेड्यूल काफी व्यस्त है. आइए आपको बताते हैं कि भारत की किन टीमों के साथ टक्कर होने वाली है.
न्यूजीलैंड और श्रीलंका से होगी टक्कर
भारत का आगामी 22 अक्टूबर से न्यूजीलैंड का दौरा शुरू होगा. शुरुआत में पांच टी20 मुकाबले खेले जाएंगे. इसके बाद पांच वनडे मैचों की सीरीज भी खेली जाएगी. पहला वनडे 4 नवंबर को खेला जाएगा. पांच मुकाबलों में भारतीय टीम के पास तैयारियों का अच्छा मौका होगा. न्यूजीलैंड की सीरीज आगामी वर्ल्ड कप को देखते हुए काफी अहम होने वाली है. वहां पर खिलाड़ियों की कठिन परीक्षा होगी. भारतीय टीम इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी. ये मुकाबले भारत में ही खेले जाएंगे. 13, 16 और 19 दिसंबर को दोनों टीमों के बीच वनडे मुकाबले होंगे.
जिम्बाब्वे और एशिया कप में दिखेगा दम
भारतीय टीम को जिम्बाब्वे के खिलाफ भी तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है. अगले साल 3,6,9 जनवरी को भारत में टीम इंडिया जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे मैच खेलेगी. ये सीरीज भी काफी अहम होगी. अगले साल एशिया कप का आयोजन भी होने वाला है. 18 जून से 4 जुलाई तक ये टूर्नामेंट चलेगा. बड़ी बात ये है कि एशिया कप वनडे इंटरनेशनल फॉर्मेट में खेला जाएगा. वर्ल्ड कप को देखते हुए ये फैसला लिया गया है.
वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के खिलाफ भी होंगे मैच
भारतीय टीम अगले साल अगस्त-सितंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज खेल सकती है. वेस्टइंडीज में ये मुकाबले हो सकते हैं. हाल ही मे इंडियन एक्सप्रेस ने अपनी रिपोर्ट में एक बड़ा अपडेट दिया. रिपोर्ट के अनुसार वर्ल्ड कप 2027 से पहले टीम इंडिया साउथ अफ्रीका का दौरा कर सकती है. इस टूर पर भारत मेजबानों के खिलाफ 6 मैच की वनडे सीरीज खेल सकता है. मुकाबले जोहान्सबर्ग, केपटाउन और सेंचुरियन में हो सकते हैं. इन्हीं मैदानों में वर्ल्ड कप के मुख्य मैचों का आयोजन भी होना है.