---विज्ञापन---

दुनिया

रूस में भारतीय मेडिकल छात्रों पर जानलेवा हमला, चाकूबाजी में 4 घायल, सुरक्षा पर उठे सवाल

रूस के ऊफा शहर में मेडिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में चाकू से हमला हुआ, जिसमें चार भारतीय छात्रों समेत कई लोग घायल हो गए. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Author Written By: Varsha Sikri Updated: Feb 8, 2026 08:28
Knife Attack on Indian Students in Russia
Credit: Social Media

रूस से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. रूस के बश्कोर्तोस्तान रिपब्लिक की राजधानी ऊफा में मौजूद एक मेडिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में चाकू से हमला हुआ. इस हमले में चार भारतीय छात्रों समेत कई लोग घायल हो गए हैं. घटना के बाद हॉस्टल और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये घटना यूनिवर्सिटी के हॉस्टल के स्पोर्ट्स एरिया में हुई. बताया जा रहा है कि एक युवक अचानक हाथ में चाकू लेकर वहां घुसा और मौजूद छात्रों पर हमला कर दिया. हमला इतना अचानक था कि छात्रों को संभलने का मौका नहीं मिला. जान बचाने के लिए छात्र इधर-उधर भागने लगे, लेकिन इस दौरान कई लोग घायल हो गए.

ये भी पढ़ें: रूस के डिप्टी डिफेंस मिनिस्टर पर हमला, हमलावर ने बरसाई गोलियां; अस्पताल में भर्ती

---विज्ञापन---

पुलिस ने हमलावर को धर दबोचा

हमले में घायल सभी छात्रों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टर्स के मुताबिक, घायलों का इलाज चल रहा है और फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है. हालांकि, कुछ छात्रों को गहरी चोटें आई हैं. घटना की सूचना मिलते ही रूसी पुलिस मौके पर पहुंची और हमलावर को हिरासत में ले लिया गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी ने गिरफ्तारी के दौरान पुलिसकर्मियों पर भी हमला करने की कोशिश की, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमले के पीछे की वजह जानने की कोशिश की जा रही है.

भारतीय दूतावास ने जताई चिंता

रूस में मौजूद भारतीय दूतावास ने इस घटना पर चिंता जताई है. दूतावास ने कहा है कि वो लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है और घायल भारतीय छात्रों को हर संभव मदद दी जा रही है. भारतीय अधिकारियों की एक टीम छात्रों से मिलने और उनकी स्थिति जानने के लिए मौके पर पहुंच रही है. फिलहाल हॉस्टल और यूनिवर्सिटी परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. हमलावर की मानसिक स्थिति की भी जांच की जा रही है. इस घटना के बाद रूस में पढ़ रहे भारतीय छात्रों और उनके परिवारों में चिंता का माहौल है.

---विज्ञापन---
First published on: Feb 08, 2026 08:04 AM

संबंधित खबरें

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.