Delcy Rodriguez: वेनेजुएला में अव्यवस्था और तनाव के बीच वहां की सुप्रीम कोर्ट ने उप राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को अंतरिम राष्ट्रपति नियुक्त किया है. डेल्सी अमेरिका की भी पसंद हैं और अमेरिकी सेना के द्वारा गिरफ्तार किए गए निकोलस मादुरो की करीबी सहयोगी हैं. डेल्सी वेनेजुएला की राजनीति में जाना माना और शक्तिशाली नाम हैं. फिलहाल सत्ता चलाने और देश में व्यवस्था चलाने के किए अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी उनके संपर्क में थे.
सुप्रीम कोर्ट ने जारी किया आदेश
देश में सरकारी कामकाज सक्रिय रखने और देश की संप्रभुता को बनाए रखने के लिए डेल्सी को अंतरिम राष्ट्रपति बनाने का फैसला किया गया है. सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि बोलिवेरियन रिपब्लिक ऑफ वेनेजुएला की जिम्मेदारी अब डेल्सी रोड्रिग्ज संभालेंगी. वे अब देश की संप्रभुता, राजनीति और कानून व्यवस्था के लिए जिम्मेदार होंगी. निकोलस मादुरो के राज में डेल्सी उपराष्ट्रपति थीं और वे वित्त मंत्री के साथ-साथ तेल मंत्री भी रह चुकी हैं.
ब्रुकलिन के MDC में रखे गए हैं मादुरो
बता दें कि मादुरो और उनकी पत्नी को न्यूयॉर्क में ब्रुकलिन शहर में बने मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर (MDC) में रखा है. मादुरो पर अब ड्रग तस्करी, मानवाधिकार उल्लंघन और चुनावी धांधली के आरोप में केस चलाया जाएगा, जिनकी सुनवाई और मादुरो की पेशी मैनहट्टन की फेडरल कोर्ट में होगी. वहीं अमेरिकी FBI और ड्रग एनफोर्समेंट ब्यूरो ने मादुरो को ब्रुकलिन के जिस MDC में रखा है, वही क्रूर और अमानवीय परिस्थितियों के लिए पूरे अमेरिका में बदनाम है.
वेजेनुएला पर 2 खेमो में बंटी दुनिया
बता दें कि वेनेजुएला पर अमेरिका के हमले और कब्जे पर रूस, चीन, साउथ अफ्रीका और खाड़ी देशों ने चिंता जताई है, जबकि फ्रांस और इजरायल जैसे देशों अमेरिकी एक्शन को वैध और मादुरो की सत्ता को अवैध करार दिया है. अमेरिका विरोधी और वेनेजुएला के मित्र देश क्यूबा और कोलंबिया ने अमेरिकी एक्शन की कड़ी अलोचना की. कोलंबिया ने मसले पर संयुक्त राष्ट्र की बैठक बुला ली तो क्यूबा के राष्ट्रपति ने अमेरिकी एक्शन को राज्य आतंकवाद कहा.
अमेरिका के इशारे पर चलेगी सरकार
वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने वेनेजुएला की सत्ता तो सम्भाल ली है, लेकिन अमेरिका ने कहा है कि अब वेनेजुएला की सरकार उसके नियंत्रण में है. वहीं मादुरो को उठाए जाने के बाद टीवी पर जारी एक संदेश में डेल्सी ने मादुरो को देश का एकमात्र वैध नेता बताते हुए उनकी गिरफ्तारी को ‘अपहरण’ करार दिया. रोड्रिगेज ने मांग रखी कि अमेरिका जल्द मादुरो को रिहा करे. वेनेजुएला अपनी रक्षा और अपने संसाधनों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है.