Himachal Chamba Accident: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. यहाँ बुधवार देर रात चंबा-मसरूंड मार्ग पर छतरूंड के पास एक बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई. इस भीषण हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई है. मारे गए सभी लोग एक ही गांव के रहने वाले थे, जिससे पूरे इलाके में मातम पसर गया है. मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना का शिकार हुआ बोलेरो वाहन (HP-01C-2581) ग्राम पंचायत कुठेड़ के महल गांव का था. गांव के कुछ लोग पास के ही काकड़ोथा गांव में आयोजित एक बच्चे के मुंडन संस्कार की धाम (पारंपरिक दावत) में शामिल होने गए थे. समारोह खत्म होने के बाद सभी लोग रात को बोलेरो में सवार होकर वापस अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान छतरूंड के पास अचानक चालक ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे गहरी खाई में जा गिरी.
परखच्चे उड़े, मौके पर ही थमीं सांसें
हादसा इतना भयानक था कि खाई में गिरते ही बोलेरो गाड़ी के परखच्चे उड़ गए. गाड़ी में सवार छह लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि एक अन्य की हालत बेहद गंभीर थी, जिसकी बाद में मौत हो गई. मृतकों में तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं. घटना की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े. स्थानीय लोगों ने ही सबसे पहले अंधेरे में खाई में उतरकर बचाव कार्य शुरू किया और शवों को बाहर निकाला. सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं.
क्रैश बैरियर न होने पर फूटा गुस्सा
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय निवासियों में प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी है. ग्रामीणों का कहना है कि जिस जगह यह हादसा हुआ, वहां सड़क के किनारे कोई क्रैश बैरियर (सुरक्षा घेरा) नहीं लगा था. लोगों का आरोप है कि अगर लोक निर्माण विभाग ने यहाँ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए होते, तो शायद इस भयानक हादसे को टाला जा सकता था और सात मासूम जानें बच जातीं.
चंबा के पुलिस अधीक्षक (SP) विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य पूरा कर लिया है. शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सही कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है.
संबंधित खबरें
CBSE स्कूलों में 3,100 शिक्षकों की सीधी भर्ती, जानें चयन प्रक्रिया और सैलर
4 days agoनाहन में तनाव के बाद 29 अक्टूबर तक निषेधाज्ञा लागू
5 days ago1984 से चकमा दे रहा था ठग, 40 साल बाद पुलिस ने ऐसे दबोचा
14 days agoहिमाचल में फिर बदलेगा मौसम, बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
20 days ago2027 चुनाव से पहले हिमाचल में वीरभद्र सिंह के नाम पर क्यों मचा बवाल?
24 days agoVIDEO: पहाड़ों पर जाने का बना रहे हैं प्लान तो जान लीजिए मौसम का हाल
26 days ago'12000 टूरिस्ट, होटल फुल', पहाड़ घूमने गए पर्यटकों की कैसी है हालत?
29 days agoहिमाचल में 'महाजाम' और भयंकर भीड़, होटलों में 80% से ज्यादा ऑक्यूपेंसी
30 days agoशिमला में बड़ा भूस्खलन, पहाड़ का दरका हिस्सा; सड़क पर जमा हुए पत्थर
34 days agoहिमाचल में अब 24 घंटे खुल सकेंगी दुकानें और व्यावसायिक संस्थान
39 days agoन्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
Know More: Editorial Guidelines