125 यूनिट मुफ्त बिजली छोड़ दें अमीर और टैक्सपेयर्स: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अपील

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संपन्न लोगों और इनकम टैक्स देने वालों से 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ छोड़ने की अपील की. सरकार हर साल बिजली सब्सिडी पर 23 हजार करोड़ रुपये खर्च करती है.

Untitled Design (21)

बिहार में 125 यूनिट मुफ्त बिजली छोड़ने की अपील, CM सम्राट चौधरी ने अमीरों और टैक्सपेयर्स से कही ये बात (Photo- ANI)

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के आर्थिक रूप से संपन्न लोगों और इनकम टैक्स देने वालों से एक खास अपील की है. उन्होंने कहा है कि ऐसे लोग अपनी इच्छा से हर महीने मिलने वाली 125 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा छोड़ दें. इससे सरकार पर सब्सिडी का खर्च कम होगा और बची हुई राशि का इस्तेमाल बिहार के विकास में किया जा सकेगा.

विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने रविवार को पटना में आयोजित दो दिवसीय ‘पाटलिपुत्र नेशनल यूथ पार्लियामेंट-2.0’ कार्यक्रम में यह बात कही. सम्राट चौधरी के मुताबिक, बिहार सरकार बिजली सब्सिडी पर हर साल करीब 23 हजार करोड़ रुपये खर्च करती है. इस योजना के तहत हर परिवार पर सरकार का लगभग 8 हजार से 10 हजार रुपये तक खर्च आता है. फिलहाल राज्य में सभी आर्थिक वर्गों के उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है.

विज्ञापन

युवाओं को लोकतंत्र मजबूत करने का संदेश

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं की भूमिका पर भी बात की. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने, देश की संस्कृति और विरासत को बचाने तथा भारत को विकसित बनाने में युवाओं की बड़ी जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि बिहार का इतिहास लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़ा रहा है. इसलिए यहां के युवाओं को लोकतंत्र की रक्षा और उसे मजबूत करने में आगे आना चाहिए.

मुख्यमंत्री ने आजादी की लड़ाई का जिक्र करते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान के बाद भारत को 1947 में आजादी मिली थी. अब देश आजादी के 80 साल पूरे करने की ओर बढ़ रहा है. ऐसे समय में लोकतंत्र की बातों पर अपने भरोसे को फिर से मजबूत करना जरूरी है.

विज्ञापन

प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार की तारीफ

सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है. इसके साथ ही उन्होंने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में राज्य के विकास के लिए किए गए कामों का भी जिक्र किया. मुख्यमंत्री ने शिक्षा को सफलता और तरक्की का आधार बताया. उन्होंने कहा कि अच्छी शिक्षा और ज्ञान हासिल करना हर व्यक्ति के आगे बढ़ने के लिए जरूरी है.

हर साल यूथ पार्लियामेंट कराने की अपील

सम्राट चौधरी ने कहा कि युवाओं को लोकतंत्र, संविधान और देश के विकास से जोड़ने के लिए यूथ पार्लियामेंट का आयोजन हर साल होना चाहिए. इससे युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझने और देश के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का मौका मिलेगा. इस कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, सांसद शांभवी चौधरी और यूथ पार्लियामेंट के संस्थापक सायन कुनाल सहित कई लोग मौजूद रहे.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ