Delhi Assembly Elections 2025: राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव की वोटिंग से पहले सियासत गरमाई हुई है। दिल्ली के कोपरनिक्स मार्ग स्थित पंजाब भवन के पास एक संदिग्ध वाहन में शराब की बोतलें और कैश पड़ा मिला था। मामले में पंजाब के परिवहन विभाग ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। इससे पहले मीडिया रिपोर्ट्स में आरोप लगाया गया था कि गाड़ी पर पंजाब सरकार का स्टीकर लगा है।
पंजाब परिवहन विभाग की जांच में सामने आया कि पकड़ी गई गाड़ी मेजर अनुभव शिवपुरी के नाम पर रजिस्टर्ड है जो 3 साल पहले आर्मी डेंटल काॅलेज, पठानकोट में तैनात थे। ये महाराष्ट्र के खरकी के स्थायी निवासी हैं। पकड़ी गई गाड़ी पर लिखा नंबर फोर्ड इको स्पोर्ट्स गाड़ी का है, जोकि 2018 माॅडल का है। जबकि पकड़ी गई गाड़ी हुंडई कंपनी की क्रेटा है। ऐसे में यह साफ है कि संबंधित वाहन का नंबर प्लेट नकली और जाली है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि पकड़ी गई गाड़ी का नंबर प्लेट सामान्य था। जबकि नियमों के अनुसार यह हाई सिक्योरिटी प्लेट होनी चाहिए थी। ऐसे में सामान्य प्लेट आसानी से बनाई जा सकती है। पंजाब परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि पकड़ा गया वाहन पंजाब सरकार के स्वामित्व और किराए का नहीं है। जब्त किया गया वाहन पंजाब सरकार का नहीं है।
बीजेपी अध्यक्ष ने लगाया था ये आरोप
तिलक मार्ग थाने के अनुसार उन्हें सूचना मिली थी कि कोपरनिकस मार्ग पर पंजाब भवन के पास पंजाब नंबर प्लेट और पंजाब सरकार लिखी संदिग्ध गाड़ी खड़ी है। तलाशी लेने पर गाड़ी के अंदर से भारी मात्रा में कैश, शराब की बोतलें और आप पार्टी के पर्चे बरामद हुए हैं।
मामले को लेकर बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि पंजाब सरकार की गाड़ी मतलब आप पार्टी की गाड़ी। आम आदमी पार्टी की प्रचार सामग्री और उसके अंदर रुपये छिपाए गए थे। हालांकि जांच में पंजाब के परिवहन विभाग ने खुलासा किया कि वाहन पर लगाया गया नंबर प्लेट फर्जी है वो पंजाब की गाड़ी नहीं है।
जांच में जुटी पुलिस
इस बीच तिलक मार्ग थाने की पुलिस गाड़ी की चैसिस नंबर के जरिए इसके मालिक का पता लगाने की कोशिश में जुटी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस गाड़ी से बरामद हुआ पैसा और शराब चुनाव के लिए इस्तेमाल होना था। गाड़ी से 8 लाख कैश और शराब की 36 बोतलें बरामद हुई है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318, 341 और 345 और एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।