India vs South Africa Test Series: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच 26 दिसंबर को सेंचुरियन में खेला जाएगा। टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा होंगे। इसके अलावा विराट कोहली भी इस टेस्ट सीरीज में खेलते हुए दिखाई देंगे। वनडे विश्व कप 2023 के बाद से विराट कोहली क्रिकेट मैदान से दूर बने हुए थे, लेकिन अब रेड बॉल क्रिकेट से विराट कोहली क्रिकेट मैदान पर वापसी करने वाले हैं। फैंस को उम्मीद है कि एक बार फिर से सेंचुरियन के मैदान पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ विराट कोहली का बल्ला चलने वाला है और विराट इस मैदान पर फिर से ऐतिहासिक पारी खेलेंगे।
सेंचुरियन में विराट के नाम है शतक
साल 2018 में टीम इंडिया जब साउथ अफ्रीका के दौरे पर थी। तब दोनों टीमों के बीच टेस्ट सीरीज खेली गई थी। इस टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच में विराट कोहली ने शानदार शतकीय पारी खेली थी। उस वक्त विराट कोहली ही टीम इंडिया के कप्तान हुआ करते थे। दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में विराट कोहली ने 217 गेंदों पर 153 रनों की पारी खेली थी। विराट के 153 रनों की बदौलत टीम इंडिया ने पहली पारी में 307 रन बनाए थे, विराट के अलावा इस मैच में और कोई भारतीय बल्लेबाज चल नहीं पाया था।
हालांकि भारतीय टीम इस मैच को हार गई थी, लेकिन अब सोशल मीडिया पर विराट कोहली के इस शतक का वीडियो काफी वायरल हो रहा है और फैंस इस वीडियो पर कमेंट करके बोल रहे है कि एक बार फिर से सेंचुरियन के मैदान पर विराट कोहली शतकीय पारी खेलेंगे और टीम इंडिया को जीत दिलाएंगे।
टी20 और वनडे के बाद टेस्ट की बारी
साउथ अफ्रीका के दौरे पर अभी तक टीम इंडिया टी20 और वनडे सीरीज खेल चुकी है। टी20 सीरीज में टीम की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में थी और ये सीरीज 1-1 की बराबरी पर खत्म हुई थी। इसके बाद दोनों टीमों के बीच वनडे सीरीज खेली गई। वनडे सीरीज में टीम इंडिया के कप्तान केएल राहुल थे।
वनडे सीरीज को टीम इंडिया ने 2-1 से अपने नाम किया। वहीं अब दोनों टीमों के बीच टेस्ट सीरीज का आगाज होने जा रहा है। जो टीम इंडिया के लिए बेहद खास है, क्योंकि टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका के खिलाफ उसके घर पर टेस्ट सीरीज में आज तक जीत नहीं मिल पाई है।