गुवाहाटी में 811 रन और 5 शतकों के साथ रिकॉर्ड्स की बारिश, रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने रचा नया इतिहास

भारत ने दूसरे वनडे मैच में वेस्टइंडीज को आठ विकेट से हरा दिया है. इस मुकाबले में बल्लेबाजों ने खूब रन बनाए. भारत की तरफ से रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने सेंचुरी जड़ी. आइए आपको बताते हैं कि मुकाबले कौन-कौन से बड़े रिकॉर्ड् बने.

ind vs wi

भारत-विंडीज मैच में बने बड़े रिकॉर्ड (Image: Instagram/indiancricketteam)

IND vs WI Big Records: भारत और वेस्टइंडीज के बीच गुवाहाटी में हुआ दूसरा वनडे मैच काफी शानदार रहा. वेस्टइंडीज ने पहले खेलते हुए 405 रनों का विशाल स्कोर बनाया. भारत ने 43.3 ओवर्स में ही 406 रन बनाकर मैच जीत लिया. भारत को 8 विकेट से जीत मिली. मुकाबले में दोनों टीमों ने कुल 811 रन बनाए. कप्तान शुभमन गिल ने दोहरा शतक लगाकर इतिहास रचा. मैच में कई रिकॉर्ड्स भी बने. रोहित शर्मा ने भी शतक लगाया. उन्होंने भी बड़ी उपलब्धियां अपने नाम की. आइए आपको बताते हैं कि मैच में कौन-कौन से बड़े रिकॉर्ड बने.

विज्ञापन

भारत-वेस्टइंडीज के बीच दूसरे वनडे में रिकॉर्ड्स की झड़ी

  • भारत ने वनडे इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा रन चेज किया है. साउथ अफ्रीका ने 2006 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 435 रनों का लक्ष्य प्राप्त किया था. भारत इस लिस्ट में अब दूसरे नंबर पर पहुंच गया है. तीसरे नंबर पर नीदरलैंड्स की टीम है. नीदरलैंड्स ने 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ हरारे में 375 रन बनाए थे.
  • भारत और वेस्टइंडीज मैच में पांच बल्लेबाजों ने शतक लगाए. जॉन कैंपबेल, शाई होप और आमिर जांगू के बाद भारत के शुभमन गिल और रोहित शर्मा ने सेंचुरी लगाई. वनडे इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब एक मुकाबले में पांच खिलाड़ियों ने शतक लगाया. मुकाबले में ये बहुत बड़ा रिकॉर्ड कायम हुआ है. इससे पहले वनडे में किसी भी मैच में ये ऐतिहासिक कारनामा नहीं हुआ है.
  • शुभमन गिल ने मुकाबले में 117 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा किया. वो अब वनडे में सबसे तेज डबल सेंचुरी मारने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. 2022 में ईशान किशन ने 126 गेंदों में दोहरा शतक लगाया था. गिल ने किशन के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है. गिल ने 89 गेंदों में 150 रनों का आंकड़ा पार किया. वो वनडे में अब सबसे तेज 150 रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं. उन्होंने इस मामले में किशन को पीछे छोड़ा है. किशन ने 103 गेंदों में 150 रन जड़े थे.
  • गिल ने मुकाबले में 223 रनों की नाबाद पारी खेली. वो वनडे रन चेज में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. ऑस्ट्रेलिया के मैक्सवेल ने 2023 में अफगानिस्तान के खिलाफ रन चेज में नाबाद 201 रन बनाए थे. गिल ने उनके रिकॉर्ड को तोड़ दिया है. उन्होंने बतौर कप्तान भी बड़ा कारनामा किया है. वनडे में इससे पहले बतौर कप्तान सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड वीरेंद्र सहवाग के नाम था. उन्होंने 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 219 रन ठोके थे. गिल ने अब सहवाग के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है
  • गिल अब भारत के लिए वनडे में दूसरी सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं. उनसे पहले रोहित शर्मा हैं. उन्होंने 2014 में श्रीलंका के खिलाफ 264 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी. वर्ल्ड क्रिकेट की बात जाए तो लिस्ट में गिल तीसरे नंबर पर आ गए हैं. दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड के मार्टिल गुप्टिल हैं. उन्होंने 237 रनों की नाबाद पारी खेली है.
  • शुभमन ने अपने वनडे करियर में दूसरी बार दोहरा शतक लगाया है. वो ऐसा करने वाले अब दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं. उनसे पहले रोहित शर्मा हैं. रोहित ने वनडे में तीन दोहरे शतक लगाए हैं. उनके नाम तीन दोहरे शतक की बदौलत कुल 681 रन दर्ज हैं. वहीं गिल अब तक 431 रन बना चुके हैं.
  • भारत ने 2-0 से सीरीज भी अपने नाम कर ली है. भारत ने विंडीज के खिलाफ लगातार 14वीं वनडे सीरीज जीती है. इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर पाकिस्तान की टीम है. पाक ने जिम्बाब्वे लगातार 12 वनडे सीरीज अपने नाम की है. तीसरे नंबर पर भी पाकिस्तान है. पाक ने वेस्टइंडीज को 10 लगातार सीरीज में मात दी है.
  • भारत और वेस्टइंडीज के बीच मैच में 811 रन बने हैं. वनडे इतिहास में ये एक मैच में तीसरी बार सबसे बड़ा रन-एग्रीगेट है. लिस्ट में टॉप पर साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया का मैच है. 2006 में हुए इस मुकाबले में 872 रन बने थे. ये मैच जोहानिसबर्ग में हुआ था. दूसरे नंबर पर 2009 में राजकोट में हुआ भारत और श्रीलंका का मैच है. उस मुकाबले में कुल 825 रन बने थे.
  • भारत और वेस्टइंडीज के बीच इस सीरीज में अभी तक 8 बल्लेबाज शतक लगा चुके हैं. तीन मैचों की वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड भी बन गया है. इससे पहले जिम्बाब्वे बनाम साउथ अफ्रीका के बीच 2010 में हुई तीन मैचों की वनडे सीरीज में 7 शतक लगे थे.
  • रोहित शर्मा ने वनडे की 282 पारियों में 12 हजार रन बनाए हैं. वो ऐसा करने वाले अब दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं. उनसे आगे विराट कोहली हैं. विराट ने 242 पारियों में 12 हजा रनों का आंकड़ा पार किया था. सचिन तेंदुलकर इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं. उन्होंने 300 पारियों में अपने 12 हजार रन पूरे किए थे. इसके बाद रिकी पोंटिंग का नंबर आता है. उन्होंने 12 हजार रन पूरे करने के लिए 314 पारियां खेली थीं.
  • रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए इस बार 255 रनों की साझेदारी की. दोनों ने बड़ा रिकॉर्ड कायम किया है. रोहित और गिल भारत की तरफ से वनडे में सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी की लिस्ट में दूसरे नंबर पर आ गए हैं. इनसे पहले सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली की जोड़ी है. दोनों ने 2001 में केन्या के खिलाफ 258 रनों की पार्टनरशिप की थी.
  • भारत अब वनडे में सबसे ज्यादा 400 से ज्यादा रन बनाने वाली टीम बन गई है. टीम इंडिया ने 9 बार ये कारनामा किया है. दूसरे नंबर पर साउथ अफ्रीका की टीम है. अफ्रीका ने आठ बार 400 से अधिक रन बनाए हैं. इंग्लैंड की टीम 7 सात बार 400 से ज्यादा रन बनाने वाली तीसरी टीम है.
  • शुभमन गिल ने 62 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. उन्होंने अपने वनडे करियर में ये सबसे तेज शतक लगाया है. भारत और वेस्टइंडीज के बीच मुकाबलों में गिल सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं. इसी मुकाबले में जॉन कैंपबेल ने 65 गेंदों में शतक लगाया. वो अब लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. इससे पहले ये बड़ा रिकॉर्ड सहवाग के नाम था. उन्होंने 2011 में 69 गेंदों में सेंचुरी लगाई थी.

ये भी पढ़ें: रोहित शर्मा ने शतक जड़ने के बाद क्यों किया अजीबोगरीब सेलिब्रेशन? खुद बताया कारण

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Pankaj Joshi

Pankaj Joshi

पंकज जोशी News24 में सीनियर सब एडिटर पद पर कार्यरत हैं. पंकज की क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, WWE सहित अन्य खेलों में मजबूत पकड़ है. पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 सालों से अधिक का अनुभव रखने वाले पंकज देश के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं. पंकज ने अपने करियर की शुरुआत श्री न्यूज टीवी चैनल से की, जहां उन्होंने स्पोर्ट्स में अपनी विशेषज्ञता विकसित की. इसके बाद उन्होंने समाचार प्लस, राजस्थान पत्रिका और स्पोर्ट्सकीड़ा में अपनी सेवा दी. योग्यता और डिग्री: पंकज जोशी ने डीएसबी कैंपस नैनीताल, उत्तराखंड से बीएससी (BSc) की डिग्री प्राप्त की है. उन्होंने नोएडा स्थित जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री ली है. पिछला अनुभव: 8 साल के अपने अनुभव में पंकज जोशी ने क्रिकेट वर्ल्ड कप, IPL, कबड्डी और फुटबॉल वर्ल्ड कप जैसे बड़े खेल आयोजनों से जुड़ी खबरों और स्टोरीज पर काम किया है. इसके अलावा उन्होंने WWE के बड़े इवेंट्स और प्रो रेसलिंग की खबरों को भी लगातार कवर किया है.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ