The Undertaker: WWE WrestleMania 30 में एक चौंकाने वाली चीज हुई थी, जिसे आज भी फैंस याद करते हैं. ब्रॉक लैसनर ने पूरी दुनिया को हैरान करते हुए द अंडरटेकर की ऐतिहासिक 21-0 की स्ट्रीक खत्म की थी. इसे लेकर हमेशा चर्चा बनी रहती है. किसी ने नहीं सोचा था कि लैसनर ये कारनामा करेंगे. सबसे बड़ी बात है कि किसी को इसके बारे में पता नहीं था. कहा जाता है कि विंस मैकमैहन ने अंतिम समय में ये कदम उठाया था. खैर अब दिग्गज कमेंटेटर माइकल कोल ने टेकर की स्ट्रीक को लेकर कुछ बड़े खुलासे किए हैं.
WWE दिग्गज माइकल कोल ने क्या कहा?
ब्रॉक लैसनर ने जब द अंडरटेकर की स्ट्रीक खत्म की, तब कमेंट्री टेबल पर माइकल कोल ही मौजूद थे. उन्होंने भी अपना सिर पकड़ लिया था. हाल ही में The Sal Licata Show में गेस्ट बनकर कोल आए. वहां पर उन्होंने टेकर की स्ट्रीक को लेकर कहा, “मुझे 80 प्रतिशत बातें पता होती हैं कि क्या होने वाला है. फैंस को समझाने के लिए मुझे बातें जाननी पड़ती हैं. रेसलमेनिया में अगर जरूरत ना हो तो मैं कुछ जानना पसंद नहीं करता हूं. सुपरडोम में एक भी इंसान ऐसा नहीं था जिसने सोचा हो कि अंडरटेकर हार जाएंगे. हर किसी का मानना था कि या तो वो बिना हारे रिटायर हो जाएंगे. ये भी सोचा गया था कि हो सकता है कि उन्हें कोई युवा रेसलर हराए. किसी को नहीं पता था कि लैसनर जीतने वाले हैं. मुझे लगता है कि मैच का अंत बीच में बदल दिया गया था”.
ये भी पढ़ें: महिला रेसलर ने WWE में Roman Reigns के पार्ट-टाइम शेड्यूल का उड़ाया मजाक, फैंस पर भी लगाए गंभीर आरोप
ब्रॉक लैसनर ने भी दिया था बयान
हाल ही में ब्रॉक लैसनर ने भी कहा था कि द अंडरटेकर की स्ट्रीक के अंत का निर्णय उनका नहीं था. Spittin Chiclets को दिए गए इंटरव्यू में द बीस्ट ने कहा, “ये एक बिजनेस है. टेकर के मामले में ये फैसला मेरे हाथ में नहीं था. विंस मैकमैहन ने ये काम किया. उस समय लोगों को भरोसा दिलााते हुए कोई टेकर की स्ट्रीक छीन सकता था, तो वो मैं था. बहुत से लोग इस बात से नाराज हैं कि ये मैं हूं, लेकिन मेरा फैसला नहीं था. मैं अंडरटेकर को सलाम करता हूं. वो शानदार इंसान हैं. मैंने उनके साथ कई साल तक काम किया है. वो मेरे मेंटर रहे हैं. उनकी स्ट्रीक खत्म करने का फैसला अंतिम समय में लिया गया था”.
ये भी पढ़ें: करियर खत्म! WWE दिग्गज John Cena की एक्स गर्लफ्रेंड मैच के दौरान चोटिल, WrestleMania 42 से हो सकती है छुट्टी










