Virat Kohli Century: आज पूरा भारत देश आजादी के रंग में रंगा है। देशवासी 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। क्रिकेटर्स भी आज आजादी के रंग में रंगे हैं। वहीं बहुत कम लोग जानते हैं कि आजादी के इस दिन टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने शानदार शतक लगाया था। इस मैच में टीम इंडिया ने शानदार जीत हासिल की थी। चलिए हम आपको बताते हैं कि विराट कोहली ने कैसे और किस टीम के खिलाफ स्वतंत्रता दिवस के दिन शतक लगाया था?
इस टीम के खिलाफ जड़ा था कोहली ने शतक
साल 2019 में टीम इंडिया वेस्टइंडीज के दौरे पर थी। 14 अगस्त को भारत और वेस्टइंडीज के बीच सीरीज का तीसरा वनडे मैच खेला गया था। ये मैच वैसे तो 14 अगस्त को शुरू हुआ था, लेकिन भारतीय समयानुसार मैच अगले दिन यानी 15 अगस्त को खत्म हुआ था। बता दें, भारत और वेस्टइंडीज के समय में काफी अंतर है। बारिश के चलते मैच में ओवर घटा दिए गए थे। पोर्ट ऑफ स्पेन में खेले गए इस मैच में विराट कोहली ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए 99 गेंदों पर 114 रनों की शानदार पारी खेली थी।
ऐसा रहा था मैच का हाल
इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 35 ओवर में 7 विकेट खोकर 240 रन बना दिए थे। वेस्टइंडीज की तरफ से क्रिस गेल ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंदों पर 71 रनों की पारी खेली थी। इसके अलावा ईविन लुईस ने 29 गेंदों पर 43 रन बनाए थे। वहीं निकोलस पूरन 16 गेंदों पर 30 रन बनाए थे। इसके बाद टीम इंडिया के सामने डकवर्थ लुईस के तहत 35 ओवरों में 255 रनों का लक्ष्य था।
टीम इंडिया ने बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य को 32.3 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया था। विराट कोहली के अलावा मैच में श्रेयस अय्यर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंदों पर 65 रनों की पारी खेली थी। इसके अलावा शिखर धवन ने 36 रन बनाए थे। टीम इंडिया ने मैच को 6 विकेट से अपने नाम कर लिया था। विराट कोहली को शानदार प्रदर्शन के चलते प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।