Sachin Tendulkar Bumrah: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई रोमांच टेस्ट सीरीज का अंत हो चुका है। सीरीज खत्म होने के बाद ट्रोलर्स जसप्रीत बुमराह को काफी ट्रोल कर रहे हैं। दरअसल, इंग्लैंड की धरती पर जिन दो टेस्ट मैचों में टीम इंडिया ने जीत दर्ज की उन दोनों ही मैचों में बुमराह प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं थे। बस इसी बात को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ फैन्स बुमराह की खूब आलोचना कर रहे हैं। हालांकि, भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदलुकर जस्सी के सपोर्ट में उतरे हैं। क्रिकेट के भगवान ने बुमराह का समर्थन करते हुए आलोचकों को करारा जवाब दिया है।
सचिन ने दिया आलोचकों को करारा जवाब
सचिन तेंदुलकर ने रेडिट द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में बातचीत करते हुए कहा, “बुमराह ने दौरे का शुरुआत शानदार अंदाज में किया और उन्होंने पहली पारी में ही 5 विकेट झटके। इसके बाद वह दूसरे टेस्ट में नहीं खेले, लेकिन वह तीसरे और चौथे मैच में टीम का हिस्सा रहे। दोबारा से उन्होंने इन दो टेस्ट में से एक में पांच विकेट निकाले।
जिन तीन टेस्ट मैचों में बुमराह खेले उसमें से उन्होंने 2 मैचों में 5 विकेट झटके। मुझे पता है कि लोग काफी कुछ बातें कर रहे हैं। लोग ऐसी भी कह रहे हैं कि हम उन टेस्ट मैचों में जीते, जिसमें बुमराह टीम का हिस्सा नहीं थे। मेरे हिसाब से यह सिर्फ एक संयोग है।”
मास्टर ब्लास्टर ने आगे कहा, “बुमराह एक लाजवाब गेंदबाज हैं। उन्होंने अब तक जो करके दिखाया है वो कमाल की बात है। उन्होंने टीम के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है और इसमें कोई संदेह नहीं है। मैं उन्हें सबसे ऊपर रखूंगा।” बुमराह सीरीज के आखिरी टेस्ट में प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं रहे थे, जिसके बाद टीम मैनेजमेंट और जस्सी को काफी ट्रोल किया गया था।
2-2 से बराबर रही सीरीज
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 2-2 से बराबर रही। हेडिंग्ले में हार के बाद टीम इंडिया ने एजबेस्टन में 336 रनों से इंग्लैंड को रौंदा। हालांकि, तीसरे टेस्ट में इंग्लैंड बाजी मारने में सफल रही, जबकि चौथे टेस्ट का अंत ड्रॉ के रूप में हुआ। वहीं, ओवल में एक समय पर टीम इंडिया हार की कगार पर खड़ी थी, लेकिन मोहम्मद सिराज ने आखिरी दिन गजब की गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड के जबड़े से जीत को छीन लिया। इंग्लैंड की टीम लास्ट दिन 4 विकेट हाथ में होने के बावजूद 35 रन नहीं बना सकी।