IND vs ENG: भारतीय टीम के सुपरस्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज में बल्ले से रनों की बारिश कर रहे हैं। जिसके कारण ही वो रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड भी बनाते हुए नजर आ रहे हैं। सीरीज के चौथे मुकाबले में ऋषभ पंत के पास इतिहास रचने का भी मौका है। मैनचेस्टर टेस्ट में 40 रन बनाते ही पंत दिग्गज रोहित शर्मा को भी इस मामले में पीछे छोड़ देंगे। इस लिस्ट में पंत लॉर्ड्स टेस्ट में ही विराट कोहली से आगे निकल चुके हैं।
ऋषभ पंत रच सकते हैं इतिहास
साल 2019 में टेस्ट क्रिकेट को और बेहतर करने के लिए आईसीसी ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की शुरुआत की थी। उस समय से साल 2025 तक टीम इंडिया के लिए इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाए पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने बनाए हैं। हिटमैन ने 69 पारियां खेलकर इस दौरान 2716 रन जोड़े हैं। वहीं लिस्ट में दूसरे नंबर पर नजर आ रहे ऋषभ पंत ने 66 पारियों में 2677 रन बनाए हैं। ऐसे में सिर्फ 40 रन और बनाते ही पंत WTC में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। लिस्ट में नंबर 3 पर मौजूद विराट कोहली ने 79 पारियों में 2617 रन ही बनाए हैं। पंत टेस्ट क्रिकेट में अब भारत के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज बन चुके हैं।
शुभमन गिल के पास है कोहली से आगे निकलने का मौका
कप्तान शुभमन गिल इस लिस्ट में नंबर 4 पर नजर आ रहे हैं। शुभमन गिल ने 65 टेस्ट पारियों में 2500 रन बनाए हैं। ऐसे में अगर वो मैनचेस्टर टेस्ट मैच में 118 रन और बनाते हैं, तो वो विराट कोहली को भी पीछे छोड़ सकते हैं। मौजूदा समय में गिल इस लय में नजर आ रहे हैं, उनके लिए ये कारनामा करना बहुत ज्यादा मुश्किल नहीं होने वाला है। इस लिस्ट में नंबर 5 पर टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी रवींद्र जडेजा नजर आ रहे हैं। जडेजा ने 64 पारियों में 2212 रन बना लिए हैं। निचले क्रम में बल्लेबाजी करने के बावजूद भी जडेजा इस लिस्ट में नजर आ रहे हैं।