---विज्ञापन---

खेल angle-right

IND A vs AFG A: वैभव सूर्यवंशी-प्रभसिमरन की तूफानी पारियों पर फिरा पानी, 349 रन बनाकर भी हार गई टीम इंडिया

IND A vs AFG A: श्रीलंका में खेली जा रही ट्राई सीरीज के दूसरे मुकाबले में इंडिया ए को अफगानिस्तान ए के खिलाफ 4 रन से हार झेलनी पड़ी.

---विज्ञापन---

India A vs Afghanistan A: तिलक वर्मा की कप्तानी वाली इंडिया ए को श्रीलंका में जारी ट्राई नेशन सीरीज के दूसरे मुकाबले में अफगानिस्तान ए के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा. दांबुला में खेले गए इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 349 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था. हालांकि, बारिश ने मैच का रुख बदल दिया और डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) नियम के तहत अफगानिस्तान ए ने 4 रन से मैच अपने नाम कर लिया.

दरअसल, बारिश के कारण अफगानिस्तान ए को 38 ओवर में 294 रन का संशोधित लक्ष्य मिला था. जवाब में अफगान टीम ने 25.5 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 177 रन बना लिए थे. इसी दौरान एक बार फिर बारिश ने दस्तक दी और खेल दोबारा शुरू नहीं हो सका. बाद में DLS नियम के तहत मुकाबले में आगे चल रही अफगानिस्तान की टीम को विजेता घोषित कर दिया गया.

---विज्ञापन---

प्रभसिमरन-तिलक और गायकवाड़ ने खेली अर्धशतकीय पारी

दांबुला के रांगिरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया ए की शुरुआत बेहद शानदार रही. वैभव सूर्यवंशी और प्रभसिमरन सिंह ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 7.1 ओवर में 74 रन जोड़कर टीम को तेज शुरुआत दिलाई. वैभव ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 22 गेंदों पर 44 रन ठोके, जिसमें 9 चौके शामिल रहे. हालांकि, वह इसे बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके. इसके बाद तीसरे नंबर पर उतरे प्रियांश आर्य भी सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए. हालांकि, ऋतुराज गायकवाड़ और प्रभसिमरन सिंह ने पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 74 गेंदों में 79 रन की साझेदारी की.

ऋतुराज ने 80 गेंदों पर 66 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि प्रभसिमरन ने 69 गेंदों में 84 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. कप्तान तिलक वर्मा ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 73 गेंदों पर 66 रन बनाए. वहीं, सूर्यांश शेडगे ने 27 गेंदों में 40 रन की तेजतर्रार पारी खेली. आखिरी ओवरों में अनुकूल रॉय ने 8 गेंदों पर नाबाद 16 रन बनाकर भारत का स्कोर 349 तक पहुंचाया. वहीं, अफगानिस्तान ए की ओर से अब्दुल्ला अहमदजई सबसे ज्यादा 5 विकेट झटके, जबकि फरमानुल्लाह साफी ने 3 विकेट अपने नाम किए.

---विज्ञापन---

बारिश ने बिगाड़ा भारत का खेल

बारिश के कारण DLS नियम के तहत अफगानिस्तान को 38 ओवर में 294 रन का संशोधित लक्ष्य मिला. लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान ए ने आक्रामक शुरुआत की और भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा. कप्तान इमरान मीर और हसन ईसाखिल की सलामी जोड़ी ने तेज शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए सिर्फ 48 गेंदों में 63 रन जोड़ दिए. ईसाखिल ने 34 रन बनाकर आउट हो गए और इसके बाद खालिद तनीवाल सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. हालांकि, कप्तान इमरान और बाहिर शाह ने पारी को संभाले रखा और भारतीय गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया. इमरान ने 45 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जबकि बाहिर ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 26वें ओवर में अपनी फिफ्टी पूरी की.

इसी ओवर की पांचवीं गेंद के बाद बारिश ने फिर से खलल डाला और मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका. बारिश शुरू होने से पहले अफगानिस्तान ए का स्कोर 25.5 ओवर में 2 विकेट पर 177 रन था और DLS नियम के अनुसार टीम 4 रन आगे चल रही थी. इसी वजह से अफगानिस्तान ए को विजेता घोषित किया गया. इमरान मीर ने 70 गेंदों पर 75 रन और बाहिर शाह ने 52 गेंदों पर नाबाद 51 रन बनाए. दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 108 रनों की अटूट साझेदारी हुई, जिसने अफगानिस्तान की जीत की नींव रखी. वहीं, भारत की ओर से अरशद खान और अनुकूल रॉय ने 1-1 विकेट हासिल किया.

---विज्ञापन---

ये भी पढ़ें- रोहित-कोहली की मौजूदगी शुभमन गिल के लिए होगी फायदेमंद? वर्ल्ड कप 2027 को सुरेश रैना ने दिया बड़ा बयान

First published on: Jun 11, 2026 06:45 PM

End of Article

About the Author

Sanjeet

संजीत कुमार News24 में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU), वाराणसी से जर्नलिज्म में परास्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद 2022 में Prabhat Khabar, रांची से पत्रकारिता का सफर शुरू किया. फिर SportzWiki में लगभग डेढ़ साल काम करने के बाद News24 में पहुंचे हैं. क्रिकेट खेलना और देखना काफी पसंद है. मूलत: ज्ञान और मोक्ष की भूमि, गया (बिहार) के रहने वाले हैं और पिछले 4 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रहे हैं.

Read More
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola