Jammu: सर्जिकल स्ट्राइक पर दिग्विजय सिंह के बयान पर जयराम रमेश बोले- हमने जवाब दे दिए, आप PM से सवाल पूछें

Jairam Ramesh

Jammu: सर्जिकल स्ट्राइक पर दिग्विजय सिंह की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर मंगलवार को कांग्रेस के प्रभारी महासचिव जयराम रमेश ने कहा, “हमने सभी सवालों के जवाब दे दिए हैं। आप जाकर प्रधानमंत्री से सवाल पूछें।” जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जो कुछ भी कहा है वह कह चुकी है। उसी के संबंध में मैंने कल ट्वीट किया है। मैं इसके अलावा और कुछ नहीं कहना चाहता।

जयराम रमेश ने कहा था- ये दिग्विजय सिंह के विचार, पार्टी के नहीं

बता दें कि जयराम रमेश ने दिग्विजय सिंह के बयान के बाद सोमवार को एक ट्वीट किया था। जयराम रमेश ने ट्वीट में लिखा था कि आज वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह द्वारा व्यक्त किए गए विचार कांग्रेस पार्टी के नहीं, उनके व्यक्तिगत विचार हैं। 2014 से पहले यूपीए सरकार ने भी सर्जिकल स्ट्राइक की थी। राष्ट्रहित में सभी सैन्य कार्रवाइयों का कांग्रेस ने समर्थन किया है और आगे भी समर्थन करेगी।

दिग्विजय सिंह ने क्या कहा था?

कांग्रेस के सीनियर नेता दिग्विजय सिंह ने सोमवार को कहा था कि केंद्र की मोदी सरकार सर्जिकल स्ट्राइक की बात करती है लेकिन, प्रमाण नहीं देती है। उन्होंने कहा कि आज तक संसद के समक्ष 2016 के सर्जिकल स्ट्राइक या 2019 के पुलवामा आतंकी हमले पर एक रिपोर्ट नहीं रखी गई है। दिग्विजय सिंह ने केंद्र सरकार पर झूठ फैलाने का भी आरोप लगाया।

बता दें कि 2019 में पाकिस्तान स्थित आतंकी समूह जैश-ए-मोहम्मद द्वारा किए गए आतंकवादी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री की टिप्पणी सोमवार को राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा के जम्मू चरण के दौरान आई।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

होम पेज पर वापस जाएँ