दिल्ली-एनसीआर सहित देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज एक बार फिर से बदल गया है. बीते दिनों दिल्ली-एनसीआर में तेज आंधी और बारिश के बाद लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग ने पहले ही बारिश और आंधी का अलर्ट जारी कर दिया था.
वहीं, अब आईएमडी का कहना है कि आज (11 जून को) भी दिल्ली-एनसीआर में आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में आज से मौसम का मिजाज बदलेगा. लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी. कई राज्यों में आंधी और बारिश के आसार हैं.
---विज्ञापन---
दिल्ली-एनसीआर में आंधी-बारिश
दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में तेज आंधी और बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने दिल्ली में बारिश का अलर्ट भी जारी किया है. दिल्ली के साथ-साथ नोएडा में भी आंधी-बारिश हुई. कुछ जगहों पर ओले भी गिरने की खबर सामने आई थी. मौसम विभाग ने आज भी गरज-चमक और धूलभरी आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. इस दौरान तेज हवाएं भी चलेंगी.
---विज्ञापन---
हरियाणा और पंजाब में भी बदलेगा मौसम
हरियााणा, पंजाब और चंडीगढ़ में भी आज से मौसम बदलने वाला है. मौसम विभाग की मानें तो इन राज्यों में धूलभरी आंधी और बारिश होने के आसार हैं. मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ की वजह से होगा. कुछ इलाकों में ओले गिरने की संभावना है.
---विज्ञापन---
किन-किन राज्यों में रहेगा असर?
IMD के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का सबसे ज्यादा प्रभाव इन राज्यों में पड़ेगा- जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश. इन क्षेत्रों में 11 जून से 13 जून तक बीच-बीच में बारिश होती रहेगी. कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है.
---विज्ञापन---
11 और 12 जून को विशेष चेतावनी
11 और 12 जून को मौसम और ज्यादा खराब रहने वाला है. IMD ने इन दो दिनों में गरज के साथ बिजली चमकने, तेज हवाओं (50-60 kmph) और ओले गिरने की चेतावनी दी है. ओलावृष्टि से फसलें, बागान और छतों को नुकसान पहुंच सकता है. तेज हवाएं पेड़ों को उखाड़ सकती हैं. बिजली के खंभों को गिरा सकती हैं.
---विज्ञापन---
यूपी में बारिश के साथ ओले गिरने के आसार
पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी मौसम विभाग ने आज बारिश और आंधी की संभावना जताई है. राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ 60-70 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी चलने और ओलावृष्टि होने की आशंका है. यूपी के कुछ हिस्सों में धूलभरी आंधी भी चल सकती है.
राजस्थान में भी मिलेगी गर्मी से राहत
आईएमडी के अनुसार आज पूर्वी राजस्थान में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश होगी. वहीं पश्चिमी राजस्थान में धूलभरी आंधी चलने के साथ-साथ कुछ इलाकों में लू का प्रकोप जारी रहेगा.
बिहार और झारखंड में कैसा रहेगा मौसम?
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, बिहार के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. झारखंड और बिहार दोनों राज्यों में 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है. बिहार और झारखंड को मॉनसून ने कवर कर लिया है. यहां अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें- बारिश में सांपों का सता रहा है डर! जल्द ट्राई करें ये 5 उपाय, टल जाएगा खतरा
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी आंधी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार आज मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. वहीं, छत्तीसगढ़ में भी आज तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है.
पश्चिम बंगाल और ओडिशा में मॉनसूनी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून ओडिशा और पश्चिम बंगाल तक पहुंच चुका है. आज 11 जून को इन दोनों राज्यों में ही भारी बारिश के साथ 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी चलेगी. ओडिशा में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है. इसके साथ ही 50-60 किमी/घंटा की गति से तेज हवाएं और बिजली चमकने की चेतावनी है.
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज कैसा मौसम
मैदानी राज्यों के साथ-साथ पहाड़ी राज्यों में भी आज भारी बारिश होगी. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी राज्यों में ओले गिरने और 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी है.
असम, मेघालय समेत नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में बारिश का रेड अलर्ट
मॉनसून ने नॉर्थ ईस्ट के राज्यों को भी कवर कर लिया है और यहां झमाझम बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने आज भी असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी आज 11 जून को कई स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं.