26/11 मुंबई आतंकी हमले का मास्टरमाइंड आतंकी तहव्वुर राणा दिल्ली पहुंच चुका है। पालम एयरपोर्ट पर विमान की लैंडिंग हुई है। इसके बाद उसे स्पेशल कमांडो की टीम एनआईए दफ्तर लेकर जाएगी। वहीं इन सबके बीच 26/11 मुंबई आतंकी हमले में जीवित बचने वाले नटवरलाल रोटावन ने कहा कि जब तहव्वुर राणा को मौत की सजा सुनाई जाएगी, तो भारत में जय-जयकार होगी।
मुंबई आतंकी हमले में जिंदा बचने वाले नटवरलाल रोटावन ने कहा कि तहव्वुर राणा को भारत लाने में सबसे बड़ा हाथ प्रधानमंत्री मोदी का है। हमले का मुख्य मास्टरमाइंड, जो अमेरिका में छुपकर बैठा था, अब भारत लाया गया है। अब वह कई राज खोलेगा। नटवरलाल ने कहा कि दस आतंकी आए थे, जिनमें से 9 को मार गिराया गया था। एक कसाब ही बचा था। मैंने उसके खिलाफ गवाही दी थी।
‘शेर की तरह हैं प्रधानमंत्री’
नटवरलाल ने कहा कि मेरी बेटी भी घायल हुई थी, वह दिन हम कभी नहीं भूल सकते। तहव्वुर राणा को फांसी भी हो जाएगी तो भी हम नहीं भूल पाएंगे, क्योंकि अभी भी कई आतंकी पाकिस्तान में जिंदा हैं। नटवरलाल ने कहा कि हमारे देश के प्रधानमंत्री होनहार, शूरवीर और शेर की तरह हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।
नटवरलाल रोटावन ने कहा कि तहव्वुर राणा को फांसी के बाद दाऊद और हाफिज सईद का भी नंबर आएगा। उन्होंने कहा कि गोली लगने का दर्द अभी भी है। कई लोग मेरे सामने मारे गए थे, किसी ने क्या बिगाड़ा था। आतंकी को पकड़ने के बाद पहले उसकी पिटाई करो, फिर फांसी पर लटकाओ।
26/11 मुंबई आतंकवादी हमलों के मामले में अपनी गवाही के दौरान आतंकवादी अजमल कसाब की पहचान करने वाली प्रमुख गवाह और पीड़िता देविका नटवरलाल रोटावन ने कहा कि तहव्वुर राणा का भारत लाया जाना भारत सरकार के लिए एक बड़ी जीत है। हाफिज सईद, दाऊद इब्राहिम और पाकिस्तान में मौजूद अन्य आतंकवादी मास्टरमाइंडों को भी भारत लाया जाना चाहिए और उन्हें फांसी पर लटका देना चाहिए।