उम्मीद थी उड़ान की, हो गया क्रैश, आज किस खबर ने बिगाड़ा Stock Market का मूड?
Share Market News: इस सप्ताह की शुरुआत शेयर बाजार के लिए अच्छी दिखाई नहीं दे रही है। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान पर कारोबार कर रहे हैं।
Edited By News24 हिंदी

Edited By News24 हिंदी

Stock Market Update: शेयर बाजार में आज बड़ी गिरावट देखने को मिली है। मार्केट खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों धड़ाम हो गए हैं। शुरुआती कारोबार में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स में 500 अंकों से अधिक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) निफ्टी में 180 अंकों से अधिक की गिरावट आ चुकी थी, जो बाद में और बढ़ती चली गई। दोपहर साढ़े 12 बजे तक सेंसेक्स 652 अंक और निफ्टी 195 अंक नीचे आ गए थे।
आज मार्केट के लिए सबकुछ अच्छा नजर आ रहा था। दिल्ली चुनाव में भाजपा की शानदार जीत से मार्केट के उछाल के साथ खुलने की उम्मीद लगाई जा रही थी, इसके बावजूद सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान पर खुले हैं। इसकी एक बड़ी वजह अमेरिका से आ रही खबरें हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सभी स्टील और एल्युमीनियम आयातों पर मौजूदा मेटल ड्यूटी के अलावा 25% का नया टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। एक रिपोर्ट के अनुसार, कनाडा, ब्राजील और मैक्सिको अमेरिकी स्टील इंपोर्ट के सबसे बड़े स्रोत हैं, इसके बाद दक्षिण कोरिया और वियतनाम का नंबर आता है। ट्रंप की टैरिफ नीतियों को लेकर पूरी दुनिया चिंतित है, इसलिए इक्विटी मार्केट पर दबाव नजर आ रहा है।
इसके अलावा, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में आई गिरावट ने भी मार्केट को प्रभावित किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई टैरिफ नीति के कारण रुपया 10 फरवरी को डॉलर के मुकाबले 87.95 के नए निचले स्तर पर पहुंच गया है।
बाजार में गिरावट की एक वजह कंपनियों के दिसंबर तिमाही के नतीजे भी हैं। अधिकांश कंपनियों के नतीजे उम्मीद के अनुरूप नहीं रहे हैं। स्विगी जैसी कंपनियों के मुनाफे में कमी आई है। इससे भी निवेशकों का रुख प्रभावित हुआ है और मार्केट में कमजोरी बढ़ी है। इसके साथ ही विदेशी निवेशकों की बिकवाली चिंता का विषय बनी हुई है। फरवरी में अब तक विदेशी निवेशक 10,179.40 करोड़ की शुद्ध बिकवाली कर चुके हैं।
अधिकांश बैंक स्टॉक्स आज भी लाल निशान पर कारोबार कर रहे हैं। निफ्टी PSU बैंक इंडेक्स में दोपहर 12.30 बजे तक 1.12% की नरमी आ गई थी। हालांकि, SBI के शेयर फिलहाल हरे निशान पर चल रहे हैं। पिछले हफ्ते चमके मेटल स्टॉक्स का रुख भी आज नरम बना हुआ है। निफ्टी मेटल इंडेक्स 2.69% के नुकसान के साथ ट्रेड कर रहा है।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: