अगर आपके घर में भी रसोई गैस (LPG Cylinder) का इस्तेमाल होता है और आप हर महीने मिलने वाली सब्सिडी का फायदा उठाते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. 1 अक्टूबर 2026 यानी आज से सरकार ने एलपीजी सब्सिडी के नियमों में एक बड़ा और अहम बदलाव लागू कर दिया है.
नए नियम के मुताबिक, अगर आपको रेग्युलेटेड रेट पर सब्सिडी वाला गैस सिलेंडर चाहिए, तो आपका बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन (Biometric Aadhaar Authentication – BAA) पूरा होना अनिवार्य कर दिया गया है.
आधार ऑथेंटिकेशन न कराया तो सब्सिडी का क्या होगा?
क्या सिलेंडर मिलना बंद हो जाएगा? बिल्कुल नहीं. आपका गैस सिलेंडर मिलना बंद नहीं होगा. तो नुकसान क्या होगा? अगर आपकी ई-केवाईसी या बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन पूरा नहीं हुआ है, तो आपको सब्सिडी का पैसा नहीं मिलेगा. आपको सिलेंडर खरीदने के लिए मार्केट प्राइस यानी बिना सब्सिडी वाला दाम चुकाना पड़ेगा.
किन्हें दोबारा कराने की जरूरत नहीं है?
जिन ग्राहकों का बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन पहले ही पूरा हो चुका है, उन्हें दोबारा यह प्रक्रिया कराने की कोई जरूरत नहीं है.
कितने ग्राहकों ने पूरा किया ऑथेंटिकेशन?
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, 19 सितंबर तक देश के लगभग 27.43 करोड़ एक्टिव डोमेस्टिक ग्राहकों में से 89.9% का बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन पूरा हो चुका है. हालांकि, अभी भी करीब 10% ग्राहक ऐसे हैं जिनका यह काम बाकी है, इसलिए उनके लिए यह प्रक्रिया समय रहते पूरी करना बेहद जरूरी है.
घर बैठे या डिलीवरी के समय कैसे पूरा करें ऑथेंटिकेशन?
आधार ऑथेंटिकेशन पूरा करने के लिए हर ग्राहक को गैस एजेंसी के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है. आपके पास कई आसान विकल्प मौजूद हैं. जब डिलीवरी बॉय आपके घर सिलेंडर देने आए, तो आप उसके पास मौजूद बायोमेट्रिक स्कैनर से मौके पर ही ऑथेंटिकेशन करा सकते हैं. आप अपने संबंधित एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर के ऑफिस जाकर भी बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन करा सकते हैं.
मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे भी ये काम कर सकते हैं:
- Indane ग्राहक: IndianOil ONE ऐप का इस्तेमाल करें.
- Bharatgas ग्राहक: HelloBPCL ऐप डाउनलोड करें.
- HP Gas ग्राहक: HP PAY ऐप से प्रक्रिया पूरी करें.
क्यों बदला गया एलपीजी सब्सिडी का यह नियम?
सरकार के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सब्सिडी वाले घरेलू एलपीजी के गलत इस्तेमाल को रोकना है. इससे डुप्लीकेट और अयोग्य कनेक्शनों की पहचान होगी और सब्सिडी वाले सिलेंडरों के कमर्शियल या इंडस्ट्रियल इस्तेमाल पर लगाम लगेगी. यह अभियान अक्टूबर 2023 में शुरू हुआ था और इसकी डेडलाइन को बढ़ाकर 30 सितंबर 2026 किया गया था, जिसके बाद आज 1 अक्टूबर से नया नियम पूरी तरह लागू हो गया है.
अगर आप चाहते हैं कि आपके रसोई गैस की सब्सिडी बिना रुके आपके बैंक खाते में आती रहे, तो अपनी सुविधा के अनुसार आज ही मोबाइल ऐप से, डिस्ट्रीब्यूटर ऑफिस जाकर या अगले सिलेंडर की डिलीवरी के समय अपना बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन जरूर पूरा करा लें.