Chandra Gochar 2025: चंद्र ग्रह को ज्योतिष शास्त्र का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है, जो व्यक्ति की भावनाओं, स्वभाव और मानसिक स्थिति का प्रतिनिधित्व करता है। इसके अलावा कुंडली में चंद्र ग्रह की स्थिति को देखकर ये पता चल सकता है कि व्यक्ति का उसकी अपनी मां से कैसा रिश्ता है। दरअसल, चंद्र देव को माता का भी कारक माना जाता है। लेकिन जब-जब चंद्र ग्रह की जगह में परिवर्तन आता है, तब-तब लोगों के स्वभाव, विचार, मेंटल हेल्थ और माता संग रिश्ते में बदलाव आता है।
द्रिक पंचांग के अनुसार, बीते दिनों 29 जुलाई 2025 को सावन माह के तीसरे सोमवार पर देर रात 11 बजकर 59 मिनट पर चंद्र देव ने कन्या राशि में गोचर किया है। ग्रहों के राजकुमार बुध कन्या राशि के स्वामी हैं। ऐसे में चंद्र के अलावा बुध ग्रह का भी इस बार राशियों के जीवन पर गहरा प्रभाव पड़ेगा।
चंद्र गोचर का राशियों पर सकारात्मक प्रभाव
मिथुन राशि
चंद्र गोचर के कारण 28 जुलाई को मिथुन राशिवालों का 4वां भाव प्रभावित हुआ है, जो कि पारिवारिक सुख, संपत्ति और शिक्षा का होता है। ऐसे में उम्मीद है कि आने वाले दिनों में मिथुन राशिवालों के घर में खुशी का माहौल रहेगा और सभी रिश्तों में मजबूती आएगी। वहीं जो लोग शिक्षा से जुड़े क्षेत्रों में काम कर रहे हैं, उनके करियर में उछाल आएगा। जल्द आप उस जगह पर पहुंच जाएंगे, जिसका कभी आपने सपना देखा था। इसके अलावा संपत्ति में निवेश करने के लिए ये वक्त उपयुक्त है।
कन्या राशि
बीते दिनों हुए चंद्र गोचर से कन्या राशिवालों का 7वां भाव प्रभावित हुआ है। ज्योतिष शास्त्र में 7वां भाव जीवनसाथी, पार्टनरशिप और शादी का होता है। ऐसे में उम्मीद है कि आने वाले दिनों में सिंगल कन्या राशिवालों को अपना जीवनसाथी मिल जाएगा। वहीं जिन लोगों को अपना जीवनसाथी मिल चुका है, वो उनके साथ अच्छा समय बिताएंगे। इसके अलावा उन लोगों को भी कारोबार में लाभ होगा, जो साझेदारी में काम करते हैं। नई साझेदारी में काम करने के लिए भी ये समय उपयुक्त है।
धनु राशि
कन्या और मिथुन राशि के जातकों के साथ-साथ धनु राशिवालों को भी इस बार चंद्र देव की विशेष कृपा प्राप्त हुई है। बीते दिनों हुए चंद्र गोचर से धनु राशिवालों का 9वां भाव प्रभावित हुआ है, जो कि भाग्य, लंबी यात्रा, आध्यात्मिक ज्ञान और उच्च शिक्षा का होता है। ऐसे में संभावना है कि धनु राशिवालों को आने वाले दिनों में करियर में उच्च स्थान प्राप्त होगा। साथ ही उन्हें विदेश यात्रा करने का मौका मिलेगा। भाग्य का साथ मिलने के कारण कारोबारी और दुकानदारों की सोची हुई योजनाएं पूरी होंगी। इसके अलावा आध्यात्मिक ज्ञान की प्राप्ति होने से मानसिक शांति मिलेगी।
डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। News24 इसकी पुष्टि नहीं करता है।