गुजरात एटीएस और राजस्थान एटीएस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. एक संयुक्त और गुप्त ऑपरेशन के दौरान, दोनों राज्यों की पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए 5 किलो मेथाम्फेटामाइन (Methamphetamine) जब्त की है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब ₹25 करोड़ आंकी गई है.
सूत्रों के अनुसार, गुजरात ATS को सीमा पार से नशीले पदार्थों की खेप आने की गुप्त सूचना मिली थी. इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए राजस्थान ATS के साथ मिलकर एक टीम बनाई गई. बनासकांठा जैसलमेर हाईवे पर सघन नाकेबंदी की गई. इस दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर जब तलाशी ली गई, तो उसमें से ड्रग्स के पैकेट बरामद हुए.
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनकी पहचानशंकरराम और सलमान के तौर पर हुई है . प्राथमिक पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. बताया जा रहा है कि ड्रग्स की यह खेप पाकिस्तान से तस्करी कर भारत लाई गई थी. तस्करों का इरादा इसे देश के अलग-अलग हिस्सों में सप्लाई करने का था.
एटीएस अधिकारी ने कहा फिलहाल पुलिस आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस पूरे सिंडिकेट की जड़ों तक पहुँचा जा सके. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पाकिस्तान में बैठा इनका मुख्य हैंडलर कौन है और भारत में यह खेप किन लोगों को पहुंचाई जानी थी.










