Train Wedding Video: शादी के लिए बुक किया पूरा कोच, इंटरनेट पर धूम मचा रहा ट्रेन का वीडियो

Train Wedding Viral Video: शादी के जश्न के लिए एक परिवार ने पूरी ट्रेन बोगी बुक कर उसे ‘चलती-फिरती बारात’ बना दिया. सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो ने इंटरनेट पर धूम मचा दिया है.

Train Wedding Viral Video

भारतीय रेलवे के एक कोच में शादी के जश्न का एक अनोखा वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक परिवार ने पूरी ट्रेन बोगी को ही ‘चलती-फिरती बारात’ में बदल दिया है. वीडियो की शुरुआत में परिवार का एक सदस्य कोच की नेमप्लेट पर फूलों की माला और मेहमानों के स्वागत का पोस्टर लगाता नजर आता है. पूरे डिब्बे में ढोल-नगाड़ों की थाप पर बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक नाचते-गाते दिख रहे हैं. इस दौरान होने वाली दुल्हन को केक काटते हुए दिखाया गया है और पूरा परिवार उसे घेरकर खुशियां मना रहा है. बोगी में कंबल और बक्सों की कतारें भी लगी हैं जो मुमकिन है कि मायरा या भात की रस्म के लिए ले जाए जा रहे हों.

विज्ञापन

मस्ती के बीच टिकट चेकर की चुनौती

इस पूरे शोर-शराबे और डांस के बीच एक टिकट कलेक्टर यानी टीटीई भी अपना काम करने की कोशिश करता नजर आ रहा है. भीड़भाड़ वाले कोच में रास्ता बनाते हुए टीटीई भी इस माहौल को देखकर मुस्कुराए बिना नहीं रह सका और मुस्कुराते हुए अपना काम पूरा किया. कोच के भीतर का नजारा किसी धर्मशाला जैसा लग रहा है जहां हंसी-मजाक और गानों का दौर जारी है. वीडियो के वायरल होते ही इंटरनेट पर लोगों की राय दो हिस्सों में बंट गई है. कई लोग इस तरह साथ मिलकर सफर करने और भारतीय संस्कृति के अनोखे जश्न की तारीफ कर रहे हैं. कुछ यूजर्स ने इसे ‘सॉफ्ट पावर’ की जीत बताया है और पुराने दिनों की यादें ताजा होने की बात कही है.

विज्ञापन

सोशल मीडिया पर भिड़े यूजर्स

जहां एक तरफ लोग इस जश्न को एकता और प्यार का प्रतीक मान रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग सार्वजनिक शिष्टाचार पर सवाल उठा रहे हैं. एक यूजर ने लिखा कि साथ मिलकर सफर करना मजेदार है और यह एक सस्ता और अच्छा तरीका है. वहीं कुछ अन्य लोगों का कहना है कि भले ही पूरा कोच बुक किया गया हो, लेकिन क्या सार्वजनिक परिवहन में इतना शोर मचाना सही है. कुछ यूजर्स ने आम यात्रियों की परेशानी का जिक्र करते हुए कहा कि जहां लोग एक सीट के लिए संघर्ष कर रहे हैं, वहां निजी पार्टियों के लिए पूरा कोच बुक करना कितना जायज है. सोशल मीडिया पर इसे ‘चलती-फिरती धर्मशाला’ और ‘पब्लिक डिस्टरबेंस’ के बीच की जंग बताया जा रहा है.

विज्ञापन

कैसे बुक होता है ट्रेन का पूरा कोच?

भले ही इस पर बहस छिड़ी हो, लेकिन भारतीय रेलवे में पूरा कोच बुक करना पूरी तरह कानूनी है. आईआरसीटीसी के फुल टैरिफ रेट यानी एफटीआर सिस्टम के जरिए कोई भी व्यक्ति शादी या किसी खास मौके के लिए पूरी ट्रेन या कोच बुक कर सकता है. इसके लिए यात्रा से छह महीने पहले रजिस्ट्रेशन कराना होता है और करीब 50 हजार रुपये प्रति कोच की सिक्योरिटी राशि जमा करनी पड़ती है. यह सुविधा ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से उपलब्ध है जिसका इस्तेमाल इस परिवार ने अपनी शादी की यात्रा को यादगार बनाने के लिए किया है. हालांकि रेलवे की इस सर्विस का इस्तेमाल करते समय दूसरों की सुविधा का ध्यान रखना भी जरूरी माना जाता है.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Raja Alam

Raja Alam

राजा आलम वर्तमान में News 24 हिंदी (B.A.G. Network) में सीनियर सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता में चार वर्षों के अनुभव के साथ नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर बारीकी से लेखन कर रहे हैं. पत्रकारिता की नींव देश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU), अलीगढ़ से रखी, जहां से राजा आलम ने पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद, हिंदी लेखन में गहराई को और विस्तार दिया जब राजा ने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से हिंदी साहित्य में एम.ए. की डिग्री प्राप्त की. हर रोज़ कुछ नया सीखना और पाठकों तक सही, निष्पक्ष और भरोसेमंद खबर पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य रहा है. राजा के लेखन में आपको पत्रकारिता की गंभीरता के साथ-साथ पाठकों से जुड़ने वाली सरल भाषा और कंटेंट की विविधता दोनों मिलेंगे.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ